बाराबंकी के बेलहरा में 4 वर्षीय मासूम की सड़क हादसे में मौत के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने शव रखकर प्रदर्शन किया।
पुलिस और महिलाओं के बीच धक्का-मुक्की तथा थाना प्रभारी से तीखी नोकझोंक के बाद कई घंटे तक हंगामा चलता रहा।

बाराबंकी, उत्तर प्रदेश | 13 जून 2026
उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले के मोहम्मदपुर खाला थाना क्षेत्र अंतर्गत नगर पंचायत बेलहरा के जंगरा वार्ड में चार वर्षीय मासूम की सड़क हादसे में मौत के बाद शुक्रवार को जमकर हंगामा हुआ। पोस्टमार्टम के बाद शव घर पहुंचते ही परिजन और ग्रामीण आक्रोशित हो गए तथा आरोपी बाइक चालक की गिरफ्तारी की मांग को लेकर अंतिम संस्कार करने से इंकार कर दिया। इस दौरान शव को सड़क पर रखकर प्रदर्शन किया गया।
प्रदर्शन के दौरान पुलिस और ग्रामीणों के बीच तीखी नोकझोंक हुई। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि मौके पर पहुंचे थाना प्रभारी ने प्रदर्शन कर रहे लोगों पर मुकदमा दर्ज कर जेल भेजने की चेतावनी दी, जिससे लोगों का गुस्सा और बढ़ गया। वहीं महिलाओं और पुलिसकर्मियों के बीच धक्का-मुक्की की स्थिति भी उत्पन्न हो गई। कई घंटों तक चले तनाव और हंगामे के बाद प्रशासनिक आश्वासन पर मामला शांत हुआ और मासूम का अंतिम संस्कार कराया गया।
गुरुवार को सड़क हादसे में गई थी 4 वर्षीय प्रियांशु की जान
जानकारी के अनुसार, नगर पंचायत बेलहरा के जंगरा वार्ड निवासी विनोद चौहान गुरुवार शाम घर से कुछ दूरी पर मेंथा की पेराई का कार्य कर रहे थे। इसी दौरान उनका चार वर्षीय पुत्र प्रियांशु खेलते-खेलते बेलहरा-छेदा मार्ग पर पहुंच गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक उसी समय बेलहरा की ओर से आ रही एक तेज रफ्तार बाइक ने मासूम को जोरदार टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल बच्चे को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था।

पोस्टमार्टम के बाद शव पहुंचते ही भड़का ग्रामीणों का गुस्सा
शुक्रवार दोपहर पोस्टमार्टम के बाद जब मासूम का शव घर पहुंचा तो परिजन और ग्रामीण आक्रोशित हो गए। उनका कहना था कि हादसे के जिम्मेदार बाइक चालक की गिरफ्तारी के बिना अंतिम संस्कार नहीं किया जाएगा।
घंटों तक प्रशासन और ग्रामीणों के बीच वार्ता का दौर चलता रहा, लेकिन सहमति नहीं बन सकी। इसके बाद सैकड़ों महिलाएं और ग्रामीण शव लेकर सड़क की ओर बढ़ने लगे।

पुलिस और महिलाओं के बीच धक्का-मुक्की, सड़क पर रखा गया शव
ग्रामीणों के अनुसार जब महिलाएं और परिजन शव लेकर बेलहरा-छेदा मार्ग की ओर बढ़ रहे थे, तब पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया। इसी दौरान पुलिस और महिलाओं के बीच नोकझोंक हुई और धक्का-मुक्की की स्थिति बन गई।
इसके बाद प्रदर्शनकारियों ने सड़क पर शव रखकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया, जिससे क्षेत्र में तनावपूर्ण माहौल बन गया। घटना की सूचना मिलते ही अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर बुलाया गया।

थाना प्रभारी और ग्रामीणों के बीच तीखी बहस
प्रदर्शन की सूचना पर मोहम्मदपुर खाला थाना प्रभारी अमित सिंह भदौरिया भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। इस दौरान थाना प्रभारी और ग्रामीणों के बीच तीखी बहस और कहासुनी हुई।
ग्रामीणों का आरोप है कि प्रदर्शन समाप्त न करने पर उन्हें मुकदमा दर्ज कर जेल भेजने की चेतावनी दी गई। हालांकि पुलिस ने लोगों को समझाने और स्थिति नियंत्रित करने का प्रयास किया।
कार्रवाई के आश्वासन के बाद हुआ अंतिम संस्कार
कई घंटों तक चले गतिरोध के बाद पुलिस और प्रशासन ने परिजनों को आरोपी की तलाश और आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद परिजन अंतिम संस्कार के लिए राजी हुए और मासूम प्रियांशु का अंतिम संस्कार कराया गया।
पूरे घटनाक्रम के दौरान क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात रहा और प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए रहा।
रिपोर्ट – नीरज निगम











