Barabanki: बड्डूपुर थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार डंपर की टक्कर से घायल हुए होमगार्ड जवान राम मिलन वर्मा की लखनऊ ट्रामा सेंटर में इलाज के दौरान मौत हो गई।
पुलिस ने डंपर को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

बाराबंकी, उत्तर प्रदेश | 11 मार्च 2026
उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले के बड्डूपुर थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार डंपर की टक्कर से घायल हुए होमगार्ड जवान की इलाज के दौरान मौत हो गई। हादसे के बाद इलाके में शोक का माहौल है।
घटना उस समय हुई जब होमगार्ड जवान सड़क पार कर रहे थे और तेज रफ्तार डंपर ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी थी।

साप्ताहिक बाजार से सब्जी खरीदकर लौट रहे थे होमगार्ड
चौराहे पर सड़क पार करते समय हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार ममरखापुर गांव निवासी राम मिलन वर्मा होमगार्ड के पद पर घुंघटेर थाने में तैनात थे।
बताया जा रहा है कि बुधवार को वह बड्डूपुर के साप्ताहिक बाजार में सब्जी खरीदने के लिए अपनी बाइक से आए थे। खरीदारी के बाद जब वह वापस घर लौट रहे थे, तभी चौराहे पर सड़क पार करते समय तेज रफ्तार डंपर ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी।

हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
लखनऊ ट्रामा सेंटर में इलाज के दौरान तोड़ा दम
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल होमगार्ड को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में भर्ती कराया गया।
डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत गंभीर देखते हुए लखनऊ ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

पुलिस ने डंपर को कब्जे में लेकर शुरू की जांच
थानाध्यक्ष मनोज सोनकर ने बताया कि हादसे में शामिल डंपर को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है और मामले की जांच की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि घटना से संबंधित सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्ट – ललित राजवंशी














