Barabanki

Barabanki: टंकी फुल कराई और बिना पैसे दिए भाग निकला कार चालक, 10 दिन में तीसरी वारदात; शिकायत के बावजूद नहीं दर्ज हुई FIR, पेट्रोल पंप संचालकों में आक्राेश

SHARE:

Barabanki News: बाराबंकी के कुर्सी क्षेत्र के बहरौली में कार चालक टंकी फुल कराने के बाद बिना भुगतान किए फरार हो गया।

10 दिन में पेट्रोल पंप पर तीसरी ऐसी घटना से पेट्रोल पंप संचालकों में आक्रोश।

बाराबंकी, उत्तर प्रदेश | 01 सितंबर 2026

उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले में पेट्रोल पंपों पर तेल भरवाकर बिना भुगतान किए फरार होने का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। कुर्सी थाना क्षेत्र के बहरौली स्थित जियो बीपी पेट्रोल पंप पर सोमवार देर रात ऐसी ही एक घटना सामने आई, जहां सफेद रंग की कार में सवार चालक ने पहले टंकी फुल कराई और पेट्रोल भरने के बाद बिना भुगतान किए कार दौड़ाकर फरार हो गया।

पंप कर्मचारियों ने वाहन को रोकने और पीछा करने का प्रयास किया, लेकिन कार सवार लखनऊ की ओर भाग निकला। पूरी घटना पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। वाहन का नंबर कैमरे में स्पष्ट दिखाई देने की बात कही जा रही है।

सबसे चिंताजनक बात यह है कि स्थानीय पेट्रोल पंप संचालकों के मुताबिक पिछले करीब दस दिनों में तेल भरवाने के बाद बिना भुगतान किए भागने की यह तीसरी घटना है। इससे पेट्रोल पंप संचालकों में नाराजगी बढ़ रही है।

टंकी फुल कराई, नोजल हटते ही कार लेकर भागा

लखनऊ के गुडंबा निवासी उपेंद्र कुमार बहरौली स्थित जियो बीपी पेट्रोल पंप पर मैनेजर के पद पर कार्यरत हैं। उन्होंने बताया कि सोमवार रात देवा निवासी सेल्समैन आयुष नाइट ड्यूटी पर था।

यह भी पढ़ें  Barabanki:  हजारों जरूरतमंदों को ठंड से बचाव के लिए वितरित किए कंबल, ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि ने स्व0 पिता की याद में आयोजित किया कार्यक्रम

रात करीब 2 बजे सफेद रंग की एक कार पेट्रोल पंप पर पहुंची। कार चालक ने कर्मचारी से टंकी फुल करने के लिए कहा। कर्मचारी ने कार में पेट्रोल भर दिया।

बताया गया कि जैसे ही सेल्समैन ने नोजल हटाया, चालक ने अचानक कार स्टार्ट की और तेज रफ्तार में पेट्रोल पंप से निकल गया। कर्मचारी ने वाहन को रोकने की कोशिश की, लेकिन कार चालक नहीं रुका।

पंप कर्मचारियों ने कुछ दूरी तक कार का पीछा भी किया, लेकिन चालक लखनऊ की ओर भागने में सफल रहा।

चेहरे CCTV में नहीं दिखे, लेकिन वाहन नंबर साफ

पेट्रोल पंप मैनेजर के मुताबिक, सीसीटीवी फुटेज में कार चालक और उसके साथ बैठे लोगों के चेहरे स्पष्ट दिखाई नहीं दे रहे हैं। हालांकि, वाहन का नंबर कैमरे में साफ दिखाई दे रहा है।

ऐसे में पुलिस के लिए वाहन नंबर के आधार पर कार मालिक और चालक तक पहुंचना अहम सुराग साबित हो सकता है।

10 दिन में पेट्रोल पंप पर तीसरी वारदात

पेट्रोल पंप संचालकों का कहना है कि बहरौली इलाके में यह कोई पहली घटना नहीं है। पिछले करीब दस दिनों में पेट्रोल भरवाकर बिना भुगतान किए फरार होने की तीन घटनाएं सामने आ चुकी हैं।

17 अगस्त को बिना नंबर की कार लेकर भागे

बहरौली स्थित श्याम फीलिंग स्टेशन पर 17 अगस्त की रात एक बिना नंबर की कार में तेल भरवाने के बाद चालक बिना भुगतान किए फरार हो गया था।

यह भी पढ़ें  Barabanki: मरीज रेफर करने पर जिला अस्पताल में हंगामा, CUG फोन तोड़ा; डॉक्टरों व स्टाफ से भी अभद्रता

पंप संचालक की ओर से घटना की जानकारी पुलिस को दी गई थी।

27 अगस्त को स्कॉर्पियो चालक ने दोहराई वारदात

इसके बाद 27 अगस्त को भी श्याम फीलिंग स्टेशन पर स्कॉर्पियो चालक तेल भरवाने के बाद बिना भुगतान किए वाहन लेकर भाग गया।

इन दोनों घटनाओं में भी पंप संचालक द्वारा स्थानीय थाने में तहरीर दिए जाने की बात कही गई है।

पंप संचालक का आरोप-तहरीर के बाद भी नहीं हुई कार्रवाई

श्याम फीलिंग स्टेशन बहरौली के संचालक एवं पूर्व ब्लॉक प्रमुख चंद्रशेखर गुप्ता ने पुलिस की कार्रवाई को लेकर नाराजगी जताई है।

उन्होंने कहा कि पेट्रोल पंपों पर लगातार ऐसी घटनाएं हो रही हैं। घटनाओं के सीसीटीवी फुटेज और तहरीर पुलिस को उपलब्ध कराए जाने के बावजूद अभी तक किसी घटना का राजफाश नहीं हो सका है।

चंद्रशेखर गुप्ता का आरोप है कि 18 और 27 अगस्त की घटनाओं को लेकर तहरीर देने के बाद भी 15 दिन से अधिक समय बीतने के बावजूद मुकदमा दर्ज नहीं किया गया। उनका कहना है कि कार्रवाई में देरी के कारण इस तरह की घटनाओं को अंजाम देने वालों के हौसले बढ़ रहे हैं।

उन्होंने कहा कि मामले को अब उच्च अधिकारियों के समक्ष रखा जाएगा, ताकि पेट्रोल पंपों पर लगातार हो रही ऐसी घटनाओं पर प्रभावी कार्रवाई हो सके।

यह भी पढ़ें  Barabanki: जनपद न्यायाधीश की अध्यक्षता में मिनी मैराथन का आयोजन, जन-जन तक पहुंचाया गया नशा मुक्त भारत का संकल्प 

लगातार वारदातों से पेट्रोल पंप संचालकों में आक्रोश

एक के बाद एक सामने आ रही घटनाओं ने पेट्रोल पंप संचालकों की चिंता बढ़ा दी है। संचालकों का कहना है कि यदि सीसीटीवी फुटेज और वाहन नंबर जैसे सुराग मिलने के बाद भी समय रहते कार्रवाई नहीं होती है तो ऐसे मामलों पर अंकुश लगाना मुश्किल होगा।

फिलहाल जियो बीपी पेट्रोल पंप पर हुई ताजा घटना में सीसीटीवी फुटेज और वाहन नंबर पुलिस के लिए महत्वपूर्ण सुराग माने जा रहे हैं। पुलिस जांच के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि वारदात में कौन लोग शामिल थे और वाहन किसके नाम पंजीकृत है।

रिपोर्ट – ललित राजवंशी 

संबंधित खबरें
Kamran Alvi
Author: Kamran Alvi

22820
🗳️ जनता की राय | यूपी 2027

2027 में आप किसे उत्तर प्रदेश का मुख्यमंत्री बनाना चाहते हैं?

सबसे ज्यादा पढ़ी गई