Barabanki News: मोहम्मदपुर खाला पुलिस की मुठभेड़ में लूट का आरोपी दलबाग उर्फ सोनू घायल गिरफ्तार।
पुलिस ने दो लूटे मोबाइल, तमंचा, कारतूस और बाइक बरामद की।

बाराबंकी, उत्तर प्रदेश | 16 अगस्त 2026
उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के दौरान मोहम्मदपुर खाला पुलिस की एक संदिग्ध अपराधी से मुठभेड़ हो गई। पुलिस के मुताबिक, चेकिंग के दौरान बाइक सवार संदिग्ध ने रुकने के बजाय भागने की कोशिश की और पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
पुलिस ने घायल आरोपी के कब्जे से लूट के दो मोबाइल फोन, अवैध .315 बोर का तमंचा, एक जिंदा और एक खोखा कारतूस तथा मोटरसाइकिल बरामद करने का दावा किया है।
कठोलिया पुल के पास मिली संदिग्ध की सूचना, पुलिस ने की घेराबंदी
पुलिस के अनुसार, 15 अगस्त 2026 की रात मोहम्मदपुर खाला पुलिस टीम वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी और आपराधिक घटनाओं की रोकथाम के लिए क्षेत्र में गश्त एवं चेकिंग कर रही थी।
इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि कठोलिया पुल से छेदा रोड के पास एक संदिग्ध आपराधिक व्यक्ति मौजूद है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने इलाके में चेकिंग और घेराबंदी शुरू कर दी।
इसी दौरान एक व्यक्ति मोटरसाइकिल से आता दिखाई दिया। पुलिस टीम ने उसे रुकने का इशारा किया, लेकिन पुलिस के मुताबिक वह बाइक मोड़कर भागने लगा।

बाइक फिसली तो पुलिस पर करी फायरिंग
पुलिस का कहना है कि भागने के दौरान संदिग्ध की मोटरसाइकिल फिसल गई। इसके बाद उसने गिरफ्तारी से बचने के लिए कथित तौर पर पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी।
पुलिस टीम ने आत्मरक्षार्थ जवाबी फायरिंग की। इस दौरान संदिग्ध के पैर में गोली लग गई और वह घायल होकर गिर पड़ा।
पुलिस ने उसे तत्काल हिरासत में लेकर उपचार के लिए सीएचसी फतेहपुर भेजा।

दलबाग उर्फ सोनू के रूप में हुई घायल आरोपी की पहचान
पुलिस के मुताबिक घायल गिरफ्तार आरोपी की पहचान दलबाग उर्फ सोनू पुत्र जसकरन, निवासी नाउनबाग मजरे टिकठा, थाना रामपुर मथुरा, जनपद सीतापुर के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार दलबाग उर्फ सोनू मोहम्मदपुर खाला थाने में दर्ज लूट के मुकदमे और रामनगर थाने में दर्ज एक अन्य लूट के मामले में वांछित था।
इन मामलों में था वांछित
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी के खिलाफ:
- मु0अ0सं0 380/2026, धारा 309(4)/317(2) BNS, थाना मोहम्मदपुर खाला, बाराबंकी
- मु0अ0सं0 348/2026, धारा 309(4) BNS, थाना रामनगर, बाराबंकी
में मुकदमे दर्ज हैं।
लूट के 2 मोबाइल और तमंचा बरामद
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से निम्न सामान बरामद करने का दावा किया है:
- लूट के दो मोबाइल फोन
- एक अवैध .315 बोर का तमंचा
- एक जिंदा .315 बोर कारतूस
- एक खोखा .315 बोर कारतूस
- मोटरसाइकिल संख्या UP 34 CD 4724
बरामदगी के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
आरोपी का आपराधिक इतिहास
पुलिस के अनुसार दलबाग उर्फ सोनू के खिलाफ सीतापुर और बाराबंकी के अलग-अलग थानों में पहले से कई मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस रिकॉर्ड में वर्ष 2019, 2024 और 2025 में थाना रामपुर मथुरा, सीतापुर में दर्ज मुकदमों का भी उल्लेख है। इसके अलावा वर्ष 2026 में बाराबंकी के मोहम्मदपुर खाला और रामनगर थानों में दर्ज लूट के मुकदमों में भी उसका नाम सामने आया है।
पुलिस अब आरोपी से पूछताछ के आधार पर उसके अन्य साथियों और लूट की घटनाओं से जुड़े संभावित नेटवर्क के बारे में जानकारी जुटा रही है।
रिपोर्ट – मंसूफ अहमद / अली चांद












