बाराबंकी के सिद्धार्थ नगर में पुलिस ने कथित देह व्यापार और मादक पदार्थों के कारोबार का भंडाफोड़ किया।
छापेमारी में 285 कंडोम, 245 ग्राम गांजा, 59 शीशी कोडीन सिरप और 7 मोबाइल फोन बरामद हुए।
तीन महिलाओं समेत चार आरोपी गिरफ्तार।

बाराबंकी, उत्तर प्रदेश | 20 जून 2026
उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत नगर कोतवाली पुलिस और महिला थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सिद्धार्थ नगर क्षेत्र में संचालित कथित देह व्यापार और मादक पदार्थों के अवैध कारोबार का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने छापेमारी के दौरान तीन महिलाओं और एक पुरुष को गिरफ्तार किया है। मौके से 285 कंडोम, गांजा, कोडीन युक्त कफ सिरप, मोबाइल फोन और नकदी समेत बड़ी मात्रा में आपत्तिजनक सामग्री बरामद हुई है।
पुलिस की इस कार्रवाई से पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। अधिकारियों का दावा है कि यह गिरोह लंबे समय से संगठित तरीके से अवैध गतिविधियों का संचालन कर रहा था।
मैनुअल इंटेलिजेंस के आधार पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई
क्षेत्राधिकारी नगर संगम कुमार एवं क्षेत्राधिकारी रामनगर गरिमा पंत के नेतृत्व में गठित संयुक्त पुलिस टीम ने मैनुअल इंटेलिजेंस के आधार पर सिद्धार्थ नगर स्थित एक मकान पर छापेमारी की। जांच के दौरान पुलिस को ऐसे साक्ष्य मिले जिनसे संकेत मिला कि मकान में संगठित रूप से अनैतिक देह व्यापार संचालित किया जा रहा था।
पुलिस के अनुसार ग्राहकों से संपर्क स्थापित करने के लिए मोबाइल फोन का इस्तेमाल किया जाता था। साथ ही अधिक आर्थिक लाभ कमाने के उद्देश्य से ग्राहकों को नशीले पदार्थ भी उपलब्ध कराए जाते थे।
285 कंडोम और नशीले पदार्थों की बरामदगी बनी चर्चा का विषय
पुलिस छापेमारी के दौरान भारी मात्रा में सामग्री बरामद हुई, जिसमें 285 कंडोम सबसे अधिक चर्चा का विषय बने हुए हैं। इसके अलावा गांजा, कोडीन युक्त सिरप और अन्य वस्तुएं भी बरामद की गईं।
पुलिस द्वारा बरामद सामग्री
- 285 कंडोम
- 07 मोबाइल फोन
- 59 शीशी कोडीन युक्त सिरप (AYUREX)
- 245 ग्राम गांजा
- 58 हेल्दी न्यूट्रिशन पैकेट (GOOD MONK)
- ₹1,600 नकद
पुलिस का मानना है कि बरामद सामग्री अवैध गतिविधियों के संचालन में उपयोग की जा रही थी। सभी सामान को कब्जे में लेकर जांच के लिए भेज दिया गया है।
तीन महिलाएं और एक पुरुष गिरफ्तार
पुलिस ने कार्रवाई के दौरान निम्न आरोपियों को गिरफ्तार किया है:
- उमादेवी पत्नी स्व. रामलखन मौर्य
- गुड्डून देवी पत्नी चंकी
- शिल्पी मौर्या पत्नी प्रदीप मौर्या
- दिनेश मौर्या पुत्र स्व. रामलखन मौर्य
सभी आरोपी विशाल मेगा मार्ट के सामने सिद्धार्थ नगर, थाना कोतवाली नगर, जनपद बाराबंकी के निवासी बताए जा रहे हैं।
एनडीपीएस एक्ट और अनैतिक व्यापार अधिनियम में मुकदमा दर्ज
गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध थाना कोतवाली नगर में मु0अ0सं0 468/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट एवं स्त्रियों एवं कन्याओं का अनैतिक व्यापार दमन अधिनियम (SITA) की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है तथा इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी
पुलिस अब मोबाइल फोन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों की जांच कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि इस कथित नेटवर्क से और कौन-कौन लोग जुड़े हुए थे। अधिकारियों के अनुसार मामले के हर पहलू की गहनता से जांच की जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
रिपोर्ट – मंसूफ अहमद / उस्मान अली











