बाराबंकी के हैदरगढ़ में दर्दनाक हादसा। सड़क किनारे खड़े ट्रक का टायर फटने से 69 वर्षीय ट्रक मालिक शिव नारायण बाजपेई की मौत हो गई।
टायर में हवा के दबाव से हुए धमाके में वह करीब 50 मीटर दूर जा गिरे। घटना से क्षेत्र में शोक की लहर।

बाराबंकी, उत्तर प्रदेश | 13 जून 2026
उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले के हैदरगढ़ कोतवाली क्षेत्र में शनिवार को एक दर्दनाक हादसे में ट्रक मालिक की मौत हो गई। चीनी मिल के सामने सड़क किनारे खड़े ट्रक का टायर अचानक तेज धमाके के साथ फट गया, जिसकी चपेट में आने से 69 वर्षीय ट्रक मालिक शिव नारायण बाजपेई गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर एकत्र हो गए।
पंचर की जांच के दौरान हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, लोनी कटरा थाना क्षेत्र के कान्हीपुर गांव निवासी शिव नारायण बाजपेई ट्रांसपोर्ट व्यवसाय से जुड़े थे। उनके ट्रक में लदा गेहूं राज्य भंडारण निगम के गोदाम में उतारा गया था। इसी दौरान ट्रक चालक ने उन्हें फोन कर बताया कि वाहन का एक टायर कट गया है।
सूचना मिलने पर शिव नारायण बाजपेई मौके पर पहुंचे और पंचर बनाने वाले अनवर को बुलाकर टायर की जांच कराई। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि टायर का एक हिस्सा फट गया था और ट्यूब का कुछ भाग बाहर निकल आया था।
ट्यूब को देखते समय हुआ धमाका
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पंचर मिस्त्री ने बताया कि टायर कुछ ही देर में ठीक हो जाएगा। इसी दौरान शिव नारायण बाजपेई टायर के फटे हिस्से से बाहर निकले ट्यूब को देख रहे थे और उस पर हाथ फेर रहे थे। तभी अचानक टायर तेज धमाके के साथ फट गया।
धमाका इतना शक्तिशाली था कि शिव नारायण बाजपेई कई फीट उछलकर करीब 50 मीटर दूर सड़क किनारे खंती में जा गिरे। घटना को देखकर आसपास मौजूद लोगों और दुकानदारों में हड़कंप मच गया।
अस्पताल पहुंचने से पहले ही हो चुकी थी हालत गंभीर
हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने घायल शिव नारायण बाजपेई को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) हैदरगढ़ पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही परिजन भी अस्पताल पहुंच गए, जिसके बाद परिवार में कोहराम मच गया।
पुलिस ने पंचनामा भरकर शव परिजनों को सौंपा
सूचना मिलने पर हैदरगढ़ पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू की। परिजनों ने पुलिस से अनुरोध किया कि शव का पोस्टमार्टम न कराया जाए। इसके बाद पुलिस ने पंचनामा भरने की प्रक्रिया पूरी कर शव परिजनों को सौंप दिया।
इस हादसे से क्षेत्र में शोक की लहर है और लोग इसे बेहद दुर्भाग्यपूर्ण घटना बता रहे हैं।
रिपोर्ट – मंसूफ अहमद











