Barabanki

बाराबंकी में हाईवोल्टेज ड्रामा: प्रेम प्रसंग के विवाद में महिला ने ग्राम प्रधान को सड़क पर पीटा, कंपनी बाग में घंटों चला हंगामा

SHARE:

बाराबंकी के कंपनी बाग में प्रेम प्रसंग और कथित धोखाधड़ी के आरोपों को लेकर महिला ने ग्राम प्रधान की सड़क पर पिटाई कर दी।

लिव-इन रिलेशनशिप, गर्भपात और धमकी के आरोपों के बीच पुलिस मामले की जांच में जुटी।

बाराबंकी, उत्तर प्रदेश | 30 मई 2026

उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले के नगर कोतवाली क्षेत्र स्थित कंपनी बाग इलाके में शनिवार शाम उस समय हाईवोल्टेज ड्रामा देखने को मिला, जब प्रेम प्रसंग और कथित धोखाधड़ी के आरोपों को लेकर एक महिला ने समाजवादी पार्टी से जुड़े एक ग्राम प्रधान की बीच सड़क पर जमकर पिटाई कर दी। घटना के दौरान मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई और काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। मामले की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।

महिला का आरोप है कि ग्राम प्रधान ने पहले से विवाहित होने के बावजूद उसे अपने प्रेमजाल में फंसाया, लंबे समय तक लिव-इन रिलेशनशिप में रखा और गर्भवती होने पर जबरन गर्भपात भी करा दिया। इसके बाद विवाह की बात करने पर उसने किनारा कर लिया और विरोध करने पर धमकियां दी जाने लगीं।

आशा बहू ने लगाया धोखे और शोषण का आरोप

आवास विकास कॉलोनी निवासी मंजू ने बताया कि उनका पहले पति से तलाक हो चुका है। वह आशा बहू के रूप में कार्य कर अपने 9 वर्षीय बेटे और वृद्ध मां का पालन-पोषण कर रही हैं। मंजू के अनुसार, कार्य के सिलसिले में उनका संपर्क मोहम्मदपुर खाला थाना क्षेत्र की ग्राम पंचायत कसौंजा के प्रधान अनिल यादव से हुआ था।

यह भी पढ़ें  Barabanki News: पेशी पर आया हत्या का आरोपी न्यायिक अभिरक्षा से हुआ फरार, सिविल कोर्ट परिसर में मचा हड़कंप

महिला का आरोप है कि अनिल यादव ने स्वयं को भरोसेमंद बताते हुए उनसे नजदीकियां बढ़ाईं और बाद में उन्हें अपने साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रहने के लिए राजी कर लिया। महिला का कहना है कि इस दौरान वह गर्भवती हो गई थीं, लेकिन अनिल यादव ने उन पर दबाव बनाकर गर्भपात करा दिया।

विवाह की बात उठी तो गांव लौट गया प्रधान, महिला ने दर्ज कराई शिकायत

मंजू का आरोप है कि जब उन्हें यह एहसास हुआ कि अनिल यादव पहले से विवाहित हैं और उन्होंने विवाह की बात की, तो वह उनसे दूरी बनाने लगे। महिला के मुताबिक, विवाह का दबाव बढ़ने पर ग्राम प्रधान अपने गांव लौट गया और संपर्क कम कर दिया।

पीड़िता ने बताया कि इसके बाद उसने कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू की। महिला का आरोप है कि शिकायत करने से नाराज होकर 23 अप्रैल 2026 को उसकी वृद्ध मां के साथ मारपीट की गई तथा उसके चाचा को फोन कर जान से मारने की धमकी दी गई।

यह भी पढ़ें  Barabanki: नुक्कड़ नाटक से लोगों को रोड सेफ़्टी नियमों के प्रति किया जागरूक, हेलमेट-सीट बेल्ट व सुरक्षित ड्राइविंग का दिया संदेश

पुलिस चौकी में शिकायत के बावजूद नहीं पहुंचा आरोपी

महिला ने बताया कि उसने पूरे मामले की शिकायत आवास विकास पुलिस चौकी में की थी। आरोप है कि चौकी प्रभारी द्वारा बुलाए जाने के बावजूद ग्राम प्रधान अनिल यादव पूछताछ के लिए उपस्थित नहीं हुआ।

पीड़िता का दावा है कि आरोपी का राजनीतिक प्रभाव होने के कारण उसे संरक्षण मिल रहा है। महिला ने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी से जुड़े कुछ लोग भी आरोपी का बचाव करने का प्रयास कर रहे हैं।

कंपनी बाग में आमना-सामना होते ही भड़की महिला

शनिवार को महिला को जानकारी मिली कि अनिल यादव कंपनी बाग क्षेत्र में मौजूद है। सूचना मिलते ही वह मौके पर पहुंच गई। महिला को देखते ही कथित तौर पर ग्राम प्रधान अपनी कार में बैठकर वहां से निकलने का प्रयास करने लगा, लेकिन महिला ने उसे रोक लिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, देखते ही देखते दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई और मामला हाथापाई तक पहुंच गया। महिला ने ग्राम प्रधान पर थप्पड़ों और घूंसों की बारिश कर दी। सड़क पर हुए इस घटनाक्रम को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए।

मौके पर पहुंची पुलिस, सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बनी घटना

हंगामे की सूचना मिलने पर नगर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को अलग कर स्थिति को शांत कराया। घटना के दौरान मौजूद लोगों ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो भी अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया, जिसकी चर्चा पूरे इलाके में होती रही।

यह भी पढ़ें  Barabanki: पंडित सुंदरलाल दीक्षित की तीसरी पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि सभा, कवि सम्मेलन एवं खिचड़ी भोज का आयोजन, कई मंत्री, विधायक और जनप्रतिनिधि रहे मौजूद।

फिलहाल पुलिस मामले की जानकारी जुटा रही है। दोनों पक्षों की ओर से शिकायत मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

मामले में उठ रहे कई सवाल

इस घटना के बाद कई सवाल चर्चा में हैं। यदि महिला के आरोप सही हैं तो कथित तौर पर लंबे समय तक संबंध बनाए रखने, गर्भपात कराने और बाद में दूरी बनाने के आरोप गंभीर हैं। वहीं दूसरी ओर पुलिस जांच के बाद ही पूरे मामले की वास्तविकता स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल कंपनी बाग में हुई यह घटना पूरे शहर में चर्चा का विषय बनी हुई है।

रिपोर्ट – मंसूफ अहमद 

संबंधित खबरें
Kamran Alvi
Author: Kamran Alvi

6198
🗳️ जनता की राय | यूपी 2027

2027 में आप किसे उत्तर प्रदेश का मुख्यमंत्री बनाना चाहते हैं?

सबसे ज्यादा पढ़ी गई