Barabanki

बाराबंकी में दर्दनाक सड़क हादसा: कैंची धाम जा रही इनोवा ट्रेलर में घुसी, चार दोस्तों की मौत, तीन गंभीर

SHARE:

बाराबंकी के हैदरगढ़ क्षेत्र में सुल्तानपुर-लखनऊ हाइवे पर कैंची धाम दर्शन के लिए जा रही इनोवा ट्रेलर में जा घुसी।

हादसे में चार युवकों की मौके पर मौत हो गई जबकि तीन गंभीर रूप से घायल हो गए।

पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।

Barabanki

बाराबंकी, उत्तर प्रदेश | 26 मई 2026

उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले के हैदरगढ़ कोतवाली क्षेत्र में मंगलवार तड़के हुए भीषण सड़क हादसे ने चार परिवारों की खुशियां छीन लीं। कैंची धाम दर्शन के लिए निकले युवकों की तेज रफ्तार इनोवा कार सुल्तानपुर-लखनऊ हाइवे पर आगे चल रहे ट्रेलर में जा घुसी। हादसा इतना भयावह था कि इनोवा कार के परखच्चे उड़ गए और मौके पर ही चार युवकों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

यह दर्दनाक दुर्घटना हैदरगढ़ क्षेत्र के भिखरा गांव के पास देर रात करीब 2:50 बजे हुई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोग घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े।

यह भी पढ़ें  Barabanki: गला रेतकर युवक की निर्मम हत्या, गेहूं के खेत में मिली रक्तरंजित लाश; 12 मार्च को आने वाली थी बहन की बारात

तेज धमाके से दहला इलाका, कार के उड़े परखच्चे

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सुल्तानपुर से लखनऊ की ओर जा रहे ट्रेलर में पीछे से आ रही इनोवा अचानक तेज रफ्तार में टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और वाहन बुरी तरह ट्रेलर में फंस गया।

हादसे की तेज आवाज सुनकर आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। दुर्घटना की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि कार में सवार कई युवक अंदर ही फंस गए थे।

चार युवकों की मौके पर मौत, तीन की हालत गंभीर

इस हादसे में जान गंवाने वाले युवकों की पहचान राहुल कुमार निवासी चंदौली, राहुल सिंह निवासी गाजीपुर, सत्यम सिंह निवासी बलिया और सूरज मिश्रा निवासी सुल्तानपुर के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि सभी दोस्त धार्मिक यात्रा पर कैंची धाम दर्शन के लिए निकले थे।

यह भी पढ़ें  बाराबंकी में दर्दनाक हादसा: भूसा लदी ट्रॉली खींचते समय पलटा ट्रैक्टर, चालक की दबकर मौके पर मौत; परिजनों में कोहराम 

वहीं हादसे में घायल पंकज, प्रशांत और चंदन सिंह को गंभीर हालत में कार से बाहर निकालकर हैदरगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी हालत नाजुक देखते हुए केजीएमयू लखनऊ ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया।

शव निकालने में पुलिस और राहत टीम को करनी पड़ी मशक्कत

सूचना मिलते ही हैदरगढ़ पुलिस और एक्सप्रेसवे राहत टीम मौके पर पहुंच गई। क्षतिग्रस्त इनोवा में फंसे शवों और घायलों को बाहर निकालने के लिए काफी देर तक रेस्क्यू अभियान चलाना पड़ा।

पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के बाद हाईवे पर कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा।

चालक को झपकी आने और तेज रफ्तार की आशंका

पुलिस की प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और चालक को नींद की झपकी आने की आशंका जताई जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि हादसे के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

यह भी पढ़ें  MRP के नाम पर ग्राहकों से ‘लूट’ के खिलाफ आंदोलन तेज: अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत ने वित्त मंत्री को सौंपा ज्ञापन

इस दर्दनाक हादसे की खबर मिलते ही मृतकों के परिवारों में कोहराम मच गया। गांवों में मातम का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

लगातार सड़क हादसे बढ़ा रहे चिंता

बाराबंकी और आसपास के राष्ट्रीय राजमार्गों पर लगातार हो रहे सड़क हादसों ने एक बार फिर तेज रफ्तार और रात में लंबी दूरी की यात्रा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों ने हाईवे पर सुरक्षा व्यवस्था और वाहन चालकों की निगरानी बढ़ाने की मांग की है।

रिपोर्ट – मंसूफ अहमद 

 

संबंधित खबरें
Kamran Alvi
Author: Kamran Alvi

5803
🗳️ जनता की राय | यूपी 2027

2027 में आप किसे उत्तर प्रदेश का मुख्यमंत्री बनाना चाहते हैं?

सबसे ज्यादा पढ़ी गई