बाराबंकी के मोहम्मदपुर खाला थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार बोलेरो की टक्कर से बाइक सवार दो सगे भाइयों की दर्दनाक मौत हो गई।
हादसे के बाद परिवार में मातम छा गया और अस्पताल परिसर में ग्रामीणों ने जमकर आक्रोश जताया।

बाराबंकी, उत्तर प्रदेश | 24 मई 2026
उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले के मोहम्मदपुर खाला थाना क्षेत्र में रविवार सुबह हुए दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को गमगीन कर दिया। तेज रफ्तार बोलेरो की टक्कर से बाइक सवार दो सगे भाइयों की मौत हो गई। हादसे के बाद गांव में मातम और अस्पताल परिसर में भारी आक्रोश का माहौल देखने को मिला।
यह हादसा ग्राम पंचायत फूलपुर के पास मोहम्मदपुर खाला चौराहे पर हुआ। जानकारी के अनुसार, फूलपुर गांव निवासी हनीफ के पुत्र इस्लामुद्दीन (25 वर्ष) और ईखलासुद्दीन (19 वर्ष) रविवार सुबह करीब 10 बजे बाइक से फतेहपुर दवा लेने जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आ रही बोलेरो संख्या UP 32 GS 1426 ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।

एक भाई की मौके पर मौत, दूसरे ने लखनऊ में तोड़ा दम
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों भाई सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में ईखलासुद्दीन के सिर और शरीर में गंभीर चोटें आईं, जबकि इस्लामुद्दीन का एक पैर कट गया और दूसरा पैर बुरी तरह फ्रैक्चर हो गया।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सूरतगंज पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने ईखलासुद्दीन को मृत घोषित कर दिया।
वहीं गंभीर रूप से घायल इस्लामुद्दीन को प्राथमिक उपचार के बाद लखनऊ मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसने भी दम तोड़ दिया।

दो बेटों की मौत से परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
दोनों सगे भाइयों की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। गांव में हर आंख नम दिखाई दी। मृतक इस्लामुद्दीन परिवार का सबसे बड़ा बेटा था और पूरे परिवार की जिम्मेदारी उसी के कंधों पर थी। उसके दो बेटे और एक बेटी हैं।
ग्रामीणों के अनुसार इस हादसे ने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया है। गांव प्रधान मोहम्मद असलम ने शासन-प्रशासन से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता और उचित मुआवजा देने की मांग की है।

बोलेरो चालक पर शराब के नशे में गाड़ी चलाने का आरोप
घटना के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिजन अस्पताल पहुंच गए। परिजनों ने बोलेरो चालक आलोक सिंह निवासी कसौजा थाना मोहम्मदपुर खाला पर शराब के नशे में वाहन चलाने का आरोप लगाया और उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
अस्पताल परिसर में काफी देर तक हंगामे की स्थिति बनी रही। हालात को देखते हुए थाना प्रभारी मोहम्मदपुर खाला ने भारी पुलिस बल तैनात कर स्थिति को नियंत्रित किया।
पुलिस ने शुरू की जांच, कार्रवाई का आश्वासन
प्रशासन और पुलिस अधिकारियों ने परिजनों को आश्वासन दिया कि मामले में जल्द मुकदमा दर्ज कर दोषी चालक के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल बना हुआ है।
रिपोर्ट – मंसूफ अहमद / उस्मान














