Barabanki

बाराबंकी में हथियारबंद बदमाशों का आतंक: कारोबारी के परिवार को बंधक बनाकर 1 करोड़ से ज्यादा की डकैती

SHARE:

बाराबंकी के देवा थाना क्षेत्र के ग्वारी गांव में हथियारबंद बदमाशों ने किराना कारोबारी के घर भीषण डकैती को अंजाम दिया।

परिवार को बंधक बनाकर करीब 12 लाख नकद और 90 लाख रुपये के जेवर लूटे।

पुलिस और फॉरेंसिक टीम जांच में जुटी।

Barabanki

बाराबंकी, उत्तर प्रदेश | 22 मई 2026

उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले के देवा थाना क्षेत्र के ग्वारी गांव में शुक्रवार तड़के हुई भीषण डकैती की वारदात ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी। आधा दर्जन से अधिक हथियारबंद बदमाशों ने एक किराना कारोबारी के घर धावा बोलकर पूरे परिवार को असलहों के बल पर बंधक बना लिया और करीब एक घंटे तक घर में आतंक मचाते हुए लगभग 12 लाख रुपये नकद और करीब 90 लाख रुपये के जेवरात लूट ले गए। वारदात के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है और लोग सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठा रहे हैं।

पीछे का दरवाजा तोड़कर घर में घुसे डकैत

जानकारी के अनुसार, ग्वारी गांव निवासी आलोक जायसवाल अपने बेटे हिमांशु जायसवाल के नाम से थोक किराने की दुकान संचालित करते हैं। परिवार मकान के ऊपरी हिस्से में रहता है। शुक्रवार तड़के करीब 3:21 बजे जब पूरा परिवार गहरी नींद में सो रहा था, तभी बदमाश घर का पिछला दरवाजा तोड़कर अंदर घुस आए।

यह भी पढ़ें  बाराबंकी में एक साथ जली दो चचेरे भाइयों की चिताएं, ग़मगीन हुआ गांव का माहौल; लोगों की आंखों में छलक आए आंसू

डकैतों ने घर में घुसते ही आलोक जायसवाल, उनकी पत्नी, बेटे, बहू, मायके आई दो विवाहित बेटियों और एक दो वर्षीय मासूम बच्चे समेत पूरे परिवार को तमंचों के बल पर बंधक बना लिया। विरोध करने और शोर मचाने पर बदमाशों ने परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट की और उनके मुंह पर टेप चिपका दी, ताकि कोई मदद के लिए आवाज न लगा सके।

बच्चों पर भी नहीं आया रहम, एक घंटे तक खंगालते रहे अलमारियां

पीड़ित परिवार के मुताबिक बदमाश बेहद बेखौफ थे। उन्होंने छोटे बच्चों तक को नहीं बख्शा और बेरहमी से मारपीट की। डकैत करीब एक घंटे तक घर की अलमारियों, तिजोरियों और लॉकरों को खंगालते रहे। बदमाश घर बनवाने के लिए रखी गई नकदी भी अपने साथ ले गए।

पीड़ित बहू नेहा जायसवाल ने बताया कि रात करीब 3:21 बजे पांच बदमाश घर के अंदर दाखिल हुए थे और सभी के हाथों में तमंचे थे। उन्होंने पूरे परिवार को कब्जे में लेकर गहने और नकदी लूट ली। नेहा ने यह भी बताया कि एक बदमाश के हाथ पर “महाकाल” का गोदना बना हुआ था, जो जांच में पुलिस के लिए अहम सुराग साबित हो सकता है।

यह भी पढ़ें  Barabanki: दवा दुकानों पर औषधि विभाग की बड़ी कार्रवाई, 12 दवाओं के नमूने जांच के लिए भेजे

सुबह 4:22 बजे तक चलता रहा आतंक

परिजनों के अनुसार बदमाश सुबह 3:21 बजे से लेकर 4:22 बजे तक घर के अंदर मौजूद रहे। इस दौरान उन्होंने पूरे मकान की तलाशी ली और नकदी व जेवर समेटकर फरार हो गए। बदमाशों के जाने के बाद परिवार ने किसी तरह खुद को मुक्त कराया और पुलिस को सूचना दी।

मौके पर पहुंचे एसपी, फॉरेंसिक टीम जुटी जांच में

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय, अपर पुलिस अधीक्षक विकास चंद्र त्रिपाठी, क्षेत्राधिकारी, स्थानीय पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।

पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के साथ ही मामले के खुलासे के लिए कई टीमें गठित कर दी हैं। अधिकारियों का कहना है कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और संदिग्धों की तलाश तेज कर दी गई है। पुलिस ने जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी का आश्वासन दिया है।

यह भी पढ़ें  Barabanki News: सरकारी भूमि पर लगे आम के हरे-भरे पेड़ो की अवैध कटान, शिकायत के बावजूद कार्रवाई शून्य, अब डीएम और डीएफओ से कार्रवाई की मांग

 

कानून व्यवस्था पर उठे सवाल, ग्रामीणों में दहशत

तड़के हुई इस बड़ी डकैती ने जिले की कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि जिस तरह बदमाशों ने एक घंटे तक परिवार को बंधक बनाकर वारदात को अंजाम दिया, उससे साफ है कि अपराधियों में पुलिस का खौफ कम होता जा रहा है।

स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में रात्रि गश्त बढ़ाने और जल्द से जल्द डकैतों की गिरफ्तारी की मांग की है। घटना के बाद पीड़ित परिवार गहरे सदमे में है।

रिपोर्ट – मंसूफ अहमद / उस्मान 

संबंधित खबरें
Kamran Alvi
Author: Kamran Alvi

23020
🗳️ जनता की राय | यूपी 2027

2027 में आप किसे उत्तर प्रदेश का मुख्यमंत्री बनाना चाहते हैं?

सबसे ज्यादा पढ़ी गई