बाराबंकी के रामनगर क्षेत्र से लापता हुआ युवक अभिनव मिश्रा वृंदावन में सकुशल मिला।
परिवार की शिकायत पर पुलिस युवक की तलाश में जुटी थी।
युवक ने भाई को फोन कर सुरक्षित होने की जानकारी दी, जिसके बाद परिजनों ने राहत की सांस ली।

बाराबंकी, उत्तर प्रदेश | 08 मई 2026
यूपी के बाराबंकी जिले के रामनगर थाना क्षेत्र के ग्राम अमोली कीरतपुर निवासी एक युवक के अचानक घर से लापता हो जाने से परिवार में हड़कंप मच गया। युवक के मोबाइल फोन के बंद मिलने के बाद परिजनों की चिंता और बढ़ गई। मामले की सूचना पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर युवक की तलाश शुरू कर दी। हालांकि शुक्रवार सुबह युवक के सकुशल मिलने की सूचना के बाद परिवार और पुलिस दोनों ने राहत की सांस ली।
प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा था अभिनव
जानकारी के अनुसार, ग्राम अमोली कीरतपुर निवासी यूनियन इंटर कॉलेज रामनगर में हिंदी विषय के शिक्षक मनोज कुमार मिश्रा का 22 वर्षीय पुत्र अभिनव मिश्रा बीसीए की पढ़ाई पूरी कर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा है। गुरुवार शाम अभिनव अचानक बिना किसी को बताए घर से निकल गया।
काफी देर तक घर वापस न लौटने पर परिजनों ने उसके मोबाइल फोन पर संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन मोबाइल स्विच ऑफ मिला। बेटे के अचानक गायब होने और फोन बंद मिलने से परिवार के लोग घबरा गए और पूरे इलाके में खोजबीन शुरू कर दी।

गुमशुदगी दर्ज कर तलाश के जुटी रही पुलिस
परिजनों ने रामनगर थाने पहुंचकर युवक की गुमशुदगी की तहरीर दी। पुलिस ने तत्काल गुमशुदगी दर्ज कर जांच शुरू कर दी। आसपास के थानों को भी सूचना दी गई और युवक की तलाश के लिए सर्विलांस टीम की मदद ली गई। हालांकि मोबाइल बंद होने के कारण पुलिस को शुरुआती घंटों में कोई सुराग नहीं मिल सका।
वृंदावन से युवक का फोन आने पर मिली राहत
इसी बीच शुक्रवार सुबह करीब नौ बजे अभिनव मिश्रा ने अपने भाई शिवम को फोन कर बताया कि वह वृंदावन में है और दर्शन करने आया था। युवक के सुरक्षित होने की खबर मिलते ही परिवार ने राहत की सांस ली।
इसके बाद परिजन तुरंत वृंदावन के लिए रवाना हो गए। दोपहर तक परिवार के लोग वहां पहुंच गए। अभिनव के भाई शिवम ने बताया कि अभिनव पूरी तरह सुरक्षित है और दर्शन के बाद जल्द ही परिवार के साथ घर लौट आएगा।
रिपोर्ट – निरंकार त्रिवेदी














