बाराबंकी के धौकलपुर गांव में जमीन विवाद को लेकर हिंसक झड़प, दबंगों के हमले में पिता-पुत्र घायल।
कोर्ट आदेश के बाद भी हमला, पीड़ित ने पुलिस से सुरक्षा और कार्रवाई की मांग की।

बाराबंकी, उत्तर प्रदेश | 02 मई 2026
उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले के नगर कोतवाली क्षेत्र के धौकलपुर गांव में जमीन विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। न्यायालय के आदेश के अनुपालन के बाद भी विवाद शांत नहीं हुआ और दबंगों ने पीड़ित परिवार पर हमला कर दिया। इस घटना ने इलाके की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
प्रशासनिक टीम के जाते ही हुआ हमला
प्राप्त जानकारी के अनुसार, धौकलपुर (पोस्ट असेनी) निवासी मनोज कुमार का गांव के कुछ लोगों के साथ लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। मामला न्यायालय में विचाराधीन था।
शुक्रवार को न्यायालय के आदेश के अनुपालन में उपजिलाधिकारी (SDM) द्वितीय मौके पर पहुंचीं और जमीन की पैमाइश कर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि जमीन उसी पक्ष को मिलेगी जिसके पक्ष में न्यायालय का आदेश है।
पीड़ित का आरोप है कि प्रशासनिक टीम के लौटते ही विपक्षी पक्ष के लोग एकजुट होकर हमला करने पहुंच गए।

लाठी-डंडों से हमला, पिता-पुत्र गंभीर रूप से घायल
पीड़ित मनोज कुमार के अनुसार, आरोपियों में नन्हे राम, सुधीर, अमन, अभिषेक, आकाश और शुभम समेत अन्य लोग शामिल थे, जिन्होंने लाठी-डंडों से हमला कर दिया।
इस हमले में मनोज कुमार और उनके पिता गंभीर रूप से घायल हो गए। हमले के दौरान उनके पिता की नाक फट गई और दोनों लहूलुहान हो गए।
जान से मारने और लाश गायब करने की धमकी का आरोप
पीड़ित पक्ष ने आरोप लगाया है कि हमलावरों ने मारपीट के दौरान जान से मारने और लाश गायब कर देने की धमकी भी दी।
घटना के बाद घायल पक्ष ने कोतवाली नगर में तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और परिवार की सुरक्षा की मांग की है।

पहले भी दी गई थी शिकायत, कार्रवाई न होने से बढ़े हौसले
मनोज कुमार का कहना है कि इस विवाद को लेकर पहले भी कई बार पुलिस से शिकायत की जा चुकी है, लेकिन ठोस कार्रवाई न होने के कारण आरोपियों के हौसले बुलंद हैं।
पुलिस जांच में जुटी, कार्रवाई का इंतजार
फिलहाल पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि तहरीर के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्ट – मंसूफ अहमद / उस्मान













