Barabanki: जहांगीराबाद थाना क्षेत्र के बेरिया गांव में 35 वर्षीय महिला का शव घर में बांस के छप्पर से साड़ी के फंदे से लटका मिला।
स्कूल से लौटे बच्चों ने मां को इस हालत में देखा तो उनकी चीखें निकल गई।
पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

बाराबंकी, उत्तर प्रदेश | 16 मार्च 2026
उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले के जहांगीराबाद थाना क्षेत्र के बेरिया गांव में एक दर्दनाक और संदिग्ध घटना सामने आई है। गांव के निवासी बल्लू धोबी की 35 वर्षीय पत्नी सुरस्ता का शव घर के अंदर बांस के छप्पर में साड़ी के फंदे से लटका हुआ मिला।
घटना की जानकारी उस समय हुई जब महिला के बच्चे स्कूल से घर लौटे और अपनी मां को फंदे से लटका देखा। यह दृश्य देखते ही बच्चों की चीख-पुकार निकल पड़ी, जिसे सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए।

बच्चों की चीख सुन दौड़े ग्रामीण
ग्रामीणों के अनुसार, जब बच्चे घर पहुंचे तो उन्होंने अपनी मां को छप्पर से लटका देखा। घबराए बच्चों के शोर मचाने पर पड़ोसी और गांव के लोग मौके पर पहुंचे।
ग्रामीणों ने देखा कि महिला का शव साड़ी के फंदे से लटक रहा था। इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू की।

पति अहमदाबाद में करता है मजदूरी
ग्रामीणों के मुताबिक मृतका का पति बल्लू धोबी रोजी-रोटी के लिए गुजरात के अहमदाबाद में काम करता है और काफी समय से घर नहीं आया है।
बताया जा रहा है कि महिला अपने दो मासूम बच्चों — एक बेटे और एक बेटी — के साथ गांव में अकेले रहकर उनका पालन-पोषण कर रही थी।

पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
घटना की सूचना मिलने के बाद जहांगीराबाद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और प्रारंभिक जांच के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जहांगीराबाद थाना प्रभारी दुर्गा प्रसाद शुक्ल ने बताया कि महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा।
रिपोर्ट – मंसूफ अहमद













