Barabanki: सुबेहा नगर पंचायत में नमाज पढ़कर लौट रहे 65 वर्षीय मोहम्मद अनवर पर कथित वन माफिया और उसके साथियों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया।
गंभीर रूप से घायल बुजुर्ग को सीएचसी हैदरगढ़ में भर्ती कराया गया है।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है।

बाराबंकी, उत्तर प्रदेश | 10 मार्च 2026
उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले की नगर पंचायत सुबेहा में एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। यहां नमाज पढ़कर घर लौट रहे एक बुजुर्ग व्यक्ति पर कथित वन माफिया और उसके साथियों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया।
हमले में गंभीर रूप से घायल बुजुर्ग को पुलिस और परिजनों ने एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हैदरगढ़ में भर्ती कराया, जहां उनका उपचार चल रहा है।

मस्जिद से लौटते समय रास्ते में रोककर हमला
प्राप्त जानकारी के अनुसार सुबेहा नगर पंचायत के पट्टी वार्ड निवासी मोहम्मद अनवर (65 वर्ष) ने पुलिस को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि मंगलवार शाम करीब 4 बजे वह घर के पास स्थित मस्जिद से अस्र की नमाज पढ़कर वापस लौट रहे थे।
लाठी-डंडों से लैस होकर पहुंचे हमलावर
पीड़ित के अनुसार उसी दौरान नगर पंचायत निवासी कथित वन माफिया गोगा अपने साथियों के साथ वहां पहुंच गया। सभी लोग लाठी-डंडों से लैस थे और उन्होंने अनवर को रोककर गाली-गलौज शुरू कर दी।
जब बुजुर्ग ने विरोध किया तो आरोपियों ने उन पर हमला कर दिया और लाठी-डंडों से मारपीट शुरू कर दी।

स्थानीय लोगों ने बचाई जान
मारपीट की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और किसी तरह हमलावरों के चंगुल से अनवर को छुड़ाया।

यूपी-112 को दी गई सूचना
घटना की सूचना तुरंत यूपी-112 पर दी गई, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हैदरगढ़ पहुंचाया गया।

पेड़ कटान को लेकर चल रही थी रंजिश
पीड़ित मोहम्मद अनवर का कहना है कि नगर पंचायत में स्थित उनकी जमीन गाटा संख्या 863 के पास गाटा संख्या 864 खलिहान के रूप में दर्ज है।
सरकारी पेड़ काटने का लगाया आरोप
अनवर के अनुसार कुछ दिन पहले आरोपी गोगा और उसके साथियों ने खलिहान की जमीन में लगे दो हरे आम के पेड़ काट दिए। साथ ही उनकी जमीन पर लगे एक आम के पेड़ को भी काट दिया था।
इसकी शिकायत उन्होंने यूपी-112 पर की थी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और सरकारी लकड़ी को कब्जे में लेकर नगर पंचायत के सुपुर्द कर दिया था।

कार्रवाई न होने से बढ़े आरोपियों के हौसले
पीड़ित का आरोप है कि इस मामले में पुलिस और नगर पंचायत द्वारा आरोपी के खिलाफ कोई सख्त कार्रवाई नहीं की गई। इसी वजह से उसके हौसले बुलंद हो गए और पुरानी रंजिश के चलते उन पर हमला किया गया।
पुलिस ने शुरू की जांच
इस मामले में प्रभारी निरीक्षक यशकांत सिंह ने बताया कि पीड़ित की ओर से शिकायत पत्र प्राप्त हुआ है। मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
रिपोर्ट – मंसूफ अहमद













