बाराबंकी के होटल रॉयल हेरिटेज के बाहर कथित STF अधिकारी के बेटे और उसके साथियों ने युवक को लोहे की रॉड और सरिया से पीटा।
विरोध करने वाले युवक पर भी हमला, मोबाइल फोन छीनने का प्रयास। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल।

बाराबंकी, उत्तर प्रदेश | 03 जून 2026
उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले में मंगलवार रात नगर कोतवाली क्षेत्र स्थित एक होटल के बाहर हुई मारपीट की घटना ने शहर में सनसनी फैला दी। आरोप है कि खुद को कथित तौर पर एसटीएफ अधिकारी का पुत्र बताने वाले युवक और उसके साथियों ने एक युवक की लोहे की रॉड, सरिया और डंडों से बेरहमी से पिटाई कर दी। इतना ही नहीं, जब होटल में भोजन करने आए एक अन्य युवक ने इस मारपीट का विरोध किया और वीडियो बनाने का प्रयास किया तो उस पर भी जानलेवा हमला कर दिया गया।
घटना लखनऊ रोड स्थित होटल रॉयल हेरिटेज के बाहर रात करीब 10 बजे की बताई जा रही है। मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया है। पीड़ित पक्ष ने नगर कोतवाली में तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
होटल के बाहर युवक को पीटते देख विरोध करना पड़ा भारी
प्राप्त जानकारी के अनुसार नगर कोतवाली क्षेत्र की आवास विकास कॉलोनी निवासी अभिषेक प्रताप सिंह ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि वह मंगलवार शाम अपने भाई अखिलेश सिंह के साथ होटल रॉयल हेरिटेज में भोजन करने गए थे।
अभिषेक के अनुसार जब उनका भाई अखिलेश सिंह होटल के मुख्य द्वार के पास पहुंचा तो वहां कुछ युवक एक अन्य युवक को बुरी तरह पीट रहे थे। आरोप है कि कृष्णा शुक्ला पुत्र ध्रुव नारायण शुक्ला, अभिराज, अभिनव सिंह, अंशुमान राय, आयुष राज तथा उनके अन्य साथी मिलकर युवक के साथ मारपीट कर रहे थे।
बताया गया कि अखिलेश सिंह ने बीच-बचाव करने का प्रयास किया और अपने मोबाइल फोन से घटना का वीडियो बनाने लगे। इसी बात से नाराज होकर आरोपियों ने उन पर भी हमला बोल दिया।
लोहे की रॉड और सरिया से हमले का आरोप
पीड़ित पक्ष का आरोप है कि विरोध करने पर सभी आरोपियों ने मिलकर अखिलेश सिंह पर लोहे की रॉड, सरिया और डंडों से हमला कर दिया और उनका मोबाइल फोन भी छीनने का प्रयास किया गया। हमले में अखिलेश गंभीर रूप से घायल हो गए।
शोर-शराबा सुनकर मौके पर मौजूद अन्य लोग और उनका भाई अभिषेक प्रताप सिंह वहां पहुंचे और किसी तरह उन्हें बचाया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कुछ देर तक होटल के बाहर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
घटना के दौरान बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए। भीड़ बढ़ती देख आरोपी कथित तौर पर जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।
‘मै STF में हूँ, जो चाहूंगा कोतवाल वही करेंगे’
तहरीर में अभिषेक प्रताप सिंह ने आरोप लगाया है कि मुख्य आरोपी कृष्णा शुक्ला का पिता ध्रुव नारायण शुक्ला स्वयं को एसटीएफ का अधिकारी बताता है।
पीड़ित का दावा है कि आरोपी पक्ष प्रभाव और दबाव बनाने की कोशिश करता रहा तथा कथित तौर पर कहा गया कि “जो हम चाहेंगे वही होगा।”
हालांकि इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि अभी तक नहीं हो सकी है। पुलिस जांच के बाद ही इन दावों की सत्यता स्पष्ट हो सकेगी।

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं मारपीट के वीडियो
घटना के कई वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर तेजी से वायरल हो रहे हैं। वायरल फुटेज में साफ तौर पर दिखाई दे रहा है कि होटल के बाहर कुछ युवक लोहे की रॉड और डंडों से एक युवक को बेरहमी से पीट रहे है और वो मदद की गुहार लगा रहा है।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि वायरल वीडियो, सीसीटीवी फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों के बयानों की निष्पक्ष जांच कराई जाए तो पूरे घटनाक्रम की सच्चाई सामने आ सकती है।
लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए ताकि कानून का राज कायम रहे।
बढ़ती मारपीट की घटनाओं से लोगों में चिंता
शहर के नागरिकों का कहना है कि बीते कुछ समय से होटलों, ढाबों और सार्वजनिक स्थानों के आसपास मारपीट और दबंगई की घटनाएं बढ़ती दिखाई दे रही हैं। ऐसे मामलों पर समय रहते प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से आम लोगों में असुरक्षा की भावना बढ़ सकती है।
स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन से रात के समय गश्त बढ़ाने और सार्वजनिक स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।
पुलिस के आधिकारिक बयान का इंतजार
फिलहाल पीड़ित पक्ष की ओर से नगर कोतवाली पुलिस को लिखित शिकायत दी गई है। मामले में पुलिस की ओर से विस्तृत आधिकारिक बयान का इंतजार किया जा रहा है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार तहरीर, वायरल वीडियो, सीसीटीवी फुटेज और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच की जाएगी। जांच पूरी होने के बाद ही पूरे घटनाक्रम की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
रिपोर्ट – मंसूफ अहमद
















