Barabanki: घुंघटेर क्षेत्र में LPG गैस सिलेंडर को लेकर पति-पत्नी के रिश्ते हुए तल्ख़
विवाद इतना बढ़ा कि पत्नी अपने 5 महीने के बच्चे को लेकर घर छोड़कर चली गई।
बाद में पुलिस हस्तक्षेप से मामला सुलझा और पत्नी वापस घर लौट आई।

बाराबंकी, उत्तर प्रदेश | 20 मार्च 2026
उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले के घुंघटेर थाना क्षेत्र से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां LPG गैस सिलेंडर को लेकर हुआ विवाद पारिवारिक रिश्तों पर भारी पड़ गया। सिलेंडर न भरवाने की बात को लेकर पति-पत्नी के बीच कहासुनी इतनी बढ़ गई कि पत्नी अपने मासूम बच्चे को लेकर घर छोड़कर चली गई।

खाना न बनने पर शुरू हुआ विवाद
प्राप्त जानकारी के अनुसार, घुंघटेर थाना क्षेत्र के बौधनी मजरे खटौली गांव निवासी अनिल कुमार की शादी करीब दो साल पहले सुमन देवी (29) से हुई थी। दोनों का एक 5 महीने का बेटा भी है।
अनिल कुमार ने बताया कि वह नाइट ड्यूटी के बाद सुबह करीब 8 बजे घर पहुंचे और खाना मांगा। इस पर उन्हें पता चला कि घर में खाना नहीं बना है। जब उन्होंने पत्नी से इसका कारण पूछा तो पत्नी ने साफ कहा कि वह अब चूल्हे पर खाना नहीं बनाएगी और पहले गैस सिलेंडर भरवाया जाए।

विवाद के बाद पत्नी घर छोड़कर चली गई
गैस सिलेंडर भरवाने की मांग को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने के बाद अनिल अपने कमरे में सोने चला गया। इसी दौरान पत्नी सुमन देवी अपने कपड़े, करीब 1000 रुपये नकद और अपने 5 महीने के बच्चे को लेकर घर से निकल गई।
शाम करीब 4 बजे जब अनिल की नींद खुली तो पत्नी और बच्चे के घर से गायब होने की जानकारी हुई। इसके बाद उसने काफी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।

पुलिस के हस्तक्षेप के बाद मामला हुआ शांत
घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया। घुंघटेर थानाध्यक्ष बेचू सिंह यादव ने बताया कि पति-पत्नी के बीच घरेलू विवाद हुआ था, जिसके बाद पत्नी घर छोड़कर चली गई थी।
हालांकि, बाद में समझाइश और प्रयासों के बाद पत्नी वापस घर लौट आई, जिससे मामला शांत हो गया।

घरों तक पहुंचने लगा महंगाई और गैस संकट का असर
स्थानीय लोगों का कहना है कि बढ़ती महंगाई और LPG गैस सिलेंडर की समस्या अब आम परिवारों के जीवन को सीधे प्रभावित कर रही है। कई जगहों पर गैस की कीमत और उपलब्धता को लेकर तनाव देखने को मिल रहा है।
रिपोर्ट – ललित राजवंशी













