Barabanki: होली से पहले बाराबंकी में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की बड़ी कार्रवाई।
12 स्थानों पर छापेमारी, 16 लाख रुपये का सरसों तेल सीज, 400 लीटर पाम ऑयल जब्त और 200 किलो दूषित मिठाई नष्ट।
कई दुकानों से दूध, पनीर और तेल के नमूने जांच के लिए भेजे गए।

बाराबंकी, उत्तर प्रदेश | 21 फरवरी 2026
होली के पर्व को देखते हुए खाद्य पदार्थों में मिलावट रोकने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (FSDA) की टीम ने जनपद बाराबंकी में व्यापक छापेमारी अभियान चलाया। आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन लखनऊ तथा जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी के निर्देश पर गठित तीन टीमों ने शुक्रवार, 20 फरवरी 2026 को ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में 12 स्थानों पर जांच की।
कार्रवाई के दौरान कुल 6 नमूने संग्रहित किए गए, जबकि मिलावट की आशंका पर भारी मात्रा में खाद्य तेल सीज किया गया और लगभग 200 किलोग्राम दूषित मिठाई को नष्ट कराया गया।

UPSIDC फतेहपुर में 16 लाख का सरसों तेल सीज
जांच टीम ने फतेहपुर तहसील क्षेत्र अंतर्गत UPSIDC में स्थित सोना गोल्ड प्राइवेट लिमिटेड फर्म पर छापेमारी की। यहां से सरसों के तेल के दो नमूने लिए गए।
- करीब 16 लाख रुपए कीमत का ‘गोपी चंद’ ब्रांड सरसों का तेल मिलावट की आशंका में सीज किया गया।
- लगभग 400 किलोग्राम एक्सपायर्ड सरसों तेल की बिक्री पर तत्काल प्रतिबंध लगाया गया।
विभागीय अधिकारियों ने बताया कि प्रयोगशाला जांच की रिपोर्ट आने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

रामसनेहीघाट और रामनगर में भी कार्रवाई
400 लीटर पाम ऑयल सीज
रामसनेहीघाट स्थित विष्णु ट्रेडर्स से पाम ऑयल का नमूना संग्रहित किया गया। मिलावट की आशंका के चलते लगभग 400 लीटर पाम ऑयल (अनुमानित क़ीमत ₹60,000) को सीज किया गया।
200 किलो दूषित मिठाई नष्ट
भिटरिया (रामसनेहीघाट) और रामनगर के रानी बाजार क्षेत्र के छापेमारी के दौरान करीब 200 किलोग्राम दूषित मिठाई को नष्ट कराया गया।
इसके अलावा:
- श्री राम स्वीट, त्रिलोकपुर से दूध और पनीर के नमूने लिए गए।
- बालाजी डेयरी से दूध का नमूना संग्रहित किया गया।

होली पर मिलावट रोकने के लिए सख्त निगरानी
विभाग ने स्पष्ट किया है कि त्योहारों के दौरान मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री पर कड़ी नज़र रखी जा रही है। मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी समेत जनपद के सभी खाद्य सुरक्षा अधिकारी इस अभियान के शामिल रहे।
अधिकारियों ने व्यापारियों को चेतावनी दी है कि मिलावट पाए जाने पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वही आम जनता से अपील की गई है कि संदिग्ध खाद्य पदार्थों की सूचना तुरंत विभाग को दे।
रिपोर्ट – मंसूफ अहमद













