Barabanki

Barabanki: संगीन धाराओं में FIR, फिर भी गिरफ्तारी नहीं! बेख़ौफ़ दबंगों के लगातार हमलों से दहशत में परिवार, पुलिस की कार्रवाई पर उठे सवाल

SHARE:

Barabanki News: बाराबंकी के फतेहपुर में मकान बिक्री के बकाया 10 लाख रुपये मांगने पर दबंगों ने बरपाया कहर। 

महिला ने 50 से ज्यादा लोगों पर घर में घुसकर हमला, मारपीट, तोड़फोड़ और असलहा दिखाकर धमकी देने के लगाए आरोप।

मुकदमा दर्ज होने के एक महीने बाद भी आरोपियों की नहीं हुई गिरफ्तारी।

बाराबंकी, उत्तर प्रदेश | 27 सितंबर 2026

बाराबंकी जिले की फतेहपुर कोतवाली क्षेत्र में मकान की बिक्री के बकाया 10 लाख रुपये को लेकर दबंगई और गुंडागर्दी का एक ऐसा मामला सामने आया है जिसने पुलिस की कार्यशैली और जनपद में कानून व्यवस्था की स्थिति पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। फतेहपुर कस्बे की रहने वाली एक महिला ने दबंगों पर घर में घुसकर हमला करने, सीसीटीवी कैमरे तोड़ने, गलत नीयत से कपड़े फाड़ने, अवैध असलहा दिखाकर धमकाने, ज्वलनशील पदार्थ से परिवार को नुकसान पहुंचाने की कोशिश और घर का कीमती सामान तोड़ने के गंभीर आरोप लगाए हैं।

पीड़िता का दावा है कि 20 अगस्त 2026 की घटना के बाद उसकी शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा तो दर्ज किया, लेकिन आरोपियों से साठगांठ के चलते एक महीने से ज्यादा समय बीतने के बावजूद किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई। महिला का आरोप है कि कार्रवाई नहीं होने के बाद आरोपियों का दुस्साहस बढ़ा और 22 सितंबर की रात दोबारा उसके घर को घेरकर हमला किया गया।

महिला का आरोप है कि दूसरी घटना में दबंगों ने उसके पुत्र की पिटाई कर उसकी मोटरसाइकिल तोड़ डाली और देवर के साथ भी मारपीट की गई। पीड़िता का दावा है कि इसी दौरान एक आरोपी ने घर में घुसकर कथित तौर पर कट्टे से हवाई फायर किया और मकान खाली नहीं करने पर उसके पति की हत्या करने की धमकी दी।

35 लाख में बेचा था मकान, 10 लाख रुपये को लेकर विवाद

पीड़िता के अनुसार उसने अपना मकान फतेहपुर क्षेत्र के उजरवारा निवासी राम कुंदन को 35 लाख रुपये में बेचा था। महिला का कहना है कि राम कुंदन की ओर से उसके बैंक खाते में 25 लाख रुपये ट्रांसफर किए गए, जबकि शेष 10 लाख रुपये का भुगतान नहीं हुआ।

यह भी पढ़ें  Barabanki News: दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने जोरदार टक्कर, एक की मौत, कई घायल

महिला के मुताबिक, इसी बकाया रकम को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद चल रहा था। पीड़िता का आरोप है कि जब उसने अपने बकाया 10 लाख रुपये की मांग की तो विवाद ने गंभीर रूप ले लिया।

 

20 अगस्त की रात 50 से ज्यादा लोगों के साथ घर पर हमला करने का आरोप

पीड़िता ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया है कि 20 अगस्त 2026 को रात करीब 8 बजे राम कुंदन पुत्र केशवराम, तबरेज तेली निवासी पचघरा-1, थाना कोतवाली फतेहपुर और करीब 50 अन्य अज्ञात लोग उसके घर पहुंचे।

महिला का आरोप है कि हमलावरों ने सबसे पहले घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों को डंडे से तोड़ दिया, ताकि घटना की रिकॉर्डिंग न हो सके। इसके बाद कथित तौर पर गाली-गलौज शुरू कर दी गई।

परिवार के लोगों ने विरोध किया तो आरोपित और अधिक आक्रामक हो गए। पीड़िता के अनुसार,  परिवार के सदस्यों ने जान बचाने के लिए घर का दरवाजा बंद करने का प्रयास किया, लेकिन आरोपित जबरन घर में घुस गए।

Also Read: Barabanki: एक लाख की रंगदारी मांगने वाले यूट्यूबर पर संगीन धाराओं में FIR, पत्रकार को अपमानित करने का भी आरोप; मुकदमा दर्ज होते ही हुआ फरार, तलाश में जुटी पुलिस

घर में घुसकर मारपीट और तोड़फोड़ का गंभीर आरोप

शिकायतकर्ता महिला के मुताबिक, घर के अंदर घुसने के बाद आरोपितों ने उसके और परिवार के सदस्यों के साथ लाठी-डंडों और लात-घूंसों से मारपीट की।

पीड़िता ने राम कुंदन पर उसके साथ दुष्कर्म की नीयत से कपड़े फाड़ने और जबरदस्ती करने का भी गंभीर आरोप लगाया है। महिला का दावा है कि कथित घटना के दौरान उसके शरीर पर चोट और नाखून के निशान आए।

इसके अलावा घर में रखा सामान तोड़ने-फोड़ने का भी आरोप लगाया गया है।

Also Read: Barabanki: शराब ठेके के पास सड़क के बीचों-बीच बेहोश हुआ शराबी युवक, थम गई वाहनों की रफ़्तार; स्थानीय लोगों ने व्यवस्था पर उठाए सवाल

यह भी पढ़ें  बाराबंकी में दर्दनाक हादसा: आंगनवाड़ी केंद्र का गेट गिरने से बुजुर्ग महिला की मौत, लापरवाही पर उठे सवाल

अवैध असलहा तानने और परिवार को जलाने की कोशिश का आरोप

पीड़िता ने आरोप लगाया है कि घटना के दौरान तबरेज तेली ने उसके ऊपर कथित अवैध असलहा तान दिया और परिवार के लोगों को जान से मारने की धमकी दी।

महिला का यह भी आरोप है कि आरोपितों ने ज्वलनशील पदार्थ डालकर उसे और उसके परिवार के लोगों को जलाने की भी कोशिश की।

पीड़िता के अनुसार परिवार ने किसी तरह पुलिस के सीयूजी नंबर पर सूचना दी। पुलिस के मौके पर पहुंचने से पहले आरोपित कथित तौर पर धमकी और गाली-गलौज करते हुए वहां से चले गए।

महिला ने यह भी आरोप लगाया है कि उसके पति की हत्या के लिए लखनऊ निवासी भार्गव नामक व्यक्ति को कथित तौर पर सुपारी देने की बात सामने आई है।

21 अगस्त को दर्ज हुआ मुकदमा, लेकिन नहीं हुई गिरफ्तारी

पीड़िता का कहना है कि उसकी शिकायत के आधार पर 21 अगस्त 2026 को फतेहपुर कोतवाली पुलिस ने राम कुंदन और तबरेज तेली समेत करीब 50 अज्ञात लोगों के खिलाफ BNS की धारा 76, 115(2), 352, 351(3), 333, 324(4) और 3(5) के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया।

महिला का आरोप है कि संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज होने के बावजूद अभी तक किसी आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया गया। पीड़िता का आरोप है कि इसी वजह से आरोपी बेखौफ हैं और उसके परिवार पर कई बार हमला कर चुके हैं।

22 सितंबर की रात फिर घेरा घर, मोटरसाइकिल तोड़ने का आरोप

पीड़िता के मुताबिक, 22 सितंबर 2026 की रात करीब 9:50 बजे राम कुंदन, चिंटू, शौर्य वर्मा और सूफियान तेली अपने 50 से अधिक साथियों के साथ उसके घर पहुंचे।

आरोप है कि भीड़ ने घर को घेर लिया और दवा लेने जा रहे महिला के बेटे की पिटाई कर डाली। जान बचाने के लिए जब वो भागकर घर में घुस गया, तो आरोपियों ने उसकी मोटरसाइकिल तोड़ दी। इस दौरान जब महिला का देवर मौके पर पहुंचा तो आरोपियों ने लाठी डंडों से उसकी भी पिटाई कर दी।

यह भी पढ़ें  Barabanki: वन माफिया और गुर्गों ने नमाज पढ़कर लौट रहे बुजुर्ग पर लाठी-डंडों से किया हमला, अवैध पेड़ कटान की शिकायत किए जाने से था नाराज़

पीड़िता का आरोप है कि इसी दौरान राम कुंदन घर के अंदर घुस आया और कट्टे से हवाई फायर करते हुए धमकी दी कि यदि घर खाली नहीं किया तो उसके पति की हत्या कर दी जाएगी।

 

पांच दिन बाद भी नहीं दर्ज हुआ मुकदमा 

पीड़िता और उसके पुत्र के मुताबिक, 22 सितंबर की घटना के बाद उन्होंने यूपी-112 पर सूचना देने के साथ ही फतेहपुर कोतवाली में लिखित शिकायत देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

परिवार का आरोप है कि, पुलिस मौक़े पर पहुंची और उनकी टूटी हुई मोटरसाइकिल को कोतवाली ले गई। लेकिन, घटना के पांच दिन बीत जाने के बाद भी उनकी तहरीर पर ना तो मुकदमा दर्ज किया गया और न ही आरोपियों के खिलाफ कोई कार्रवाई हुई है।

पीड़ित परिवार का कहना है कि पहली घटना में संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज होने के बावजूद गिरफ्तारी नहीं होने और दूसरी घटना का मुकदमा तक नहीं दर्ज होने से आरोपियों का दुस्साहस बढ़ गया है। वो लगातार धमकियां दे रहे हैं।

‘किसी भी समय हो सकती है अप्रिय घटना’, दहशत में परिवार

पीड़िता का कहना है कि लगातार धमकियों और हमलों के कारण उसका पूरा परिवार दहशत में है। परिवार को आशंका है कि यदि समय रहते आरोपियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई तो कोई गंभीर अप्रिय घटना हो सकती है।

पीड़िता ने पुलिस और प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच, आरोपियों के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई और परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित किए जाने की मांग की है।

रिपोर्ट – मंसूफ अहमद 

संबंधित खबरें
Kamran Alvi
Author: Kamran Alvi

22948
🗳️ जनता की राय | यूपी 2027

2027 में आप किसे उत्तर प्रदेश का मुख्यमंत्री बनाना चाहते हैं?

सबसे ज्यादा पढ़ी गई