Barabanki: करनी सेना के प्रदेश महामंत्री नियुक्त होते ही दीप प्रकाश सिंह ने 2027 विधानसभा चुनाव लड़ने का ऐलान किया।
दरियाबाद, करनैलगंज और सदर सीट से दावेदारी, चंद्रशेखर आजाद पर भी साधा निशाना।

बाराबंकी, उत्तर प्रदेश | 29 मार्च 2026
बाराबंकी में करनी सेना के प्रदेश महामंत्री बनने के बाद दीप प्रकाश सिंह (दीपू) ने आगामी 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर बड़ा राजनीतिक ऐलान किया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि वह दरियाबाद (बाराबंकी) और करनैलगंज (गोंडा) विधानसभा सीट से चुनाव लड़ेंगे। इसके साथ ही उन्होंने सदर सीट से भी चुनाव लड़ने की संभावना जताई है।
दीप प्रकाश सिंह ने कहा कि उनके समर्थक जहां से चाहेंगे, वह उसी सीट से चुनाव मैदान में उतरेंगे।

“करनी सेना हर पीड़ित के साथ”—दीप प्रकाश सिंह
दीप प्रकाश सिंह ने कहा कि करनी सेना किसी एक जाति या वर्ग की नहीं है, बल्कि हर पीड़ित और शोषित व्यक्ति के साथ खड़ी है। उन्होंने कहा कि संगठन का उद्देश्य समाज में एकता और भाईचारा बनाए रखना है।
उन्होंने मां करनी को मां दुर्गा का अवतार बताते हुए कहा कि उसी के नाम पर संगठन कार्य कर रहा है और सनातन धर्म के विरोधियों के खिलाफ आवाज उठाता है।

चंद्रशेखर आजाद पर साधा निशाना
दीप प्रकाश सिंह ने भीम आर्मी प्रमुख और नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि वह समाज को बांटने का काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि भड़काऊ भाषणों के जरिए युवाओं को गुमराह किया जा रहा है।
उन्होंने यह भी कहा कि उनकी लड़ाई किसी समाज से नहीं, बल्कि केवल चंद्रशेखर आजाद से है।

“चाहते तो जनसभा में मचा सकते थे अफरा-तफरी”
दीप प्रकाश सिंह ने दावा किया कि हाल ही में बाराबंकी में आयोजित एक जनसभा में वह चाहते तो अफरा-तफरी मचा सकते थे, लेकिन उन्होंने ऐसा नहीं किया क्योंकि वहां मौजूद सभी लोग उनके “भाई” हैं।

पहले भी लड़ चुके हैं चुनाव, 2027 पर फोकस
दीप प्रकाश सिंह ने बताया कि वह 18 वर्ष की उम्र में जिला पंचायत चुनाव लड़ चुके हैं। इसके अलावा गोंडा के करनैलगंज विधानसभा क्षेत्र से भी अपनी दावेदारी पेश कर चुके हैं।
अब वह 2027 विधानसभा चुनाव में पूरी ताकत के साथ उतरने की तैयारी कर रहे हैं।
टिकट मिलने पर ही लड़ेंगे चुनाव
उन्होंने साफ किया कि वह निर्दलीय चुनाव नहीं लड़ेंगे। जिस राजनीतिक दल से उन्हें टिकट मिलेगा, उसी के प्रत्याशी के रूप में चुनाव मैदान में उतरेंगे।
उन्होंने भरोसा जताया कि जनता का समर्थन उन्हें जरूर मिलेगा।
रिपोर्ट – मंसूफ अहमद












