Barabanki

Barabanki News: सड़क पर उतरे ग्रामीण तो हरकत में आया सिस्टम! विरोध के बाद गांव पहुंचे जिला पंचायत सदस्य; RCC सड़क निर्माण का आश्वासन

SHARE:

Barabanki News: बाराबंकी के बनीकोडर क्षेत्र के पूरे कोट (छंदवल) गांव में जर्जर सड़क को लेकर ग्रामीणों के आंदोलन के बाद समाजवादी पार्टी के जिला पंचायत सदस्य चक्खन यादव गांव पहुंचे।

उन्होंने ग्रामीणों को आरसीसी सड़क निर्माण का भरोसा दिया और जल्द टेंडर जारी होने का दावा किया।

बाराबंकी, उत्तर प्रदेश | 05 अगस्त 2026

उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले के विकास खंड बनीकोडर अंतर्गत ग्राम पूरे कोट, मजरा छंदवल की जर्जर संपर्क सड़क को लेकर ग्रामीणों का विरोध प्रदर्शन आखिरकार राजनीतिक हलकों तक पहुंच गया। सड़क की बदहाली से नाराज ग्रामीणों ने कुछ दिन पहले चंदा इकट्ठा कर स्वयं सड़क के गड्ढे भरने का काम किया था। इस अनोखे विरोध के बाद अब समाजवादी पार्टी के जिला पंचायत सदस्य चक्खन यादव गांव पहुंचे और ग्रामीणों को आरसीसी सड़क निर्माण का भरोसा दिया।

हालांकि ग्रामीणों का कहना है कि विरोध प्रदर्शन के बाद भी ग्राम प्रधान और ब्लॉक प्रशासन का कोई अधिकारी गांव की सुध लेने नहीं पहुंचा, जिससे लोगों में अब भी नाराजगी बनी हुई है।

सड़क नहीं बनी तो ग्रामीणों ने खुद उठाया फावड़ा

गौरतलब है कि पूरे कोट-छंदवल संपर्क मार्ग लंबे समय से गड्ढों में तब्दील है। सड़क की बदहाल स्थिति के कारण ग्रामीणों को रोजाना भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कई बार शिकायत के बावजूद जब जिम्मेदार अधिकारियों ने ध्यान नहीं दिया तो ग्रामीणों ने स्वयं चंदा जुटाकर सड़क की पैचिंग शुरू कर दी।

यह भी पढ़ें  Barabanki: SDM गुंजिता अग्रवाल की अध्यक्षता व CO गरिमा पंत की उपस्थिति में पीस कमेटी की अहम बैठक, अराजक तत्वों को कड़ी चेतावनी

ग्रामीणों का यह अनोखा विरोध सोशल मीडिया और स्थानीय स्तर पर चर्चा का विषय बन गया।

आंदोलन के बाद गांव पहुंचे जिला पंचायत सदस्य

ग्रामीणों के विरोध के बाद बुधवार को समाजवादी पार्टी के जिला पंचायत सदस्य चक्खन यादव गांव पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और जर्जर सड़क का निरीक्षण किया।

चक्खन यादव ने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि इस सड़क के निर्माण के लिए जनवरी 2026 में ही आरसीसी सड़क का प्रस्ताव प्रशासन को भेजा जा चुका है।

‘टेंडर जारी होते ही शुरू होगा निर्माण’

ग्रामीणों को संबोधित करते हुए जिला पंचायत सदस्य चक्खन यादव ने कहा कि—

“इस संपर्क मार्ग के निर्माण का प्रस्ताव पहले ही भेजा जा चुका है। टेंडर जारी होते ही आरसीसी सड़क का निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा। मैं स्वयं इसकी मॉनिटरिंग करूंगा ताकि काम समय पर और गुणवत्ता के साथ पूरा हो सके।”

ग्रामीणों ने जताई उम्मीद, बोले- इस बार वादा धरातल पर उतरे

जिला पंचायत सदस्य के आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने उनका स्वागत किया और उम्मीद जताई कि इस बार सड़क निर्माण का मामला सिर्फ कागजों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि गांव को जल्द बेहतर सड़क सुविधा मिलेगी।

यह भी पढ़ें  Barabanki: अधिवक्ता की सीट पर तोड़फोड़ और आगजनी करने वाले अधिवक्ताओं के खिलाफ FIR दर्ज

ग्रामीणों का कहना है कि वर्षों से खराब सड़क के कारण आवागमन, खेती-किसानी, स्कूल जाने वाले बच्चों और मरीजों को सबसे अधिक परेशानी झेलनी पड़ रही है।

गांव के कई लोग रहे मौजूद

इस दौरान पूर्व प्रधान रामकिशोर रावत, मुकेश कुमार, राजकुमार, मिश्री लाल, नन्कू रावत, विजय बहादुर, प्रताप बहादुर रावत, पुरुषोत्तम कुमार सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण और महिलाएं मौजूद रहीं।

अब वादे पर टिकी ग्रामीणों की नजर

ग्रामीणों का कहना है कि अब उनकी नजर इस बात पर है कि जिला पंचायत सदस्य का आश्वासन कब हकीकत में बदलेगा। लोगों को उम्मीद है कि वर्षों से बदहाल यह संपर्क मार्ग जल्द आरसीसी सड़क में तब्दील होगा और उन्हें आवागमन की समस्या से राहत मिलेगी।

यह भी पढ़ें  Barabanki: शिक्षा, संस्कृति और महिला सशक्तिकरण का संगम बना EXPRESSION 2025, मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह

रिपोर्ट – आसिफ हुसैन 

संबंधित खबरें
Kamran Alvi
Author: Kamran Alvi

23317
🗳️ जनता की राय | यूपी 2027

2027 में आप किसे उत्तर प्रदेश का मुख्यमंत्री बनाना चाहते हैं?

सबसे ज्यादा पढ़ी गई