बाराबंकी के मसौली थाना परिसर में मोहर्रम को लेकर शांति समिति की बैठक आयोजित की गई।
अपर पुलिस अधीक्षक विकास चंद्र त्रिपाठी, एसडीएम अनिल कुमार सरोज और सीओ गरिमा पंत ने परंपरागत मार्गों से जुलूस निकालने और सौहार्द बनाए रखने की अपील की।

बाराबंकी, उत्तर प्रदेश | 11 जून 2026
उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले के मसौली थाना परिसर में आगामी मोहर्रम को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से गुरुवार को शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अपर पुलिस अधीक्षक विकास चंद्र त्रिपाठी, उपजिलाधिकारी सिरौली गौसपुर अनिल कुमार सरोज तथा पुलिस क्षेत्राधिकारी रामनगर गरिमा पंत ने संयुक्त रूप से की।
बैठक में क्षेत्र के ताजियादारों, संभ्रांत नागरिकों, जनप्रतिनिधियों और विभिन्न समुदायों के लोगों ने भाग लिया। अधिकारियों ने सभी से मोहर्रम को अकीदत, शांति और सादगी के साथ मनाने की अपील की।
मोहर्रम शहादत और त्याग का प्रतीक, नई परंपराओं से बचने की अपील
अपर पुलिस अधीक्षक विकास चंद्र त्रिपाठी ने कहा कि मोहर्रम हजरत इमाम हुसैन की शहादत की याद में मनाया जाता है, जो त्याग, बलिदान और गम का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि सभी ताजिया और अलम जुलूस पूर्व निर्धारित एवं पारंपरिक मार्गों से ही निकाले जाएं तथा किसी भी प्रकार की नई परंपरा शुरू न की जाए, जिससे कानून व्यवस्था प्रभावित हो।
उन्होंने भरोसा दिलाया कि मोहर्रम के दौरान पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहेगा और हर संभव सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा।
निर्धारित मार्गों से ही निकाले जाएं ताजिया और अलम के जुलूस
उपजिलाधिकारी अनिल कुमार सरोज ने कहा कि सभी जुलूस पूर्व निर्धारित मार्गों से ही निकाले जाएं और प्रशासनिक निर्देशों का पालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की नई व्यवस्था या बदलाव से अनावश्यक व्यवधान उत्पन्न हो सकता है, इसलिए सभी लोग आपसी सहयोग और जिम्मेदारी के साथ त्योहार मनाएं।
पुलिस क्षेत्राधिकारी रामनगर गरिमा पंत ने ताजियादारों से ताजियों की ऊंचाई पूर्व वर्षों के अनुरूप रखने और किसी भी प्रकार का फेरबदल न करने की अपील की। उन्होंने युवाओं से विशेष रूप से कहा कि वे जोश में होश न खोएं और वरिष्ठ नागरिकों एवं बुजुर्गों की सलाह के अनुसार मोहर्रम मनाएं।
प्रशासन ने मांगी स्थानीय समस्याओं की जानकारी
तहसीलदार बालेंद्र भूषण वर्मा ने उपस्थित लोगों से जुलूसों के दौरान आने वाली संभावित समस्याओं की जानकारी ली और कहा कि प्रशासन हर समस्या के समाधान के लिए तैयार है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में अमन-चैन बनाए रखने में स्थानीय लोगों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है।
प्रभारी निरीक्षक अजय प्रकाश त्रिपाठी ने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि यदि कोई व्यक्ति माहौल खराब करने या शांति व्यवस्था भंग करने का प्रयास करेगा तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और संभ्रांत नागरिक रहे मौजूद
बैठक में अवर अभियंता विद्युत लालजी सिंह, नायब तहसीलदार दिनेश कुमार पांडेय, अतिरिक्त प्रभारी निरीक्षक सनत मिश्रा, धर्मेंद्र प्रताप यादव, प्रधान अनीस अफजाल, मुईन अंसारी, नूर मोहम्मद, मतीन अंसारी, इश्तियाक अंसारी, वली मोहम्मद, हारिश शौकत, अबरार बीडीसी सहित बड़ी संख्या में ताजियादार, जनप्रतिनिधि एवं क्षेत्रीय नागरिक उपस्थित रहे।
रिपोर्ट – नूर मोहम्मद












