Barabanki

बाराबंकी में ट्री गार्ड निर्माण में भ्रष्टाचार का आरोप: शिकायत के बाद लीपापोती में जुटे जिम्मेदार, पीली ईंट, घटिया सामग्री को गेरू पुताई से छिपाने की कोशिश!

SHARE:

बाराबंकी में वन विभाग के ट्री गार्ड निर्माण पर उठे सवाल, मानकों की धज्जियां उड़ाने का आरोप

रामनगर रेंज में घटिया निर्माण सामग्री से बनाए जा रहे ट्री गार्ड

पीली ईंट और कम सीमेंट से निर्माण, कई ट्री गार्ड में आई दरारें

DFO के निर्देश के बाद जांच की जगह गेरू पुताई कर मामले को दबाने का आरोप

स्थानीय लोगों ने उच्चाधिकारियों से की कार्रवाई की मांग

Barabanki

बाराबंकी, उत्तर प्रदेश | 28 मई 2026

उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जनपद में वन विभाग द्वारा कराए जा रहे ट्री गार्ड निर्माण कार्य में बड़े पैमाने पर अनियमितता और भ्रष्टाचार के आरोप सामने आए हैं। मामला वन रेंज रामनगर एवं थाना मसौली क्षेत्र अंतर्गत सहादतगंज स्थित रामलीला मैदान का है, जहां वृक्षारोपण अभियान के तहत सैकड़ों की संख्या में ट्री गार्ड तैयार किए जा रहे हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता मानकों की खुलेआम अनदेखी की जा रही है और सरकारी धन का दुरुपयोग किया जा रहा है।

यह भी पढ़ें  Barabanki: देवा नहर के पास सड़क हादसा, अज्ञात बोलेरो की टक्कर से बाइक सवार युवक गंभीर घायल; लखनऊ ट्रॉमा सेंटर रेफर

ग्रामीणों और स्थानीय नागरिकों के मुताबिक ट्री गार्ड निर्माण में पीली ईंटों का प्रयोग किया गया है, जबकि निर्माण में मौरंग का इस्तेमाल नहीं किया गया। आरोप है कि केवल बालू और नाममात्र सीमेंट के सहारे जुड़ाई की गई, जिसके चलते कई ट्री गार्ड शुरुआती चरण में ही कमजोर पड़ गए। कुछ ट्री गार्डों में दरारें आ गईं, जबकि एक ट्री गार्ड पूरी तरह क्षतिग्रस्त भी देखा गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि तस्वीरों में निर्माण की गुणवत्ता साफ दिखाई दे रही है।

DFO के निर्देश के बाद भी नहीं हुई प्रभावी कार्रवाई

मामले की शिकायत जब प्रभागीय वन अधिकारी (DFO) बाराबंकी आकाश दीप बधावन से की गई तो उन्होंने क्षेत्रीय वन अधिकारी, रामनगर रेंज को जांच के निर्देश दिए। लेकिन आरोप है कि जांच के नाम पर कार्रवाई करने की बजाय पूरे मामले में लीपापोती कर दी गई। स्थानीय लोगों का दावा है कि पीली ईंटों को छिपाने के लिए उन पर गेरू की पुताई कर दी गई ताकि निर्माण कार्य देखने में बेहतर प्रतीत हो।

यह भी पढ़ें  Barabanki: उप परिवहन आयुक्त ने संभाली सड़क सुरक्षा अभियान की कमान, 96 वाहन चालकों के काटे गए चालान

ग्रामीणों का कहना है कि यदि सही तरीके से जांच कराई जाए तो निर्माण में भारी अनियमितताएं सामने आ सकती हैं। उनका आरोप है कि जिम्मेदार कर्मचारियों और ठेकेदारों ने गुणवत्ता से समझौता कर सरकारी धन को नुकसान पहुंचाया है।

सैदनपुर क्षेत्र में भी सामने आईं अनियमितताएं

स्थानीय लोगों ने बताया कि इसी प्रकार की स्थिति रामनगर रेंज के सफदरगंज-बदोसराय मार्ग पर सैदनपुर के पास भी देखने को मिली है। वहां बनाए जा रहे ट्री गार्डों में भी पीली ईंट, कम सीमेंट और बिना मौरंग के निर्माण कार्य किए जाने का आरोप लगाया गया है। लोगों का कहना है कि कई स्थानों पर ट्री गार्ड कमजोर और अधूरे नजर आ रहे हैं।

ग्रामीणों ने उच्चस्तरीय जांच की उठाई मांग

मामले को लेकर स्थानीय नागरिकों में भारी नाराजगी है। लोगों ने वन विभाग के उच्चाधिकारियों से पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते गुणवत्ता की जांच नहीं कराई गई तो वृक्षारोपण अभियान के तहत बनाए जा रहे ये ट्री गार्ड जल्द ही टूट जाएंगे और सरकारी धन व्यर्थ चला जाएगा।

यह भी पढ़ें  बाराबंकी में सड़क पर बिखरी जिंदगी: घर लौट रहे युवक को तेज रफ्तार पिकअप ने रौंदा, परिवार में मचा कोहराम

अब सबकी नजर वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों पर टिकी है कि वे इस मामले में क्या कदम उठाते हैं और निर्माण कार्य में हुई कथित अनियमितताओं पर क्या कार्रवाई होती है।

रिपोर्ट – मंसूफ अहमद / मनोज कुमार शुक्ला 

 

संबंधित खबरें
Kamran Alvi
Author: Kamran Alvi

5915
🗳️ जनता की राय | यूपी 2027

2027 में आप किसे उत्तर प्रदेश का मुख्यमंत्री बनाना चाहते हैं?

सबसे ज्यादा पढ़ी गई