बाराबंकी में महाराणा प्रताप की 486वीं जयंती पर भव्य कार्यक्रम आयोजित हुआ।
पूर्व एमएलसी राजेश यादव ‘राजू’ ने मेधावी छात्रा को साइकिल भेंट की और स्मार्ट क्लास रूम का लोकार्पण किया।
कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं को सम्मानित कर राष्ट्रसेवा और शिक्षा के लिए प्रेरित किया गया।
बाराबंकी, उत्तर प्रदेश | 09 मई 2026
शौर्य, त्याग, राष्ट्रभक्ति और स्वाभिमान के अमर प्रतीक मेवाड़ रत्न वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप की 486वीं जयंती के अवसर पर शुक्रवार को बाराबंकी सदर विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत विकास खंड बंकी के ग्राम दुन्दुपुरवा (बरेठी) स्थित महाराणा प्रताप इंटर कॉलेज में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, शिक्षक, अभिभावक और क्षेत्रीय लोग मौजूद रहे।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व विधान परिषद सदस्य राजेश यादव ‘राजू’ रहे। उन्होंने महाराणा प्रताप के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके अदम्य साहस, स्वाभिमान तथा मातृभूमि के प्रति समर्पण को याद किया।

पूर्व एमएलसी बोले — महाराणा प्रताप का जीवन युवाओं के लिए प्रेरणा
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व एमएलसी राजेश यादव राजू ने कहा कि महाराणा प्रताप का जीवन संघर्ष, स्वाभिमान और राष्ट्रभक्ति की मिसाल है। उन्होंने कहा कि विपरीत परिस्थितियों में भी महाराणा प्रताप ने कभी आत्मसम्मान से समझौता नहीं किया और मातृभूमि की रक्षा के लिए अपना संपूर्ण जीवन समर्पित कर दिया।
उन्होंने कहा कि आज की युवा पीढ़ी को महाराणा प्रताप के जीवन से प्रेरणा लेकर राष्ट्रहित, शिक्षा और समाज सेवा के क्षेत्र में आगे बढ़ना चाहिए।

मेधावी छात्रा को साइकिल भेंट, स्मार्ट क्लास रूम का हुआ लोकार्पण
इस अवसर पर इंटरमीडिएट परीक्षा में 91.5 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय में प्रथम स्थान हासिल करने वाली प्रतिभाशाली छात्रा अशिंका यादव को प्रोत्साहन स्वरूप साइकिल भेंट कर सम्मानित किया गया। पूर्व एमएलसी ने छात्रा के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि बेटियों की शिक्षा समाज को नई दिशा देती है।
साथ ही विद्यालय में आधुनिक एवं तकनीक आधारित शिक्षण व्यवस्था को बढ़ावा देने के उद्देश्य से स्मार्ट क्लास रूम का भव्य लोकार्पण भी किया गया। विद्यालय प्रशासन ने इसे शिक्षा व्यवस्था को आधुनिक बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।

उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं का हुआ सम्मान
कार्यक्रम के दौरान हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले अन्य छात्र-छात्राओं को भी सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। अतिथियों ने विद्यार्थियों को शिक्षा, अनुशासन, संस्कार और राष्ट्रसेवा के मार्ग पर आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।
कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने महाराणा प्रताप के आदर्शों को अपनाने और समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का संकल्प लिया।
रिपोर्ट – मंसूफ अहमद















