Barabanki: मोहम्मदपुर खाला क्षेत्र में घर में घुसकर महिला और किशोरी पर जानलेवा हमला।
गंभीर आरोपों के बीच पुलिस और मेडिकल रिपोर्ट पर उठे सवाल।
पीड़ित परिवार ने निष्पक्ष जांच और सख्त कार्रवाई की मांग की।

बाराबंकी, उत्तर प्रदेश | 08 अप्रैल 2026
बाराबंकी जनपद के मोहम्मदपुर खाला थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां दबंगों द्वारा घर में घुसकर महिला और किशोरी पर कथित रूप से जानलेवा हमला किया गया। घटना के बाद पूरे इलाके में आक्रोश और दहशत का माहौल है।
पीड़ित परिवार ने पुलिस, ग्राम प्रधान और स्वास्थ्य विभाग की भूमिका पर गंभीर सवाल उठाए हैं, जिससे मामला और संवेदनशील हो गया है।
पुरानी रंजिश में हमला, ईंट-रोड और लाठी से की गई पिटाई
पीड़ित गुलाम नबी के अनुसार, 3 अप्रैल 2026 की रात करीब 8 बजे वह घर से बाहर था। इसी दौरान घर पर मौजूद उसकी भाभी ननकुन्नी उर्फ जैबुलनिशा और भतीजी राबिया पर हमला कर दिया गया।
आरोप है कि पड़ोस के कुछ लोग पुरानी रंजिश के चलते ईंट, लोहे की रॉड और लाठी-डंडों के साथ घर में घुस आए और दोनों पर हमला कर दिया।
हमले में किशोरी राबिया के चेहरे पर ईंट से वार किया गया, जिससे उसका होंठ फट गया और जबड़ा प्रभावित हुआ। वहीं ननकुन्नी के सिर पर लोहे की रॉड से वार किया गया, जिससे उन्हें गंभीर चोट आई और दोनों बेहोश हो गईं।


अस्पताल में भर्ती, मेडिकल रिपोर्ट पर सवाल
घायलों को पहले सूरतगंज सीएचसी और फिर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनके सिर और चेहरे पर टांके लगाए गए।
हालांकि पीड़ित परिवार का आरोप है कि गंभीर चोटों के बावजूद मेडिकल रिपोर्ट को “नॉर्मल” दिखाया गया। साथ ही पुलिस ने भी गंभीर धाराओं के बजाय हल्की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया।
पुलिस पर ग्राम प्रधान के दबाव में काम करने का आरोप
पीड़ित परिवार ने आरोप लगाया है कि पूरे मामले में ग्राम प्रधान के दबाव में पुलिस कार्रवाई को कमजोर किया गया।
परिजनों का कहना है कि जानबूझकर गंभीर धाराएं नहीं लगाई गईं और आरोपियों को बचाने की कोशिश की जा रही है।


आरोपियों की धमकी से परिवार दहशत में
पीड़ित परिवार का कहना है कि आरोपी खुलेआम धमकी दे रहे हैं—
“मुकदमा वापस ले लो, हमारा कुछ नहीं बिगाड़ पाओगे।”
इस वजह से परिवार भय और तनाव के माहौल में जीने को मजबूर है।
मामले में उठ रहे बड़े सवाल
इस पूरे मामले ने कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं—
- क्या पुलिस दबंगों के दबाव में काम कर रही है?
- क्या मेडिकल रिपोर्ट में गड़बड़ी की गई?
- क्या पीड़ित परिवार को न्याय मिलने में बाधाएं डाली जा रही हैं?

एसपी से निष्पक्ष जांच और सख्त कार्रवाई की मांग
पीड़ित परिवार ने पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय से मांग की है कि मामले में गंभीर धाराएं जोड़ी जाएं, निष्पक्ष जांच कराई जाए और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई हो।
फिलहाल दोनों घायलों का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है और परिवार न्याय की आस लगाए बैठा है।
रिपोर्ट – मंसूफ अहमद / उस्मान













