Barabanki: देवा थाना क्षेत्र के लालापुर गांव में शादी समारोह के दौरान फूड प्वाइजनिंग का मामला सामने आया है।
भोजन के बाद कई दर्जन लोग बीमार हो गए, 30 मरीज सीएचसी देवा और 6 जिला अस्पताल में भर्ती। जांच जारी।

बाराबंकी, उत्तर प्रदेश | 28 मार्च 2026
जनपद के देवा थाना क्षेत्र अंतर्गत लालापुर गांव में शनिवार को आयोजित एक शादी समारोह उस समय अफरा-तफरी में बदल गया, जब भोजन करने के बाद बड़ी संख्या में लोग अचानक बीमार पड़ गए। इस घटना ने पूरे इलाके में हड़कंप मचा दिया है।
स्थानीय स्तर पर कई दर्जन लोगों के फूड प्वाइजनिंग का शिकार होने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि प्रशासनिक स्तर पर अभी इसकी आधिकारिक संख्या की पुष्टि नहीं की गई है।

शादी समारोह में भोजन के बाद बिगड़ी लोगों की तबीयत
दोपहर में खाना, शाम होते ही शुरू हुई तबीयत खराब
जानकारी के अनुसार, लालापुर निवासी मोहम्मद मुहीद की पुत्री सलमा की शादी समारोह में थाना बड्डूपुर क्षेत्र के ग्राम खींचना से बारात आई थी। शनिवार दोपहर करीब 2 बजे बारातियों और मेहमानों को भोजन कराया गया, जिसके बाद बारात वापस लौट गई।
भोजन में मछली, मीट पुलाव, शाही टुकड़ा समेत कई व्यंजन परोसे गए थे।
लेकिन शाम होते-होते कई लोगों को अचानक उल्टी, दस्त, पेट दर्द और सिरदर्द की शिकायत होने लगी। देखते ही देखते यह संख्या बढ़ती गई और करीब तीन दर्जन से अधिक लोग बीमार हो गए।

अस्पतालों में मची अफरा-तफरी, कई मरीज भर्ती
सीएचसी देवा और जिला अस्पताल में इलाज जारी
बीमार लोगों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) देवा, जिला अस्पताल और आसपास के निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया।
- 30 मरीज सीएचसी देवा में भर्ती
- 6 मरीज जिला अस्पताल में भर्ती
- करीब एक दर्जन से अधिक मरीज निजी अस्पतालों में उपचाराधीन
सीएचसी देवा में कई मरीजों को प्राथमिक उपचार दिया गया, जबकि गंभीर मरीजों को जिला अस्पताल रेफर किया गया।

डॉक्टरों का बयान – सभी मरीजों की हालत स्थिर
प्राथमिक उपचार के बाद स्थिति नियंत्रण में
सीएचसी देवा में तैनात डॉक्टरों के अनुसार, सभी मरीजों की हालत फिलहाल नियंत्रण में है और किसी के भी जीवन को तत्काल खतरा नहीं है।
फार्मासिस्ट रामकृपाल के अनुसार, मोहम्मद सादिक (14), शफात (11), मोहम्मद शान वारिस (26), जाकिर (60), फिजा (9), मोहम्मद तैमील (35) सहित कई मरीजों का इलाज किया जा रहा है।
निजी अस्पताल के डॉक्टर सहाबुद्दीन ने भी बताया कि उनके यहां करीब एक दर्जन मरीज भर्ती हैं।

खाने में गड़बड़ी की आशंका, जांच शुरू
शाही टुकड़ा और खोया संदिग्ध
पीड़ितों में शामिल फैजुल्लागंज निवासी फातिमा बानो और अब्दुल हमीद ने बताया कि उनके परिवार के सदस्य भी भोजन के बाद बीमार हो गए।
स्थानीय लोगों ने आशंका जताई है कि भोजन में परोसे गए किसी खाद्य पदार्थ, विशेष रूप से शाही टुकड़ा या उसमें इस्तेमाल हुए खोये में गड़बड़ी हो सकती है। हालांकि इसकी पुष्टि जांच के बाद ही होगी।
स्वास्थ्य विभाग ने मामले की जांच शुरू कर दी है और भोजन के नमूनों को जांच के लिए भेजने की तैयारी की जा रही है।

पुलिस और समाजसेवियों ने निभाई अहम भूमिका
मरीजों को अस्पताल पहुंचाने में की मदद
घटना के दौरान स्थानीय पुलिस और समाजसेवियों ने सराहनीय भूमिका निभाई।
मौके पर तैनात दरोगा हरिश्चंद्र, सिपाही रिंकू और अर्जुन के साथ-साथ समाजसेवी इमरान और रेहान ने कई मरीजों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की।
सूचना मिलते ही कोतवाल अजय कुमार त्रिपाठी और पुलिस बल मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।

स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन हरकत में
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी देर रात अस्पताल पहुंचे और मरीजों का हालचाल लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) ने मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं। साथ ही यह भी कहा गया है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
सीओ संगम कुमार भी मौके पर मौजूद रहे और स्थिति पर नजर बनाए रखी।
800 लोगो ने खाया था खाना, गर्मी के चलते भोजन खराब होने की आशंका
स्थानीय लोगों के अनुसार, शादी समारोह में घराती और बाराती मिलाकर लगभग 800 लोगों ने भोजन किया था। राहत की बात यह रही कि बारातियों समेत अधिकांश मेहमानों की तबीयत सामान्य बनी रही।
ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि गर्मी और अधिक तापमान के कारण खोए से बने किसी व्यंजन में खराबी आ गई, जिसकी वजह से बाद में भोजन करने वाले कुछ लोग फूड प्वाइजनिंग का शिकार हो गए।

क्षेत्र में दहशत, लोगों में चिंता का माहौल
इस घटना के बाद पूरे लालापुर और आसपास के क्षेत्रों में दहशत और चिंता का माहौल है। लोग शादी समारोहों में परोसे जाने वाले भोजन की गुणवत्ता को लेकर सवाल उठा रहे हैं।
रिपोर्ट – मंसूफ अहमद / उस्मान
बाराबंकी में LPG सिलेंडर को लेकर हाहाकार के बीच होटल में घरेलू गैस का इस्तेमाल… देखें वीडियो










