बाराबंकी में नारी शक्ति वंदन अधिनियम को लेकर भाजपा महिला मोर्चा और कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस सांसद तनुज पुनिया के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया।
सांसद आवास के घेराव के दौरान पुलिस ने बैरिकेडिंग कर प्रदर्शनकारियों को रोका।
भाजपा नेताओं ने कांग्रेस और सपा पर महिला विरोधी राजनीति का आरोप लगाया।

बाराबंकी, उत्तर प्रदेश | 10 मई 2026
नारी शक्ति वंदन अधिनियम को लेकर उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले में राजनीतिक माहौल गरमा गया। कांग्रेस सांसद तनुज पुनिया के कथित विरोध के खिलाफ भाजपा महिला मोर्चा और पार्टी कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। सांसद आवास के घेराव के लिए निकली महिलाओं और भाजपा कार्यकर्ताओं को पुलिस ने बैरिकेडिंग लगाकर रोक दिया, जिसके बाद प्रदर्शनकारी सड़क पर धरने पर बैठ गए और कांग्रेस व समाजवादी पार्टी के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
बैरिकेडिंग के बाद धरने पर बैठीं महिलाएं, लगाए जोरदार नारे
धरना प्रदर्शन के दौरान महिलाओं ने “कांग्रेस पार्टी मुर्दाबाद”, “समाजवादी पार्टी मुर्दाबाद”, “राहुल गांधी मुर्दाबाद”, “अखिलेश यादव मुर्दाबाद”, “प्रियंका गांधी होश में आओ” और “नारी के सम्मान में भाजपा मैदान में” जैसे नारे लगाए। प्रदर्शन स्थल पर माहौल काफी देर तक गर्म बना रहा और पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आया।

ओबरी धरना स्थल पर जुटे सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ता
इससे पहले बड़ी संख्या में भाजपा महिला मोर्चा की कार्यकर्ता और पार्टी पदाधिकारी ओबरी स्थित धरना स्थल पर एकत्र हुए। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष राजरानी रावत ने कहा कि संसद में नारी शक्ति वंदन अधिनियम का विरोध कर कांग्रेस सांसद तनुज पुनिया ने महिलाओं का अपमान किया है और उन्हें इसके लिए सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि महिलाओं का सम्मान भाजपा की प्राथमिकता है और आने वाले विधानसभा चुनाव में महिलाएं कांग्रेस और समाजवादी पार्टी को इसका जवाब देंगी।

महिला आरक्षण बिल को लेकर विपक्ष पर साधा निशाना
भाजपा महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष रामेश्वरी त्रिवेदी ने कांग्रेस पर महिला विरोधी मानसिकता का आरोप लगाते हुए कहा कि महिला आरक्षण बिल का विरोध विपक्ष के असली चेहरे को उजागर करता है।
वहीं डॉ. रामकुमारी मौर्य ने कहा कि लोकसभा और विधानसभाओं में महिलाओं को अधिक प्रतिनिधित्व मिलने से देश के विकास को नई दिशा मिलती, लेकिन विपक्षी दलों ने महिला आरक्षण को लेकर सकारात्मक भूमिका नहीं निभाई।
प्रदर्शन में कई भाजपा नेता और महिला कार्यकर्ता रहीं मौजूद
धरना-प्रदर्शन में भाजपा जिलाध्यक्ष रामसिंह वर्मा, जिला महामंत्री विजय आनंद बाजपेई, हरगोविंद सिंह, रचना श्रीवास्तव, नीता अवस्थी, गुंजन शर्मा, उर्मिला रावत, निर्मला रावत, सरिता वर्मा, सोनिया गुप्ता, पवन सिंह रिंकू, ब्रजेश रावत, नवीन राठौर, अनीता चौहान, चिंता देवी, अशोक कुमारी, आशा देवी समेत सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ता और महिलाएं मौजूद रहीं।
रिपोर्ट – मंसूफ अहमद














