Barabanki Accident: मसौली क्षेत्र में सड़क हादसे में घायल पेट्रोल पंप कर्मचारी अमरेश कुमार की लखनऊ ट्रामा सेंटर में इलाज के दौरान मौत हो गई।
घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। पढ़ें पूरी खबर।

बाराबंकी, उत्तर प्रदेश | 07 अप्रैल 2026
जिले के मसौली थाना क्षेत्र के त्रिलोकपुर रानीबाजार संपर्क मार्ग पर हुए सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल पेट्रोल पंप कर्मचारी की सोमवार रात इलाज के दौरान मौत हो गई। इस दुखद खबर के घर पहुंचते ही परिवार में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
पेट्रोल पंप पर सेल्समैन थे अमरेश, परिवार हुआ बेसहारा
जानकारी के अनुसार, शाहपुर चकबहेरवा गांव निवासी अमरेश कुमार (35) अमलोरा स्थित शिव शक्ति पेट्रोल पंप पर सेल्समैन के रूप में कार्यरत थे। वह अपने परिवार के एकमात्र कमाने वाले सदस्य थे।
परिवार में उनकी पत्नी और तीन बच्चे—16 वर्षीय अमित, 14 वर्षीय नितिन और 12 वर्षीय पलक हैं। उनकी अचानक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

मुंडन कार्यक्रम से लौटते समय हुआ हादसा
परिजनों के अनुसार, करीब नौ दिन पहले अमरेश अपने फूफा के यहां कोटवा गांव में आयोजित मुंडन संस्कार में शामिल होने गए थे। कार्यक्रम से लौटते समय त्रिलोकपुर-रानीबाजार मार्ग पर बाबापुरवा मोड़ के पास धर्म कांटे के निकट किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गया।
हादसा इतना भीषण था कि अमरेश गंभीर रूप से घायल हो गए।
लखनऊ ट्रामा सेंटर में चल रहा था इलाज
घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से अमरेश को तुरंत लखनऊ मेडिकल कॉलेज के ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया। जहां डॉक्टरों की टीम ने उन्हें बचाने की पूरी कोशिश की, लेकिन करीब 9 दिन तक जिंदगी और मौत से जूझने के बाद सोमवार रात उन्होंने दम तोड़ दिया।


परिवार में पसरा मातम, बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल
अमरेश की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। उनके छोटे-छोटे बच्चों और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव के लोग भी इस घटना से बेहद दुखी हैं और परिवार को ढांढस बंधा रहे हैं।
पुलिस कर रही मामले की जांच
त्रिलोकपुर चौकी प्रभारी संजय यादव ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्ट – मंसूफ अहमद













