Barabanki

बाराबंकी में दर्दनाक सड़क हादसा: ट्रक से टकराकर बाइक सवार युवक की मौत, हेलमेट न पहनना पड़ा भारी

SHARE:

बाराबंकी के हैदरगढ़ में सड़क हादसे में 32 वर्षीय युवक कैलाश की मौत हो गई।

रायबरेली मार्ग पर ट्रक की बॉडी से टकराने के बाद गंभीर रूप से घायल युवक को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

बाराबंकी, उत्तर प्रदेश | 18 जून 2026

उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले के हैदरगढ़ कोतवाली क्षेत्र में गुरुवार देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में 32 वर्षीय बाइक सवार युवक की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि युवक ने हेलमेट नहीं पहन रखा था, जिसके चलते दुर्घटना के दौरान सिर में गंभीर चोट लग गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

ओवरटेक के दौरान हुआ हादसा

प्राप्त जानकारी के अनुसार, गुरुवार शाम करीब 8 बजे एक युवक मोटरसाइकिल से हैदरगढ़ से रायबरेली की ओर जा रहा था। जब वह कस्बे के ब्रह्मनान वार्ड स्थित सिनेमा हॉल मोड़ के पास पहुंचा, तभी उसने आगे चल रही एक अन्य मोटरसाइकिल को ओवरटेक करने का प्रयास किया।

यह भी पढ़ें  Sitapur News: शादी के 20 महीने बाद विवाहिता की संदिग्ध मौत, मायके पक्ष ने दहेज में 10 लाख की मांग और हत्या का लगाया आरोप

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, ओवरटेक के दौरान बाइक का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क पर चल रहे ट्रक की बॉडी से टकरा गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया।

सिर में गंभीर चोट लगने से गई जान

स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना पुलिस और एंबुलेंस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने 108 एंबुलेंस की मदद से घायल युवक को सीएचसी हैदरगढ़ पहुंचाया। वहां इमरजेंसी ड्यूटी पर तैनात चिकित्सा अधीक्षक डॉ. जयशंकर पांडे ने जांच के बाद युवक को मृत घोषित कर दिया।

चिकित्सकों के अनुसार युवक के सिर में गंभीर चोटें आई थीं। प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि दुर्घटना के समय उसने हेलमेट नहीं पहन रखा था, जिससे चोट और गंभीर हो गई।

यह भी पढ़ें  बाराबंकी में CCTV में क़ैद हुआ तेज रफ्तार पिकअप का कहर: बाइक सवार बुजुर्ग और स्कूटी को रौंदा, गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर

कनवा गांव का निवासी था मृतक

अस्पताल पहुंचे परिजनों ने मृतक की पहचान कैलाश (32 वर्ष) पुत्र हरिपाल, निवासी ग्राम कनवा, कोतवाली हैदरगढ़, जनपद बाराबंकी के रूप में की। युवक की असामयिक मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

शराब सेवन की भी चर्चा

स्थानीय लोगों के बीच यह चर्चा भी रही कि दुर्घटना के समय युवक ने कथित रूप से शराब का सेवन किया हुआ था। हालांकि पुलिस की ओर से इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। पुलिस आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ कर रही है तथा आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

यह भी पढ़ें  बाराबंकी में युवक की हत्या पर फूटा गुस्सा: शव सड़क पर रखकर प्रदर्शन, 'अपर जिला जज' लिखी कार से कुचलकर हत्या का आरोप; आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग

सड़क सुरक्षा के लिए हेलमेट पहनना जरूरी

विशेषज्ञों के अनुसार दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनना जीवन रक्षक साबित हो सकता है। अधिकांश सड़क दुर्घटनाओं में सिर में गंभीर चोट लगने के कारण मौतें होती हैं। ऐसे में हेलमेट का प्रयोग और यातायात नियमों का पालन करना बेहद आवश्यक है।

रिपोर्ट – मंसूफ अहमद 

संबंधित खबरें
Kamran Alvi
Author: Kamran Alvi

23317
🗳️ जनता की राय | यूपी 2027

2027 में आप किसे उत्तर प्रदेश का मुख्यमंत्री बनाना चाहते हैं?

सबसे ज्यादा पढ़ी गई