Barabanki

बाराबंकी में नाली विवाद ने लिया खूनी रूप: दबंग पड़ोसियों ने पहले दंपति को पीटा, फिर बेटी के सिर पर बांका मारकर किया घायल; पुलिस पर कार्रवाई न करने का आरोप

SHARE:

बाराबंकी जिले की बदोसराय कोतवाली क्षेत्र के रसूलपुर गांव में सरकारी नाली को लेकर चल रहा विवाद गुरुवार को हिंसक संघर्ष में बदल गया।

पीड़ित परिवार का आरोप है कि पहले दंपति की पिटाई की गई और पुलिस से शिकायत के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई।

इसके बाद शाम को खेत जा रही उनकी पुत्री पर लाठी-डंडों और बांके से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल है।

बाराबंकी, उत्तर प्रदेश | 18 जून 2026

उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले के बदोसराय कोतवाली क्षेत्र के रसूलपुर गांव में सरकारी नाली को लेकर लंबे समय से चला आ रहा विवाद गुरुवार को खूनी संघर्ष में बदल गया। पीड़ित संग्राम यादव का आरोप है कि पड़ोस में रहने वाले लोग आए दिन सरकारी नाली में कूड़ा-कचरा डालकर उसे बंद कर देते थे, जिससे गांव में जल निकासी की समस्या उत्पन्न हो रही थी।

संग्राम यादव के अनुसार 18 जून की सुबह करीब 7 बजे वह नाली की सफाई कर रहे थे। इसी दौरान पड़ोसी पक्ष के कई लोग एकत्र होकर वहां पहुंचे और विवाद शुरू हो गया।

यह भी पढ़ें  बाराबंकी में अधूरी सड़क बनी मुसीबत: 15 दिन से ठप पड़ा निर्माण कार्य, गिट्टियों पर चलने को मजबूर राहगीर और स्कूली बच्चे

दंपति पर लाठी-डंडों और फावड़े से हमला करने का आरोप

पीड़ित परिवार का आरोप है कि लल्ला प्रसाद, नकुल, अर्जुन, राकेश, सावित्री देवी, सत्यनाम, दिनेश, विवेक, सत्य प्रेम, कामिनी देवी सहित कई लोगों ने एकराय होकर हमला कर दिया।

आरोप है कि हमलावरों ने संग्राम यादव और उनकी पत्नी शिवदेवी को लाठी-डंडों, लात-घूंसों और फावड़े से पीटा। मारपीट में दोनों को गंभीर चोटें आईं। पीड़िता शिवदेवी के गले की सोने की माला और कान की टप (झुमकी) भी घटना के दौरान गिरकर गुम हो गई।

पुलिस पर कार्रवाई न करने का आरोप, बढ़े आरोपियों के हौसले

संग्राम यादव का आरोप है कि घटना के तुरंत बाद वह बदोसराय कोतवाली पहुंचे और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की, लेकिन पुलिस ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया।

पीड़ित परिवार का कहना है कि यदि समय रहते पुलिस मौके पर पहुंचकर कार्रवाई करती तो दूसरी बड़ी घटना टाली जा सकती थी। उनका आरोप है कि पुलिस की निष्क्रियता से आरोपियों के हौसले और बढ़ गए।

खेत जा रही बेटी पर जानलेवा हमला, सिर पर लगा बांका

पीड़ित परिवार के अनुसार शाम करीब 6:30 बजे उनकी पुत्री रोली पशुओं के लिए चारा लेने खेत जा रही थी। इसी दौरान आरोपियों ने रास्ते में उसे घेर लिया और लाठी-डंडों के साथ हमला कर दिया।

यह भी पढ़ें  Barabanki: नवरात्र के पहले दिन बाबा टीकाराम धाम में बड़ा हादसा, 17 वर्षीय किशोर की नदी में डूबकर मौत; परिवार में कोहराम

परिजनों का आरोप है कि हमले के दौरान रोली के सिर पर बांका मारा गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर लहूलुहान हो गई। स्थानीय लोगों की मदद से उसे बचाया गया।

घटना के बाद परिवार में अफरा-तफरी मच गई और घायल युवती को लेकर परिजन सीधे बदोसराय कोतवाली पहुंचे।

गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज करने की मांग पर चेतावनी 

पीड़ित पक्ष का आरोप है कि खून से लथपथ हालत में युवती को लेकर कोतवाली पहुंचने के बाद भी पुलिस ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया। परिवार का कहना है कि जब उन्होंने जानलेवा हमले की धाराओं में मुकदमा दर्ज करने की मांग की तो उन्हें सामान्य धाराओं में कार्रवाई की बात कही गई।

परिजनों ने आरोप लगाया कि विरोध करने पर उन्हें उल्टा मुकदमे में फंसाने की चेतावनी तक दी गई।

क्या बोले बदोसराय कोतवाल?

इस मामले में बदोसराय कोतवाली प्रभारी राम अवतार सरोज ने बताया कि घटना की जांच कराई जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़ें  बाराबंकी में दर्दनाक सड़क हादसा: ऑटो की टक्कर से वृद्ध की मौत, गांव में मचा कोहराम

उन्होंने कहा कि दोनों पक्षों के आरोपों की निष्पक्ष जांच के बाद उचित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

ग्रामीणों में आक्रोश, निष्पक्ष कार्रवाई की मांग

घटना के बाद गांव में तनाव और आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि पुलिस समय रहते पहली शिकायत पर कार्रवाई करती तो युवती पर हुए जानलेवा हमले जैसी घटना नहीं होती। ग्रामीणों ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की है।

रिपोर्ट – मंसूफ अहमद 

बाराबंकी में पुलिस पर युवक को फर्जी मुकदमे में फंसाने का आरोप, बूढ़े बाप ने एसपी से लगाई न्याय की गुहार

संबंधित खबरें
Kamran Alvi
Author: Kamran Alvi

11570
🗳️ जनता की राय | यूपी 2027

2027 में आप किसे उत्तर प्रदेश का मुख्यमंत्री बनाना चाहते हैं?