बाराबंकी में भाजपा के “पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाभियान-2026” का समापन।
खाद्य एवं रसद राज्यमंत्री सतीश शर्मा ने कहा कि गरीबों के उत्थान से ही राष्ट्र निर्माण संभव है।
योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने में भाजपा कार्यकर्ताओं की भूमिका पर जोर दिया।

बाराबंकी, उत्तर प्रदेश | 24 मई 2026
उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले में भारतीय जनता पार्टी के “पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाभियान-2026” के अंतर्गत आयोजित दो दिवसीय जिला प्रशिक्षण वर्ग का रविवार को समापन हो गया। समापन सत्र को संबोधित करते हुए प्रदेश सरकार के खाद्य एवं रसद राज्यमंत्री सतीश शर्मा ने कहा कि गरीबों के कल्याण से ही देश के विकास और राष्ट्र निर्माण का मार्ग प्रशस्त होता है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार “सबका साथ, सबका विकास” के मूल मंत्र पर कार्य करते हुए समाज के अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।
राज्यमंत्री सतीश शर्मा ने “सरकार की गरीब कल्याण योजनाएं और उनके क्रियान्वयन में संगठन की भूमिका” विषय पर बोलते हुए कहा कि भाजपा कार्यकर्ता सेवा, समर्पण और संगठन की भावना के साथ केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को गांव-गांव तक पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं।

आयुष्मान, उज्ज्वला और आवास योजनाओं का लाभ दिलाने में कार्यकर्ता निभा रहे अहम भूमिका
सतीश शर्मा ने कहा कि पार्टी संगठन के कार्यकर्ता सिर्फ राजनीतिक गतिविधियों तक सीमित नहीं हैं, बल्कि वे पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं से जोड़ने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने बताया कि भाजपा कार्यकर्ता गांवों में जाकर लोगों को योजनाओं की जानकारी देने के साथ-साथ आयुष्मान भारत योजना, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना समेत अन्य योजनाओं में पंजीकरण कराने में सहायता कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में गरीबों, किसानों, महिलाओं, युवाओं, दलितों और वंचित वर्गों के लिए कई ऐतिहासिक फैसले लिए गए हैं। अब इन योजनाओं का लाभ धरातल पर दिखाई देने लगा है और बिना किसी भेदभाव के पात्र लोगों तक सुविधाएं पहुंच रही हैं।

राष्ट्र निर्माण में संगठन और विचारधारा की भूमिका पर हुआ मंथन
प्रशिक्षण वर्ग के दूसरे दिन की शुरुआत योगाभ्यास और व्यायाम के साथ हुई। इसके बाद आयोजित विभिन्न सत्रों में भाजपा नेताओं और पदाधिकारियों ने संगठन, बूथ प्रबंधन और विचारधारा से जुड़े विषयों पर कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षण दिया।
नौवें सत्र को संबोधित करते हुए भाजपा प्रदेश मंत्री शिवभूषण सिंह ने बूथ प्रबंधन को चुनावी सफलता की सबसे मजबूत कड़ी बताया। वहीं क्षेत्रीय मंत्री विनोद पटेल ने “विचार परिवार” विषय पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की राष्ट्र निर्माण में भूमिका और भाजपा की वैचारिक पृष्ठभूमि पर प्रकाश डाला।

राष्ट्रगान के साथ हुआ प्रशिक्षण वर्ग का समापन
दो दिवसीय प्रशिक्षण वर्ग का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
इस दौरान पूर्व क्षेत्रीय महामंत्री एवं वर्ग प्रभारी नीरज सिंह, जिला अध्यक्ष राम सिंह वर्मा, एससी-एसटी आयोग के प्रदेश अध्यक्ष बैजनाथ रावत, जिला पंचायत अध्यक्ष राजरानी रावत, विधायक दिनेश रावत, एमएलसी अंगद सिंह, शरद अवस्थी, अवधेश श्रीवास्तव, अजीत प्रताप सिंह, अमरीश रावत, रामकुमारी मौर्य, अरविंद मौर्य, शशांक कुसुमेश, विजय आनंद बाजपेई, शीलरत्न मिहिर, गुरुशरण लोधी, संदीप गुप्ता, धर्मेंद्र यादव, रमन्ता रावत, सतीश विश्वकर्मा, सविता रावत, विवेक तिवारी, रूपेश सिंह लकी, मुलायम सिंह यादव, चमन पटेल और शेखर हयारण सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
रिपोर्ट – मंसूफ अहमद
















