Barabanki

Barabanki: असंद्रा पुलिस पर 14 हजार रुपये छीनने का आरोप, पीड़ित ने SP से लगाई इंसाफ की गुहार; कार्रवाई में भेदभाव को लेकर उठे सवाल

SHARE:

Barabanki: असंद्रा थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति ने पुलिसकर्मियों पर 14 हजार रुपये छीनने, धमकी और उत्पीड़न का आरोप लगाया है।

पीड़ित ने एसपी अर्पित विजयवर्गीय से शिकायत कर आरोपी पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की मांग की है।

वहीं पुलिस की कार्रवाई में भेदभाव को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।

Barabanki

बाराबंकी, उत्तर प्रदेश | 10 अप्रैल 2026

बाराबंकी के असंद्रा थाना क्षेत्र के ग्राम मंझौती बेलपुर निवासी जैराम ने पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय को शिकायती प्रार्थना पत्र देकर स्थानीय पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं।

पीड़ित के अनुसार, वर्तमान में वह जयराम बाचा कासरी दास कुटी पर रहकर अत्यंत दयनीय स्थिति में जीवन यापन कर रहा है। इससे पहले वह एक धर्मशाला में रहता था, लेकिन कुछ लोगों द्वारा वहां से निकाल दिए जाने के बाद उसकी स्थिति और खराब हो गई।

टीन शेड बनवाने के लिए जुटाए पैसे, रास्ते में छीनने का आरोप

जैराम ने बताया कि रहने के लिए टीन शेड बनवाने के उद्देश्य से उसने अपना गेहूं बेचकर व अन्य माध्यमों से ₹14,000/- की रकम जुटाई थी।

आरोप है कि 6 अप्रैल 2026 को जब वह अपने एक साथी के साथ यह रकम लेकर टीन खरीदने जा रहा था, तभी कल्याणी नदी पुल के पास एक व्यक्ति मिला, जिसने खुद को चौकी इंचार्ज बताया।

पीड़ित का कहना है कि उस व्यक्ति ने उन्हें रोककर जबरन तलाशी ली और जेब में रखे पूरे ₹14,000/- निकाल लिए।

चौकी ले जाकर गाली-गलौज और धमकी देने का आरोप

पीड़ित के अनुसार, पैसे छीनने के बाद उसे दिलावलपुर चौकी ले जाया गया, जहां मौजूद पुलिसकर्मियों से जब उसने चौकी इंचार्ज के बारे में पूछा तो एक दीवान ने खुद को चौकी प्रभारी बताया और कहा कि कोई पैसा नहीं लिया गया है।

यह भी पढ़ें  Barabanki: नवरात्रि पर SDM के निर्देश पर टूटी खाद्य विभाग की नींद, कई प्रतिष्ठानों पर मारा छापा; कुट्टू आटा-साबूदाना समेत 5 नमूने लिए गए

जैराम का आरोप है कि इस दौरान उसका मोबाइल फोन भी छीनकर फेंक दिया गया और उसे गाली-गलौज करते हुए डराया-धमकाया गया।

उसे चेतावनी दी गई कि यदि उसने किसी का नाम लिया या शिकायत की, तो उसे झूठे मुकदमे में फंसा दिया जाएगा।

पीड़ित का बयान

₹500 देकर चुप कराने का आरोप, बार-बार चौकी बुलाकर दबाव

पीड़ित ने आरोप लगाया कि बाद में उसे केवल ₹500 देकर मामला रफा-दफा करने की कोशिश की गई और कहा गया कि शिकायत न करे, उसे टीन सेट का सामान दिलवा दिया जाएगा।

इसके बाद भी उसे कई बार चौकी दिलावलपुर बुलाया गया, जहां घंटों बैठाकर बार-बार यही कहा जाता रहा कि वह शिकायत न करे।

पीड़ित का कहना है कि लगातार झूठे आश्वासन दिए गए, लेकिन आज तक न तो उसकी ₹14,000/- की रकम वापस की गई और न ही कोई मदद की गई।

भ्रष्टाचार, धमकी और मानसिक उत्पीड़न के आरोप

जैराम का आरोप है कि संबंधित चौकी प्रभारी और पुलिसकर्मियों ने अपने पद का दुरुपयोग करते हुए उसके साथ अवैध वसूली, गाली-गलौज, धमकी, मानसिक उत्पीड़न और धोखाधड़ी की है।

उसने चेतावनी दी कि यदि ऐसे मामलों में कार्रवाई नहीं हुई तो आम जनता का कानून और प्रशासन से विश्वास उठ जाएगा।

यह भी पढ़ें  Barabanki: संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी के फंदे पर झूलता मिला 40 वर्षीय युवक का शव, परिवार में मचा कोहराम

लूट की शिकायत पर FIR नहीं, कॉलेज प्रबंधक के मामले में त्वरित कार्रवाई

इस पूरे मामले में सबसे बड़ा सवाल पुलिस की कार्यशैली को लेकर उठ रहा है।

एक ओर जहां जैराम की शिकायत के चार दिन बाद भी लूट जैसे गंभीर आरोप में एफआईआर दर्ज नहीं हुई, वहीं दूसरी ओर असंद्रा थाना क्षेत्र के ही एक कॉलेज प्रबंधक की शिकायत पर पुलिस ने बेहद तेजी दिखाई।

राम खेलावन स्नातकोत्तर महाविद्यालय के प्रबंधक आलोक पांडेय द्वारा 8 अप्रैल 2026 को कॉलेज की ही एक महिला शिक्षक पर ब्लैकमेलिंग का आरोप लगाए जाने के बाद पुलिस ने उसी दिन रात 9:05 बजे मुकदमा दर्ज कर लिया और अगले ही दिन सुबह आरोपी महिला और उसके कथित साथी को गिरफ्तार कर लिया।

इस कार्रवाई की तेजी को लेकर इलाके में चर्चाएं तेज हैं और लोग पुलिस के दोहरे रवैये पर सवाल खड़े कर रहे हैं।

पहले भी विवादों में रही असंद्रा पुलिस

स्थानीय लोगों के अनुसार, असंद्रा थाना पुलिस की कार्यशैली पहले भी विवादों में रही है।

बताया जाता है कि नवंबर 2025 में दो सगी बहनों के साथ हुए सामूहिक दुष्कर्म के मामले में भी पुलिस पर आरोपियों से साठगांठ और पीड़ित परिवार को डराने-धमकाने के आरोप लगे थे। बाद में उच्च अधिकारियों के हस्तक्षेप के बाद ही मुकदमा दर्ज किया गया था।

इसी तरह एक अन्य मामले में विवाहिता द्वारा दुष्कर्म का वीडियो बनाकर ब्लैकमेल किए जाने से परेशान होकर जहर खाने की घटना में भी पुलिस पर आरोपियों को बचाने के आरोप लगे थे, जिसमें पीड़िता की बाद में इलाज के दौरान मौत हो गई थी।

यह भी पढ़ें  Barabanki Murder Case – 18 वर्षीय युवक की हत्या, नाले में मिला शव, इलाके में सनसनी

इसके अलावा अवैध लकड़ी कटान और खनन माफियाओं से साठगांठ के आरोप भी समय-समय पर सामने आते रहे हैं।

निष्पक्ष जांच और सख्त कार्रवाई की मांग

फिलहाल इस पूरे मामले में पीड़ित ने जहां IGRS पर अपनी शिकायत दर्ज कराई है वहीं एसपी अर्पित विजयवर्गीय को शिकायती प्रार्थना पत्र देकर मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने और अपनी छीनी गई रकम वापस दिलाने की मांग की है।

अब देखना होगा कि प्रशासन इस गंभीर प्रकरण पर क्या रुख अपनाता है।

रिपोर्ट – मंसूफ अहमद

संबंधित खबरें
Kamran Alvi
Author: Kamran Alvi

2157
🗳️ जनता की राय | यूपी 2027

2027 में आप किसे उत्तर प्रदेश का मुख्यमंत्री बनाना चाहते हैं?