Barabanki: मोहम्मदपुर खाला थाना क्षेत्र में 11 वर्षीय बालिका का शव गेहूं के खेत में संदिग्ध हालत में मिला।
दुराचार के बाद गला घोंटकर हत्या की आशंका, पुलिस जांच में जुटी।

बाराबंकी, उत्तर प्रदेश | 26 मार्च 2026
बाराबंकी जिले के मोहम्मदपुर खाला थाना क्षेत्र में एक बेहद सनसनीखेज घटना सामने आई है। यहां घर से खेत गई 11 वर्षीय बालिका का शव संदिग्ध परिस्थितियों में गेहूं के खेत में मिलने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।
प्रथम दृष्टया आशंका जताई जा रही है कि दुराचार के बाद बालिका की गला घोंटकर हत्या की गई है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस प्रशासन में भी हलचल मच गई और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए।

खेत गई थी बालिका, कुछ देर बाद लापता
गेहूं के खेत में पडा मिला शव
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मोहम्मदपुर खाला थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी व्यक्ति की 11 वर्षीय बेटी गांव के ही प्राथमिक विद्यालय में कक्षा तीन की छात्रा थी।
गुरुवार दोपहर वह अपने घर से करीब एक किलोमीटर दूर स्थित खेत की ओर गई थी, जहां उसके पिता अन्य परिजनों के साथ मेंथा की रोपाई कर रहे थे।
बताया जा रहा है कि बालिका के खेत पहुंचने से पहले ही मजदूर काम खत्म कर जा चुके थे और पिता व परिवार के अन्य सदस्य भी कुछ समय के लिए घर लौट गए थे।
जब पिता दोबारा खेत पहुंचे तो बेटी वहां नहीं मिली, जिसके बाद उसकी तलाश शुरू की गई।

50 मीटर दूर गेहूं के खेत में मिला शव
अर्धनग्न हालात में मिली बच्ची की लाश, शरीर पर चोट के निशान
परिजनों की तलाश के दौरान खेत से लगभग 50 मीटर दूर गांव के ही एक व्यक्ति के गेहूं के खेत में बालिका का शव संदिग्ध परिस्थितियों में पड़ा मिला।
बताया जा रहा है कि शव अर्धनग्न अवस्था में था। शरीर पर से लैगी गायब थी और कुर्ती भी बाजू के पास फटी हुई थी। बालिका के गले पर चोट के कई निशान पाए गए हैं।
इन परिस्थितियों को देखते हुए परिजनों ने गला दबाकर हत्या किए जाने की आशंका जताई है, वही ग्रामीण दुराचार के बाद हत्या की आशंका जता रहे हैं। जिससे पूरे गांव में दहशत का माहौल बन गया है।

मौके पर पहुंचे पुलिस के आला अधिकारी
एसपी समेत कई अधिकारी पहुंचे, जांच शुरू
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय, अपर पुलिस अधीक्षक विकास चंद्र त्रिपाठी, क्षेत्राधिकारी फतेहपुर जगतराम कनौजिया और प्रभारी निरीक्षक आशुतोष मिश्रा मौके पर पहुंचे।
अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और परिजनों से पूछताछ कर घटना की पूरी जानकारी ली।

परिवार की नहीं थीं किसी से दुश्मनी
गांव वालो के अनुसार बालिका का परिवार काफी सरल व सौम्य स्वभाव का है। परिवार की किसी से भी कोई दुश्मनी नहीं चल रही थी। ऐसे में परिवार की 11 साल की बच्ची के साथ ऐसी हैवानियत क्यों की गई? इसे लेकर भी तरह-तरह के कयास लगाए जा रहे है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार, सभी पहलुओं पर जांच
हत्या सहित हर एंगल से जांच में जुटी पुलिस
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा।
फिलहाल पुलिस हत्या सहित सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच कर रही है।

इलाके में दहशत, लोगों में आक्रोश
घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत और आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों ने दोषियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस तरह की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
रिपोर्ट – नीरज निगम
बांग्लादेश में नदी में समाई 40 सवारियों से भरी बस… देखें घटना का लाइव वीडियो













