Barabanki: कुर्सी थाना क्षेत्र में लखनऊ-महमूदाबाद मार्ग पर दो अलग-अलग सड़क हादसे हुए।
अचानक सामने आए युवको को बचाने के प्रयास में कार और डंपर अनियंत्रित होकर पलट गए। हादसों में कई लोग घायल हुए।

बाराबंकी, उत्तर प्रदेश | 20 मार्च 2026
उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले के कुर्सी थाना क्षेत्र में शुक्रवार दोपहर लखनऊ-महमूदाबाद मार्ग पर कल्लू पुरवा मोड़ के पास एक बड़ा हादसा हो गया। सड़क पार कर रहे एक युवक को बचाने के प्रयास में तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई में पलट गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवक अचानक दौड़कर सड़क पार कर रहा था, जिसे बचाने के प्रयास में चालक ने कार मोड़ी, लेकिन संतुलन बिगड़ गया और कार पलट गई। कार में एक वृद्ध सहित तीन लोग सवार थे।

कार पलटने से मची अफरातफरी, लोगों ने किया रेस्क्यू
हादसे के बाद कार के चारों पहिए ऊपर हो गए और उसमें सवार सभी लोग अंदर फंस गए। मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और कड़ी मशक्कत के बाद सभी घायलों को सुरक्षित बाहर निकाला।
बताया जा रहा है कि सभी लोग लखनऊ के गुडंबा थाना क्षेत्र के अलकापुरी निवासी हैं और एक मुंडन संस्कार में शामिल होने जा रहे थे। हादसे में तीनों को हल्की चोटें आई हैं।

निंदूरा के पास दूसरा हादसा, डंपर भी खाई में पलटा
इसी मार्ग पर दूसरा हादसा कुर्सी क्षेत्र के निंदूरा गांव के पास हुआ। यहां मौरंग से लदा एक डंपर बाइक सवार को बचाने के प्रयास में अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे खाई में पलट गया।

जानकारी के मुताबिक डंपर कानपुर से मौरंग लेकर सीतापुर जनपद के महमूदाबाद जा रहा था। अचानक सामने आए बाइक सवार को बचाने के दौरान चालक का नियंत्रण बिगड़ गया और वाहन पलट गया।
चालक घायल, अस्पताल में भर्ती
डंपर पलटने से चालक को हल्की चोटें आईं। स्थानीय लोगों की मदद से उसे तुरंत पास के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
रिपोर्ट – ललित राजवंशी













