UP News: डिलीवरी बॉय बना लुटेरा दूल्हा, चार दिन में दो लड़कियों से रचाई शादी, लाखों का दहेज लेने के बाद किया ये गंदा काम…

UP News:

प्रयागराज में एक स्विगी डिलीवरी बॉय लुटेरा बन गया। धोखाधड़ी के महज़ चार दिन में दो लड़कियों से शादी रचाई और लाखों का दहेज लेने के बाद दोनों को छोड़ दिया। दोनों पत्नियों ने संयुक्त रूप से आरोपी और उसके परिजनो के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। पढ़ें पूरी खबर विस्तार से।

Barabanki

प्रयागराज, उत्तर प्रदेश।

लुटेरी दुल्हनों की कहानियां तो अपने खूब सुनी होगी, लेकिन यूपी के प्रयागराज में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां Swiggy का एक डिलीवरी बॉय लुटेरा दूल्हा बन गया। महज़ चार दिन के अंतराल पर उसने धोखाधड़ी कर दो अलग अलग लड़कियों से शादी रचाई और दान दहेज के तौर पर लाखों की रकम और उपहार ऐंठने के बाद दोनों ही पत्नियों को छोड़ कर उनकी जिंदगी बर्बाद कर दी।

युवक की असलियत सामने आने के बाद दोनों पत्नियों ने पुलिस कमिश्नर को संयुक्त शिकायती पत्र देकर आरोपी और उसके परिजनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।

 

30 नवम्बर 2024 को मंदिर में भरी खुशबू की मांग

जानकारी के मुताबिक सराय इनायत थाना क्षेत्र के ग्राम दलापुर के रहने वाले राम कृष्ण दूबे उर्फ राहुल दूबे ने 19 अक्टूबर 2023 को ग्राम लालगंज आझारा थाना लालगंज की रहने वाली खुशबू नाम की युवती के साथ आपसी रज़ामंदी से कोर्ट मैरिज किया और प्रयागराज शहर के लेबर चौराहा अल्लापुर में किराए का कमरा लेकर उसके साथ रहने लगा। खुशबू का आरोप है कि इसकी जानकारी जब रामकृष्ण के घरवालों को हुई तो उन्होंने लोकलाज और समाज की दुहाई देते हुए मंदिर में हिंदू रीति रिवाज से पुनः शादी कराने का प्रस्ताव रखा।

30 नवम्बर 2024 को घर-परिवार के लोगों की मौजूदगी में पड़िला धाम महादेव मंदिर प्रयागराज में हिंदू रीति रिवाज के अनुसार विवाह संपन्न कराया गया। जिसमें रामकृष्ण व उनके माता-पिता व अन्य घरवालों की मांग पर खुशबू के माता-पिता ने दहेज के रूप में दो लाख रूपये नगद, 10 ग्राम की एक सोने की चेन, सोने की एक अंगूठी व दो लाख रुपए कीमत की घरेलू उपयोग की वस्तुएं भी दी।

 

पहली पत्नी के लिए शहर में लिया किराए का कमरा 

खुशबू ने बताया कि शादी के बाद विदा होकर वो अपने ससुराल गई, लेकिन दूसरे ही दिन रामकृष्ण उसे प्रयागराज शहर के लेबर चौराहा अल्लापुर स्थित किराए के उसी मकान ले आया जहां कोर्ट मैरिज के बाद से वो रह रही थीं। खुशबू ने बताया कि क्योंकि रामकृष्ण शहर में रहकर Swiggy में डिलीवरी बॉय का काम करता था, इस लिए उसे उसके इरादों पर शक नहीं हुआ।

यह भी पढ़ें  Barabanki: पुलिस थानों में बगैर ख़र्चा-पानी नहीं हो रही पीड़ितों की सुनवाई, पीड़ित न्याय के लिए भटकने को मजबूर

 

4 दिसंबर 2024 को बारात लेकर पहुंचा शिवांगी के घर

वही दूसरी तरफ 4 दिसंबर 2024 को राम कृष्णदूबे उर्फ राहल दूबे बकायदा बारात लेकर सराय इनायत थाना क्षेत्र के ही ग्राम बरईपुर निवासी हृदय नारायण के घर पहुंचा और उनकी पुत्री शिवांगी तिवारी के साथ हिन्दू रीति-रिवाज से विवाह किया। जिसमें शिवांगी के माता-पिता ने अपनी हैसियत से बढ़-चढ़कर दान-दहेज के रूप में एक टीवीएस स्पोर्ट बाइक, तीन लाख रुपये नगद, घर-गृहस्थी का सामान तथा रिश्तेदारों की विदाई व बारात के स्वागत आदि में लगभग छः लाख रूपये खर्च किए।

 

शादी के बाद दहेज की मांग और मारपीट

शिवांगी की माने तो विदा होकर ससुराल आने के अगले ही दिन से पति रामकृष्ण, सास गीता देवी, ससुर राजेश दूबे व देवर नितेश एवं सूरज उसके ऊपर अतिरिक्त दहेज के तौर पर दो लाख रूपये नगद तथा एक सोने की चेन लाने का दबाव बनाने लगे। आरोप है कि मना करने पर उसे बुरी तरह से मार-पीटकर घर से भगा दिया गया। शिवांगी के पिता ने काफी अनुनय विनय किया, रिश्तेदारों के माध्यम से पंचायत भी करवाई परन्तु रामकृष्ण व उसके परिवार के लोग शिवांगी को रखने को तैयार नहीं हुए।

 

पहली शादी का खुला भेद

इसी बीच शिवांगी को पता लगा कि रामकृष्ण उससे पहले खुशबू नाम की दूसरी लड़की से शादी चुका है। इसकी पुष्टि के लिए जब शिवांगी ने ख़ुशबू से संपर्क किया तो पता लगा कि राहुल उर्फ राम कृष्ण के संसर्ग से खुशबू को 25 अक्टूबर 2025 को एक लड़की पैदा हुई है। राम कष्ण ने पिछले दो महीने से खुशबू को भी छोड दिया है और सम्पर्क करने पर फोन भी नहीं उठाता है।

 

आरोपी के घर पहुंची दोनों पत्नियां 

रामकृष्ण की सच्चाई उजागर होने के बाद दिनांक 10 नवम्बर 2025 को शिवांगी और खुशबू दोनों एक साथ उसके घर ग्राम दलापुर गई। वहां रामकृष्ण और उसने घरवालों ने दोनों को बुरी तरह से मार-पीटकर भगा दिया। आरोप के मुताबिक खुशबू की नवजात पुत्री का भी गला दबाकर जान से मारने का प्रयास किया गया, लेकिन पड़ोसियों के मौके पर आ जाने के चलते जान बच गई।

यह भी पढ़ें  Barabanki: घर से दोस्तों के साथ निकले युवक की संदिग्ध मौत, इंदिरा डैम के पास मिला शव, गुप्तांग कटा - शरीर पर भी गहरे घाव मौजूद, आक्रोशित परिजनों ने जमकर किया हंगामा

 

पुलिस आयुक्त के आदेश में दर्ज हुआ मुकदमा

खुशबू और शिवांगी ने बताया कि वो दोनों कई बार शिकायत लेकर थाने जा चुकी है लेकिन पुलिस कोई सुनवाई नहीं कर रही। जिसके बाद दोनों में पुलिस आयुक्त प्रयागराज को संयुक्त शिकायती पत्र देकर इंसाफ की गुहार लगाई।

पुलिस आयुक्त के आदेश पर सराय इनायत थाने में आरोपी पति रामकृष्ण दुबे उर्फ राहुल दुबे, सास गीता देवी, ससुर राजेश दुबे व देवर नितेश और सूरज के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 82(1), 85, 115(2) व दहेज प्रतिषेध अधिनियम 1961 की धारा 3, 4 के तहत मुकदमा दर्ज कर मामले की छानबीन कर रही हैं

रिपोर्ट – नौमान माजिद

यह भी पढ़ें..

Barabanki Express
Author: Barabanki Express

शहर की हर गली से लेकर राजनीतिक गलियारों तक, शिक्षा से लेकर स्वास्थ्य तक, और अपराध से लेकर समाज सेवा तक – बाराबंकी एक्सप्रेस लेकर आता है पल-पल की सच्ची और विश्वसनीय ख़बरें। हमारा मिशन है, आपकी आवाज़ बनना, आपकी समस्याओं को उठाना और आपको अपने शहर के हर पहलू से अवगत कराना। ज़मीनी रिपोर्टिंग और निष्पक्ष पत्रकारिता के साथ, बाराबंकी एक्सप्रेस है आपकी जानकारी का सच्चा साथी।

और पढ़ें

error: Content is protected !!