Lucknow: महानगर में दिल दहला देने वाली वारदात: सौतेले पिता ने B.C.A. छात्रा का गला रेता, बचाने आई मां पर भी किया हमला

 


लखनऊ, यूपी।
राजधानी लखनऊ के महानगर स्थित विज्ञानपुरी कॉलोनी में सोमवार देर शाम एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक सौतेले पिता ने 19 वर्षीय बीसीए (B.C.A.) छात्रा बेटी सिमरन का गला चाकू से रेत कर निर्मम हत्या कर दी। बेटी के शरीर पर चाकू से ताबड़तोड़ कई वार भी किए गए। अपनी बेटी को बचाने दौड़ी मां पर भी हमलावर पिता ने चाकू से वार किया। इस जघन्य वारदात को अंजाम देकर भाग रहे आरोपी पिता को पड़ोसियों ने दौड़कर पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया है।
दूसरी शादी और संपत्ति विवाद बना खूनी वजह
पुलिस के अनुसार, विज्ञानपुरी, सेक्टर-सी निवासी सिमरन की मां रेखा राजपूत के पहले पति डॉ. जागेश कुमार की वर्ष 2014 में मृत्यु हो गई थी। इसके बाद वर्ष 2024 में रेखा ने मध्य प्रदेश के रीवा निवासी विकास चंद्र पाण्डेय से दूसरी शादी की। विकास भी रेखा के विज्ञानपुरी स्थित घर में ही रहने लगा था।
बताया जा रहा है कि सिमरन अपनी मां की इस दूसरी शादी के सख्त खिलाफ थी और लगातार इसका विरोध कर रही थी। यही बात सौतेले पिता विकास को नागवार गुज़रती थी। इसके अलावा, संपत्ति विवाद भी इस खूनी संघर्ष की एक बड़ी वजह सामने आई है। जिस मकान में ये लोग रहते थे, वह सिमरन के पहले पिता के नाम पर था और सिमरन अक्सर कहती थी कि यह उसके पिता का मकान है, जिससे सौतेला पिता विकास खफा रहता था। डीसीपी मध्य आशीष श्रीवास्तव ने बताया कि प्राथमिक जांच में विरासत को लेकर भी विवाद सामने आया है।
मोबाइल देखने से शुरू हुआ विवाद, फिर खूनी खेल
सोमवार शाम करीब 7:30 बजे सिमरन अपने मोबाइल पर कुछ देख रही थी। तभी विकास चंद्र पाण्डेय वहाँ आ गया और सिमरन पर किसी युवक से बात करने का आरोप लगाते हुए उसे फटकारना शुरू कर दिया। गुस्से में सिमरन ने अपना मोबाइल फेंक दिया। इसके बाद, विकास ने चाकू निकालकर सिमरन पर ताबड़तोड़ कई वार किए। हाथ और पैर में चाकू लगने पर सिमरन चीखने लगी, तो उसकी मां रेखा उसे बचाने के लिए दौड़ीं। इस पर विकास ने अपनी पत्नी रेखा पर भी हमला कर दिया।
रेखा ने पुलिस को बताया कि घायल होने के बावजूद उन्होंने किसी तरह विकास के हाथ से एक चाकू छीन लिया। इस पर विकास उन्हें धक्का देकर किचन में गया और दूसरा चाकू लेकर आया। इसके बाद, उसने कमरे में सिमरन को पकड़कर उसका गला रेत दिया।
पड़ोसियों ने पकड़ा आरोपी, मां अस्पताल में भर्ती
चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग भी घर के बाहर इकट्ठा हो गए और तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी गई। डीसीपी मध्य आशीष श्रीवास्तव ने बताया कि खून से लथपथ सिमरन को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। आरोपी विकास चंद्र पाण्डेय को पड़ोसियों की मदद से पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। घायल रेखा राजपूत को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
रेखा ने बताया कि शादी के कुछ ही दिन बाद से विकास, बेटी सिमरन को घर से निकाल देने का दबाव बना रहा था, लेकिन वह अपनी बेटी को उसके ही पिता के घर से निकालने को तैयार नहीं थीं। उन्होंने विकास से स्पष्ट कह दिया था कि यह घर सिमरन का भी है और वह यहीं रहेगी। रेखा ने यह भी बताया कि विकास सिमरन को बात-बात पर टोकता था और उन दोनों के बीच अक्सर झगड़ा होता रहता था। रविवार को भी दोनों के बीच विवाद हुआ था, जिसे उन्होंने किसी तरह शांत कराया था।
पुलिस आरोपी विकास चंद्र पाण्डेय से हिरासत में लेकर विस्तृत पूछताछ कर रही है।
रिपोर्ट – नौमान माजिद

यह भी पढ़ें : Barabanki: गवाही देने पर दलित युवक को जातिसूचक गालियां देकर पीटा, न्याय के लिए दर-दर भटक रहा पीड़ित, पुलिस पर कार्रवाई न करने का आरोप

यह भी पढ़ें : Barabanki: DM शशांक त्रिपाठी का मिलावटखोरों पर ‘प्रहार’, रंगीन चाय और मिलावटी पनीर सप्लायर से लेकर अवैध मेडिकल स्टोर तक निशाने पर 

Barabanki Express
Author: Barabanki Express

शहर की हर गली से लेकर राजनीतिक गलियारों तक, शिक्षा से लेकर स्वास्थ्य तक, और अपराध से लेकर समाज सेवा तक – बाराबंकी एक्सप्रेस लेकर आता है पल-पल की सच्ची और विश्वसनीय ख़बरें। हमारा मिशन है, आपकी आवाज़ बनना, आपकी समस्याओं को उठाना और आपको अपने शहर के हर पहलू से अवगत कराना। ज़मीनी रिपोर्टिंग और निष्पक्ष पत्रकारिता के साथ, बाराबंकी एक्सप्रेस है आपकी जानकारी का सच्चा साथी।

यह भी पढ़ें  Barabanki: दबंगों ने लोहे की रॉड से हमला कर फोड़ा दूल्हे का सिर, भांजी से छेड़छाड़ का किया था विरोध, बहन और जीजा को भी पीटा, केस दर्ज

और पढ़ें

error: Content is protected !!