लखीमपुर खीरी-यूपी।
सदर कोतवाली क्षेत्र की मिश्राना पुलिस चौकी से महज 10 कदमों की दूरी पर सोमवार रात एक बिजनेसमैन के बेटे की गोली मारकर हत्या कर दी गयी। हत्या से पहले बदमाशों ने उसे सड़क पर करीब 500 मीटर दौड़ाया। जान बचाने के लिए युवक जब एक बुक डिपो में घुसा तो बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने इस मामले में एक नामजद समेत चार-पांच अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। हालांकि अभी तक किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। पुलिस कुछ संदिग्धों को हिरासत में लिए जाने की बात कह रही है।
शहर के सेठ कॉलोनी अर्जुनपुरवा निवासी भारत सेठ इलेक्ट्रॉनिक व्यवसायी हैं। मिश्राना चौकी के पास उनकी दुकान है। सोमवार रात करीब आठ बजे उनका 20 वर्षीय पुत्र अमोघ उर्फ देव सेठ दुकान पर बैठा था। बताया जा रहा है कि उसी वक्त बाइक से कुछ युवक वहां आए और देव सेठ को बाहर बुलाया। जैसे ही देव अपनी दुकान से बाहर आया तो युवकों ने उस पर हमला कर दिया। वह बचने के लिए पुस्तक भंडार में घुस गया। हमलावरों ने उस पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोली लगने से देव की मौत हो गई। घटना में उसका दोस्त आदित्य हाथ में गोली लगने से घायल हो गया। वारदात के बाद हमलावर फरार हो गए। वारदात से बाजार में सनसनी फैल गई।
मंगलवार दोपहर देव के शव का पोस्टमार्टम हुआ, जिसके बाद उसे घर ले जाया गया। देव की हत्या से उनके परिवार में कोहराम मचा है। वह परिवार में इकलौता बेटा था। मोहल्ले के लोग भी स्तब्ध हैं। सबके जहन में एक ही सवाल है कि हमलावरों ने आखिर क्यों देव की हत्या की है। वहीं, देव हत्याकांड से व्यापारियों में आक्रोश है।

मामले में देव के पिता भारत सेठ ने नामजद आरोपी अनमोल पुरी उर्फ बाला सहित अन्य चार-पांच अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या की तहरीर दी। हालांकि मुकदमा दर्ज किए जाने के बाद भी पुलिस किसी नतीजे पर नहीं पहुंच सकी है। घटना के पीछे पुरानी रंजिश की बात कही जा रही है। हालांकि दोनों में रंजिश किस बात को थी, यह अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाया है।
मिश्राना चौकी से कुछ कदमों की दूरी पर हुए अमोघ हत्याकांड के बाद उसके परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है। देव सेठ घर का इकलौता चिराग था। त्योहार पर मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है। उधर, हत्याकांड पर व्यापारियों ने आक्रोश जताया। जल्द से जल्द आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग उठाई।
रिपोर्ट – नौमान माजिद

Author: Barabanki Express
Barabanki Express News 24×7 is the most credible hindi news portal of District Barabanki. pls follow to get updates what's happening around ur City and State
970