Barabanki

बाराबंकी में ओवरटेक को लेकर खुलेआम दबंगई: युवक को पीटने के बाद नहर में फेंका, बोलेरो चढ़ाकर बाइक तोड़ी, वीडियो वायरल; जांच में जुटी पुलिस

SHARE:

बाराबंकी के लोनी कटरा थाना क्षेत्र में ओवरटेक को लेकर खुलेआम गुंडागर्दी।

दबंगों पर युवक की पिटाई करने, नहर में धकेलने, बोलेरो से उसकी बाइक क्षतिग्रस्त करने और मोबाइल तोड़ने का आरोप लगा है।

पीड़ित ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।

बाराबंकी, उत्तर प्रदेश | 11 जून 2026

उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले के लोनी कटरा थाना क्षेत्र में बुधवार देर रात ओवरटेक को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। एक युवक ने आरोप लगाया है कि बोलेरो सवार कुछ लोगों ने पहले उसके साथ गाली-गलौज की, फिर मारपीट करते हुए उसे नहर में धक्का दे दिया। इतना ही नहीं, आरोपियों ने उसकी मोटरसाइकिल को बोलेरो से कुचलकर बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया और मोबाइल फोन भी तोड़ डाला।

घटना के बाद पीड़ित ने लोनी कटरा थाने में तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल है।

जगह न मिलने पर भड़के बोलेरो सवार, युवक ने लगाए गंभीर आरोप

पीड़ित अमन वर्मा, निवासी ग्राम तेजवापुर, थाना लोनी कटरा ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि बुधवार देर रात वह अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान अलमापुर नहर पटरी मार्ग पर पीछे से आ रही बोलेरो संख्या UP 32 NK 8111 ने ओवरटेक करने का प्रयास किया।

यह भी पढ़ें  Barabanki: प्रधान व साथियों पर दबंगई का गंभीर आरोप, जबरन गिराई दलित परिवार की दीवार; विरोध पर महिलाओं को दी गोली मारने की धमकी

अमन के अनुसार रास्ता संकरा होने के कारण वह तत्काल साइड नहीं दे सका। इसी बात से नाराज होकर बोलेरो में सवार रत्नेश वर्मा, शुभम वर्मा और अमर सिंह वर्मा कथित रूप से गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर विवाद बढ़ गया।

बाइक में टक्कर मारकर गिराया, फिर नहर में धकेलने का आरोप

अमन का आरोप है कि बोलेरो सवारों ने जानबूझकर उसकी मोटरसाइकिल में टक्कर मार दी, जिससे वह सड़क पर गिर पड़ा। इसके बाद आरोपी वाहन से उतरकर उसके साथ मारपीट करने लगे।

तहरीर के अनुसार आरोपियों ने उसे लात-घूंसों से पीटा और दौड़ाकर नहर में धक्का दे दिया। पीड़ित का कहना है कि हमलावरों ने जान से मारने और गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी भी दी।

बोलेरो से कई बार रौंदी बाइक, मोबाइल फोन भी तोड़ा

पीड़ित ने आरोप लगाया कि मारपीट के बाद भी आरोपियों का गुस्सा शांत नहीं हुआ। उन्होंने उसकी मोटरसाइकिल को कई बार बोलेरो से टक्कर मारी और फिर वाहन चढ़ाकर बाइक को बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया।

अमन के मुताबिक आरोपियों ने उसका टच स्क्रीन मोबाइल फोन भी तोड़ दिया, जिससे उसे आर्थिक नुकसान हुआ है। उसने आरोप लगाया कि पूरी घटना के दौरान उसे जान से मारने की धमकी भी दी गई।

यह भी पढ़ें  Barabanki: खेत में खाद डालने गए 40 वर्षीय युवक की संदिग्ध मौत, खेत में शव पड़ा मिलने से परिवार में मचा कोहराम; पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज

घटना के कई वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल बताए जा रहे है, जिसमें आरोपी बोलेरो गाड़ी को आगे पीछे कर मोटरसाइकिल को टक्कर मारता दिखाई दे रहा है।

लोगों के पहुंचने पर मौके से फरार हुए आरोपी

पीड़ित के अनुसार घटना के दौरान आसपास मौजूद लोगों को जब हंगामे की जानकारी हुई तो वे मौके की ओर बढ़ने लगे। लोगों को आता देख आरोपी धमकाते हुए मौके से फरार हो गए।

पीड़ित अमन के मुताबिक इस घटना में उसकी बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

आरोपी पर आपराधिक प्रवृत्ति का होने का आरोप

अमन वर्मा ने अपनी तहरीर में आरोप लगाया है कि मुख्य आरोपी रत्नेश वर्मा आपराधिक प्रवृत्ति का व्यक्ति है और उसके खिलाफ पूर्व में भी कई मामले विचाराधीन बताए जाते हैं। हालांकि पुलिस की ओर से इस संबंध में अभी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

पुलिस बोली- शिकायत मिली है, जांच के बाद होगी कार्रवाई

मामले में लोनी कटरा थाना प्रभारी अभिमन्यु मल्ल ने बताया कि पीड़ित की शिकायत प्राप्त हुई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

यह भी पढ़ें  Barabanki News: भव्य विदाई समारोह में स्मृति चिह्न और अंगवस्त्रम पहनाकर सेवानिवृत्त ADO पंचायत को दी गई भावभीनी विदाई

उन्होंने कहा कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

कानून व्यवस्था को लेकर उठे सवाल

देर रात सड़क पर हुई इस घटना ने क्षेत्र में कानून व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो यह घटना सड़क पर बढ़ती दबंगई और असामाजिक तत्वों के बढ़ते हौसलों को दर्शाती है। लोगों ने पुलिस से मामले में निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

रिपोर्ट – मंसूफ अहमद 

बाराबंकी में ‘स्मार्ट ग्रीन सिटी’ की अवैध प्लाटिंग पर गरजा बुलडोजर: SDM गुंजिता अग्रवाल के ताबड़तोड़ एक्शन से जनता को ठगने वाले बिल्डरों में मचा हड़कंप

 

संबंधित खबरें
Kamran Alvi
Author: Kamran Alvi

22881
🗳️ जनता की राय | यूपी 2027

2027 में आप किसे उत्तर प्रदेश का मुख्यमंत्री बनाना चाहते हैं?

सबसे ज्यादा पढ़ी गई