Barabanki: ‘विकसित कृषि संकल्प अभियान’: मुख्य सचिव ने किसानों को बताया कम लागत में दोगुनी आय का मंत्र, निर्यात पर भी दिया जोर

 


बाराबंकी-यूपी।
उत्तर प्रदेश शासन के मुख्य सचिव मनोज कुमार सिंह ने आज विकास खंड देवा के ग्राम कुसुम्भा में “विकसित कृषि संकल्प अभियान” के अंतर्गत आयोजित एक महत्वपूर्ण कार्यक्रम में भाग लिया। इस अवसर पर उन्होंने ग्रामीण किसानों को संबोधित करते हुए उन्नत कृषि को बढ़ावा देने, कम लागत में अधिक मुनाफा कमाने के उपायों और कृषि उत्पादों के निर्यात को गति देने के प्रयासों पर विस्तार से चर्चा की।

भारत की कृषि क्षमता: 700 लाख टन अनाज और 400 लाख टन फल

मुख्य सचिव ने भारत की कृषि क्षमता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि आज भारत विश्व में लगभग 700 लाख टन अनाज और 400 लाख टन फलों का उत्पादन करता है, जो देश की कृषि शक्ति का स्पष्ट प्रमाण है। उन्होंने जोर देकर कहा, “किसान कुछ भी उगा सकता है, बशर्ते उसे उसकी मेहनत की उचित कीमत मिले।” उन्होंने बताया कि सरकार इसी दिशा में कार्य कर रही है ताकि किसानों को उनके उत्पादों का उचित मूल्य प्राप्त हो सके।

जेवर एयरपोर्ट से कृषि उत्पादों का अंतर्राष्ट्रीय निर्यात

उन्होंने एक महत्वपूर्ण जानकारी देते हुए बताया कि नोएडा के जेवर एयरपोर्ट पर कृषि उत्पादों के निर्यात के लिए विशेष व्यवस्था की जा रही है। इससे आने वाले दिनों में किसानों की फसलों की अंतरराष्ट्रीय बाजार तक सीधी पहुँच सुनिश्चित होगी और फसल मूल्य में अप्रत्याशित वृद्धि संभव हो सकेगी, जिससे किसानों की आय बढ़ेगी।

मुख्य सचिव ने बताया कि उत्तर प्रदेश देश का एकमात्र राज्य है जहाँ 75 प्रतिशत भू-भाग पर कृषि होती है और उसमें से 85 प्रतिशत से अधिक भूमि सिंचित है, जो राज्य की कृषि प्रगति का परिचायक है। उन्होंने किसानों को आय दोगुनी करने का मंत्र देते हुए कहा कि कम लागत, आधुनिक तकनीक, प्राकृतिक खेती और बाजार आधारित उत्पादन से किसान अपनी आय को दोगुना कर सकते हैं।

सरकारी योजनाओं का लाभ लेने और वैज्ञानिक विधियां अपनाने का आह्वान

कार्यक्रम के दौरान मुख्य सचिव द्वारा कृषकों को मृदा स्वास्थ्य कार्ड, कृषि अनुदान प्रमाण पत्र एवं कृषक लाभार्थियों को विभिन्न योजनाओं के प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। उन्होंने किसानों से सीधा संवाद करते हुए सरकारी योजनाओं का अधिकतम लाभ लेने और वैज्ञानिक विधियों को अपनाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में उपस्थित कुलपति, आचार्य नरेंद्र देव कृषि विश्वविद्यालय अयोध्या, डॉ. विजेंद्र सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि विकसित कृषि संकल्प अभियान के माध्यम से वैज्ञानिक तकनीकों को सीधे खेतों तक पहुँचाया जा रहा है। उन्होंने किसानों से जलवायु अनुकूल फसलें, मृदा परीक्षण, और जैविक खेती की ओर अग्रसर होने का आह्वान किया ताकि उत्पादन के साथ पर्यावरण संरक्षण भी सुनिश्चित हो सके।
निदेशक कृषि, डॉ. जितेंद्र तोमर ने बताया कि राज्य सरकार द्वारा डिजिटल कृषि, ई-कृषि पोर्टल, और ड्रोन तकनीक को बढ़ावा दिया जा रहा है, जिससे खेती में लागत कम और लाभ अधिक हो रहा है। पद्मश्री कृषक राम सरन वर्मा ने अपने अनुभव साझा करते हुए किसानों को प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि आज खेती केवल परंपरा नहीं, बल्कि एक व्यवस्थित व्यवसाय बन चुकी है। उन्होंने किसानों को उद्यमशीलता, नवाचार और तकनीकी खेती को अपनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि “सरकार की योजनाओं का लाभ लेकर किसान आत्मनिर्भर बन सकता है।”

कृषि प्रदर्शनियां और पौधरोपण

इस अवसर पर कृषि विभाग, उद्यान विभाग, पशुपालन, सिंचाई, शिक्षा और अन्य संबंधित विभागों द्वारा प्रदर्शनियां लगाई गईं, जिनमें कृषि तकनीकों, उन्नत बीज, सिंचाई प्रणालियों और प्रशिक्षण कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी दी गई। मुख्य अतिथि और विशिष्ट अतिथि द्वारा परिसर में पौधरोपण भी किया गया

कार्यक्रम में जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी, पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय, मुख्य विकास अधिकारी अन्ना सुदन, उप कृषि निदेशक श्रवण कुमार, जिला कृषि अधिकारी राजितराम, संयुक्त कृषि निदेशक, अयोध्या मण्डल, अयोध्या अवतीन्द्र कुमार मिश्र, उप कृषि निदेशक, बाराबंकी श्रवण कुमार, आचार्य नरेन्द्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, कुमारगंज अयोध्या के कृषि वैज्ञानिक डा0 एस0पी0 सिंह एवं डा0 के0 एम0 सिंह, भारतीय गन्ना अनुसंधान संस्थान के कृषि वैज्ञानिक डा0 कामता प्रसाद एवं डा0 आलोक शिव, कृषि विज्ञान केन्द्र, हैदरगढ़ के अध्यक्ष डा0 अश्वनी कुमार सिंह सहित कृषि एवं सम्वर्गीय विभागों के जनपदस्तरीय अधिकारीगणों एवं किसानों ने प्रतिभाग किया। कार्यक्रम का संचालन प्रवक्ता आशीष पाठक ने किया।
रिपोर्ट – मंसूफ अहमद

यह भी पढ़ें : Barabanki:  बार एसोसिएशन के महामंत्री पर छेड़छाड़ का आरोप, महिला लेखपाल ने पुलिस को सौंपी लिखित शिकायत, मचा हड़कंप 

यह भी पढ़ें  Barabanki: विभिन्न समस्याओं को लेकर ग्राम पंचायत एवं ग्राम विकास अधिकारियों का धरना, मुख्यमंत्री को भेजा 10 सूत्रीय मांगपत्र

यह भी पढ़ें : Barabanki: कोर्ट के ऐतिहासिक फैसले के बाद ‘लेडी डॉक्टर बंगला’ भूमि पर अब नगर पालिका का राज, ₹5 करोड़ से बनेगा भव्य ऑडिटोरियम!

Barabanki Express
Author: Barabanki Express

शहर की हर गली से लेकर राजनीतिक गलियारों तक, शिक्षा से लेकर स्वास्थ्य तक, और अपराध से लेकर समाज सेवा तक – बाराबंकी एक्सप्रेस लेकर आता है पल-पल की सच्ची और विश्वसनीय ख़बरें। हमारा मिशन है, आपकी आवाज़ बनना, आपकी समस्याओं को उठाना और आपको अपने शहर के हर पहलू से अवगत कराना। ज़मीनी रिपोर्टिंग और निष्पक्ष पत्रकारिता के साथ, बाराबंकी एक्सप्रेस है आपकी जानकारी का सच्चा साथी।

और पढ़ें

error: Content is protected !!