UP News: “FIR दर्ज कराना है तो….!” नाबालिग रेप पीड़िता से दरोगा ने मांगी ‘शर्मनाक कीमत’, एसपी ने किया सस्पेंड

 


रामपुर, उत्तर प्रदेश।
उत्तर प्रदेश के रामपुर जिले से पुलिस विभाग को शर्मसार कर देने वाला एक बेहद ही सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक नाबालिग दुष्कर्म पीड़िता ने आरोप लगाया है कि जब वह अपनी शिकायत लेकर थाने पहुंची, तो दरोगा ने रिपोर्ट दर्ज करने के बदले उससे शारीरिक संबंध बनाने की मांग कर डाली। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी दरोगा और एक सहयोगी सिपाही को निलंबित कर दिया गया है।
नाबालिग पीड़िता ने सोशल मीडिया पर बयां की आपबीती
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे बयान में नाबालिग रेप पीड़िता ने अपनी आपबीती बताते हुए कहा, “हमारे साथ गलत हुआ था। हम इस मामले में रिपोर्ट दर्ज कराने रामपुर गए। वहां से मिलक थाने आए। यहां पर हमें थाने में बैठाया गया।” पीड़िता के अनुसार, पूरी बात सुनने के बाद मिलक थाने के दरोगा उदयवीर सिंह ने उससे अपना नंबर देने को कहा। दरोगा ने कहा कि कुछ पूछताछ करनी होगी, इसलिए नंबर दे दो।
इसके बाद, पीड़िता का आरोप है कि रात को दरोगा ने उसे मैसेज किया, वीडियो कॉल किया और ‘रिलेशन बनाने’ की बात कही, जिसके बदले शिकायत दर्ज कराने का आश्वासन दिया। सुबह पीड़िता ने यह सारी बात अपनी मां को बताई, जिन्होंने तत्काल उच्च अधिकारियों के समक्ष इस मामले को उठाया।

सबूत मिटाने की कोशिश और पुलिस का एक्शन
पीड़िता का आरोप है कि जब दरोगा उदयवीर सिंह को विरोध की जानकारी मिली, तो उसने सिपाही सरफराज को उनके घर भेजा। सरफराज ने कथित तौर पर लड़की का मोबाइल फोन जबरन चेक किया और उसके फोन से दरोगा का नंबर और चैट डिलीट कर दिए। पीड़िता और उसके परिजनों का मानना है कि यह पूरा प्रयास सबूत मिटाने और केस को दबाने के इरादे से किया गया था।
दरोगा और सिपाही निलंबित, जांच जारी
रामपुर पुलिस की ओर से मामले में जानकारी दी गई है कि पीड़िता की शिकायत की प्रारंभिक जांच क्षेत्राधिकारी (CO) मिलक द्वारा की गई। जांच के आधार पर पुलिस अधीक्षक रामपुर ने मिलक थाने के दरोगा उदयवीर सिंह और सिपाही सरफराज को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। प्रकरण के संबंध में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
यह घटना पुलिस की छवि पर एक बड़ा सवाल उठाती है और दिखाता है कि कैसे कुछ भ्रष्ट तत्व कानून के रखवालों के रूप में अपनी शक्ति का दुरुपयोग करते हैं। हालांकि उच्चाधिकारियों ने त्वरित कार्रवाई कर यह संदेश देने की कोशिश की है कि ऐसे मामलों में कोई ढिलाई नहीं बरती जाएगी।
रिपोर्ट – तासीन मो0 फैयाज ख़ान 

यह भी पढ़ें..

Barabanki Express
Author: Barabanki Express

शहर की हर गली से लेकर राजनीतिक गलियारों तक, शिक्षा से लेकर स्वास्थ्य तक, और अपराध से लेकर समाज सेवा तक – बाराबंकी एक्सप्रेस लेकर आता है पल-पल की सच्ची और विश्वसनीय ख़बरें। हमारा मिशन है, आपकी आवाज़ बनना, आपकी समस्याओं को उठाना और आपको अपने शहर के हर पहलू से अवगत कराना। ज़मीनी रिपोर्टिंग और निष्पक्ष पत्रकारिता के साथ, बाराबंकी एक्सप्रेस है आपकी जानकारी का सच्चा साथी।

यह भी पढ़ें  Barabanki: घर से दोस्तों के साथ निकले युवक की संदिग्ध मौत, इंदिरा डैम के पास मिला शव, गुप्तांग कटा - शरीर पर भी गहरे घाव मौजूद, आक्रोशित परिजनों ने जमकर किया हंगामा

और पढ़ें

error: Content is protected !!