UP News: मोहब्बत के शहर में ‘मानवता’ हुई शर्मसार, बुजुर्ग को कार में बंद कर ताजमहल घूमने चला गया परिवार, गर्मी और उमस से यह हुआ बुजुर्ग का हाल…Video 

 


आगरा, उत्तर प्रदेश।
ताज नगरी आगरा के ताजमहल परिसर से एक हृदय विदारक और अमानवीय घटना सामने आई है। पश्चिमी गेट पार्किंग में एक बुजुर्ग व्यक्ति को अपनी कार की सीट पर कपड़ों से बंधा हुआ बेसुध अवस्था में पाया गया। भीषण गर्मी और उमस में घंटों कार के भीतर बंद रहने के कारण उनकी हालत गंभीर हो गई थी।
पर्यटकों ने देखी हालत, सुरक्षाकर्मियों ने तोड़ा शीशा
यह घटना गुरुवार दोपहर करीब 12 बजे की है। एसीपी लोहामंडी प्रभारी ताज सुरक्षा मयंक तिवारी ने बताया कि पश्चिमी गेट पार्किंग में खड़ी एक कार की पिछली सीट पर एक वृद्ध व्यक्ति कपड़ों से बंधे हुए थे। गर्मी के कारण उनकी हालत बिगड़ने लगी और वह तड़पने लगे। आसपास से गुजर रहे पर्यटकों की नजर उन पर पड़ी। पर्यटकों ने कार का दरवाजा खोलने का प्रयास किया, लेकिन वह अंदर से बंद था। इसके बाद उन्होंने तत्काल ताजमहल के सुरक्षाकर्मियों को सूचना दी।
सुरक्षाकर्मियों ने फुर्ती दिखाते हुए कार की पिछली सीट का शीशा तोड़ा और अंदर प्रवेश किया। उन्होंने वृद्ध को पानी पिलाया, लेकिन उनकी हालत इतनी खराब थी कि वे कुछ भी बोल पाने की स्थिति में नहीं थे। बाद में, आगे की सीट का दरवाजा खोलकर उन्हें बाहर निकाला गया और एंबुलेंस से अस्पताल ले जाने की व्यवस्था की गई।

परिजनों ने दी सफाई, पुलिस कर रही जांच
इसी दौरान वृद्ध के परिजन भी मौके पर पहुंच गए और उन्होंने शाहजहां गार्डन के पास एंबुलेंस को रुकवा लिया। बुजुर्ग के बेटे ने बताया कि उनके पिता बीमार हैं और चल नहीं पाते हैं। इस वजह से ताजमहल देखने जाने से पहले वे देखभाल के लिए एक चालक को छोड़कर गए थे, लेकिन वह काम से चला गया। बेटे ने सफाई देते हुए कहा कि पिता सीट से गिर न जाएं, इसलिए उन्हें बांधकर गए थे।
पर्यटन थाना पुलिस के अनुसार, महाराष्ट्र का यह परिवार सुबह नौ बजे ताजमहल का दीदार करने पहुंचा था। वे वृद्ध को कार में ही पीछे की सीट पर बैठाकर चले गए थे। उनके साथ गाड़ी का चालक भी था, लेकिन दो घंटे बाद चालक कार की पिछली सीट के दोनों तरफ के शीशे चार से पांच इंच तक खोलकर चला गया। काफी देर तक चालक के न आने के कारण सीट से बंधे वृद्ध की गर्मी के कारण हालत बिगड़ने लगी।
घटना के प्रत्यक्षदर्शी और स्थानीय टूरिस्ट गाइड मोहम्मद असलम ने बताया, “कार में बुजुर्ग व्यक्ति बंद थे, वह कुछ भी नहीं बोल पा रहे थे। उनके हाथ-पैर बंधे थे और स्थिति बेहद चिंताजनक थी।”
कार पर महाराष्ट्र की नंबर प्लेट थी और ‘महाराष्ट्र शासन’ का स्टिकर भी लगा हुआ था। कार की छत पर यात्रियों का सामान भी बंधा हुआ था।
पर्यटन थाना प्रभारी इंस्पेक्टर कुंवर सिंह ने पुष्टि की है कि शुरुआती तौर पर यह मामला लापरवाही या असंवेदनशीलता का प्रतीत होता है। पुलिस अब कार के मालिक और घटना की पूरी जांच में जुट गई है।
रिपोर्ट – नौमान माजिद 

यह भी पढ़ें..

Barabanki Express
Author: Barabanki Express

शहर की हर गली से लेकर राजनीतिक गलियारों तक, शिक्षा से लेकर स्वास्थ्य तक, और अपराध से लेकर समाज सेवा तक – बाराबंकी एक्सप्रेस लेकर आता है पल-पल की सच्ची और विश्वसनीय ख़बरें। हमारा मिशन है, आपकी आवाज़ बनना, आपकी समस्याओं को उठाना और आपको अपने शहर के हर पहलू से अवगत कराना। ज़मीनी रिपोर्टिंग और निष्पक्ष पत्रकारिता के साथ, बाराबंकी एक्सप्रेस है आपकी जानकारी का सच्चा साथी।

यह भी पढ़ें  Barabanki: बिहार के जंगलराज की भेंट चढ़ी बाराबंकी की बेटी, बदमाशों ने बीच सड़क कनपटी पर गोली मारकर की हत्या

और पढ़ें

error: Content is protected !!