लखनऊ।
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेज़ी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में एक महिला लेडी सिंघम बनकर बीच सड़क पर एक युवक को जूते से पीट रही है। मौके पर तमाशबीनों की काफी भीड़ भी दिख रही है। घटना बुधवार को विभूति खंड इलाके के कमता चौराहे के पास की बतायी जा रही है। मौके पर मौजूद भीड़ में किसी ने इस घटना का वीडियो बना लिया जो अब तेज़ी से वायरल हो रहा है।
बताया जा रहा है कि वीडियो में दिख रही महिला का नाम सुनीता है और ये सीमा सुरक्षा बल के आईजी ऑफिस में तैनात है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार महिला गलत दिशा से गाड़ी लेकर आ रही थी। तभी सामने से आ रहे एक बाइक सवार युवक से टक्कर हो गई। ख़ुद की गलती के बाद भी महिला युवक से अभद्रता करने लगी। युवक ने जब विरोध किया तो महिला ने आगबबूला होकर बीच सड़क पर उसे जूते से पीटना शुरू कर दिया। इस बीच मौके पर काफी भीड़ जमा हो गयी। भीड़ में किसी मे महिला की गुंडागर्दी का वीडियो बना लिया।
वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि इस दबंग महिला के हाथों पिट रहा युवक शालीनता के साथ महिला को ऐसा करने से मना कर रहा है। युवक बार बार पुलिस बुलाने की बात भी बोल रहा है लेकिन गुंडागर्दी पर आमादा महिला पर युवक की बातों का कोई असर नही पड़ रहा है। इस घटना के बाद युवक डिप्रेशन में चला गया है। युवक ने विभूति खंड थाने में लिखित तहरीर देकर महिला के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। एसओ विभूति खंड ने तहरीर मिलने की पुष्टि करते हुए बताया कि महिला के ख़िलाफ़ केस दर्ज किया जाएगा।

सोशल मीडिया यूजर्स ने दी तरह तरह की प्रतिक्रियाएं
सोशल मीडिया पर यह वीडियो तेज़ी से वायरल हो रहा है और इस पर लोगों की तरह तरह की प्रतिक्रियाएं भी आ रही हैं। एक ने लिखा कि पुलिस को चाहिए कि इस उपद्रवी महिला के विरुद्ध प्राथमिकी पंजीकृत कर वैधानिक कार्यवाही करे। वही एक यूजर ने लिखा कि एक तो चोरी, ऊपर से सीना जोरी ? इस महिला को जेल में बंद कर देना चाहिए। वही एक यूज़र ने तो यह तक लिख दिया कि अब महिला हेल्पलाइन की तरह पुरूष हेल्पलाइन भी शुरू कर देनी चाहिए।
रिपोर्ट – कामरान अल्वी

Author: Barabanki Express
शहर की हर गली से लेकर राजनीतिक गलियारों तक, शिक्षा से लेकर स्वास्थ्य तक, और अपराध से लेकर समाज सेवा तक – बाराबंकी एक्सप्रेस लेकर आता है पल-पल की सच्ची और विश्वसनीय ख़बरें। हमारा मिशन है, आपकी आवाज़ बनना, आपकी समस्याओं को उठाना और आपको अपने शहर के हर पहलू से अवगत कराना। ज़मीनी रिपोर्टिंग और निष्पक्ष पत्रकारिता के साथ, बाराबंकी एक्सप्रेस है आपकी जानकारी का सच्चा साथी।
1,517
















