
लखनऊ, उत्तर प्रदेश।
राजधानी लखनऊ से इंसानियत को शर्मसार करने वाली एक बेहद गंभीर और दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। एक ऐसा आरोपी जिसे पहले दुष्कर्म के आरोप में गिरफ्तार किया गया था, जमानत पर छूटते ही उसने उसी पीड़िता को दोबारा निशाना बनाया। दरिंदे ने न सिर्फ महिला को अगवा कर उससे दोबारा दुष्कर्म किया, बल्कि बेरहमी से पीटकर उसके हाथ-पैर बांध दिए और फिर उसे सुनसान झाड़ियों में फेंककर फरार हो गया।
झाड़ियों में बेसुध पड़ी, हाथ-पैर बंधी महिला पर नजर पड़ने पर स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुँची और महिला को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। पुलिस अब इस फरार आरोपी की तलाश में जुटी है। इस घटना का वीडियो भी सामने आया है।
जमानत मिलते ही फिर बना हैवान
यह खौफनाक वारदात लखनऊ के दुबग्गा थाना क्षेत्र की है। पीड़िता ने पहले अंशू मौर्य नामक युवक के खिलाफ दुष्कर्म, मारपीट और धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस ने तब अंशू को गिरफ्तार कर जेल भेजा था, लेकिन कुछ समय बाद उसे जमानत मिल गई।
जेल से बाहर आते ही इस दरिंदे ने अपनी पुरानी शिकार को फिर से निशाना बनाया। उसने महिला को अगवा किया, उससे जबरन दुष्कर्म किया और जब उसने विरोध किया तो उसे बर्बरता से पीटा। इसके बाद, हैवानियत की सारी हदें पार करते हुए, उसने महिला के हाथ-पैर बांधे और उसे लखनऊ की आम्रपाली योजना के पास झाड़ियों में फेंककर भाग निकला।
स्थानीय लोगों ने बचाई जान
स्थानीय लोगों ने जब झाड़ियों में अचेत अवस्था में पड़ी महिला को देखा, तो तुरंत पुलिस को खबर दी। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए महिला को अस्पताल पहुँचाया, जहाँ उसकी हालत बेहद गंभीर बनी हुई है।
बताया जा रहा है कि पीड़िता कानपुर की रहने वाली है और अंशू मौर्य से उसकी मुलाकात करीब साढ़े तीन साल पहले हुई थी। पीड़िता का आरोप है कि आरोपी ने शादी का झांसा देकर लगातार उसका शारीरिक शोषण किया और बहन की शादी के नाम पर उससे 5.60 लाख रुपये ठग लिए। जब पीड़िता ने पैसे मांगे और शादी के लिए दबाव बनाया, तो अंशू ने साफ इनकार कर दिया था। इसके बाद ही पीड़िता ने उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई थी।
फिलहाल, पुलिस इस जघन्य अपराध को अंजाम देने वाले फरार आरोपी अंशू मौर्य की तलाश में ताबड़तोड़ छापेमारी कर रही है। यह घटना लखनऊ में महिलाओं की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े करती है।
रिपोर्ट – नौमान माजिद
यह भी पढ़ें..
-
Barabanki: पूजा करने मंदिर गए दलित को पुजारी और बेटों ने बेरहमी से पीटा, पुजारी ने कहां- “तुम साले शूद्र जल कैसे चढ़ा सकते”
-
Barabanki: पैमाइश करने गई राजस्व व पुलिस की टीम पर करणी सेना जिलाध्यक्ष व समर्थकों ने लाठी-डंडों से किया हमला, कानूनगो, दरोगा व सिपाही समेत कई घायल
-
यूपी पुलिस के इंस्पेक्टर की गुंडागर्दी, पहले स्कूटी में मारी टक्कर, फिर भाई-बहन से की मारपीट, वीडियो वायरल होने के बाद सस्पेंड हुआ आरोपी… Video
Author: Barabanki Express
शहर की हर गली से लेकर राजनीतिक गलियारों तक, शिक्षा से लेकर स्वास्थ्य तक, और अपराध से लेकर समाज सेवा तक – बाराबंकी एक्सप्रेस लेकर आता है पल-पल की सच्ची और विश्वसनीय ख़बरें। हमारा मिशन है, आपकी आवाज़ बनना, आपकी समस्याओं को उठाना और आपको अपने शहर के हर पहलू से अवगत कराना। ज़मीनी रिपोर्टिंग और निष्पक्ष पत्रकारिता के साथ, बाराबंकी एक्सप्रेस है आपकी जानकारी का सच्चा साथी।
888
















