Lucknow: असली पुलिस के हत्थे चढ़ा नकली पुलिस बन ठगी करने वाला गिरोह, 4 गिरफ्तार, जाने किस चालाकी से लोगो को बनाते थे शिकार

 


लखनऊ, उत्तर प्रदेश।
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहाँ एक नकली पुलिस टीम बनाकर लोगों से ठगी करने वाले गिरोह का खुलासा हुआ है। लखनऊ पुलिस ने इस गिरोह के सरगना समेत चार सदस्यों को गिरफ्तार किया है, जिनसे पूछताछ के बाद उनके शातिर modus operandi (कार्यप्रणाली) का पर्दाफाश हुआ है। ये ठग न सिर्फ खुद को नकली पुलिस के रूप में पेश करते थे, बल्कि तमंचे का भय दिखाकर लोगों को खुद के असली पुलिस होने का एहसास भी दिलाते थे।
कैसे करते थे ठगी?
गोमतीनगर पुलिस ने इस फ़र्ज़ी पुलिस गिरोह के सरगना अंजनी कुमार सहित विशाल कुमार, रामबहादुर और राम प्रसाद को गिरफ्तार किया है। ये लोग सुनियोजित तरीके से पुलिस का वेश धारण कर लोगों पर रौब झाड़ते और धोखाधड़ी करते थे। यह गिरोह खुद को कभी नकली SOG टीम तो कभी क्राइम ब्रांच का सदस्य बताता था।
उनकी ठगी का तरीका बेहद चालाकी भरा था। गिरोह लोगों को निवेश के नाम पर पैसा दोगुना करने का झांसा देता था। गिरफ्तार किए गए ठगों के कब्जे से ₹500-₹500 के नोट की साइज की 30 चिल्ड्रन बैंक की गड्डियां मिली हैं। इसके साथ ही 8 ऐसी गड्डियां भी बरामद हुई हैं जिनके ऊपर ₹500 का असली नोट लगा था और नीचे सब चिल्ड्रन बैंक के नोट थे। इसके अलावा ₹30,000 नकद, एक तमंचा और कारतूस भी बरामद हुए हैं।

आइसक्रीम वाले की शिकायत से खुला राज
इस गिरोह का खुलासा तब हुआ जब आइसक्रीम का ठेला लगाने वाले राजकुमार ने पुलिस को सूचना दी। राजकुमार ने बताया कि कुछ लोगों ने उससे संपर्क कर पैसा निवेश करने और उसे दोगुना करने की बात कही थी। राजकुमार ने कुछ पैसे लगाए, और कुछ दिन बाद गिरोह का एक सदस्य पैसा वापस करने आया। इसमें ऊपर एक ₹500 का असली नोट लगा था और नीचे सब चिल्ड्रन बैंक के नकली नोट थे।
उसी समय, फ़र्ज़ी SOG टीम बनकर इसी गिरोह के सदस्य वहां पहुंचे और जो असली पैसा था, वो और जो नकली नोट थे, वे सब लेकर, साथ ही निवेश करने आए व्यक्ति की फ़र्ज़ी गिरफ्तारी करके वहां से चले गए। शिकायत मिलने पर पुलिस ने जब कार्रवाई की, तब इस पूरे मामले का खुलासा हुआ। पता चला कि ये ठग अपने ही साथी को निवेश के बहाने लोगों के पास भेजते थे। जब कोई झांसे में आ जाता था, तो वे पैसा लेकर चले जाते थे। बाद में और पैसा ऐंठने के लिए, इसी गिरोह के सदस्य नकली पुलिसकर्मी बनकर आते थे और पैसा लेकर फ़र्ज़ी गिरफ्तारी दिखाकर गायब हो जाते थे।
लखनऊ पुलिस अब इस गिरोह से जुड़े अन्य मामलों की भी जांच कर रही है और इनके नेटवर्क का पता लगाने की कोशिश कर रही है।
रिपोर्ट – नौमान माजिद 

यह भी पढ़ें..

Barabanki Express
Author: Barabanki Express

शहर की हर गली से लेकर राजनीतिक गलियारों तक, शिक्षा से लेकर स्वास्थ्य तक, और अपराध से लेकर समाज सेवा तक – बाराबंकी एक्सप्रेस लेकर आता है पल-पल की सच्ची और विश्वसनीय ख़बरें। हमारा मिशन है, आपकी आवाज़ बनना, आपकी समस्याओं को उठाना और आपको अपने शहर के हर पहलू से अवगत कराना। ज़मीनी रिपोर्टिंग और निष्पक्ष पत्रकारिता के साथ, बाराबंकी एक्सप्रेस है आपकी जानकारी का सच्चा साथी।

यह भी पढ़ें  Barabanki: समाधान दिवस बना तमाशा - गायब हो गया शिकायती पत्र, रसीद लेकर भटक रहा फरियादी; डीएम और सीएम से लगाई गुहार

और पढ़ें

error: Content is protected !!