Barabanki: संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी के फंदे पर लटका मिला विवाहिता का शव, मायके वालों ने पति पर लगाए गंभीर आरोप

Barabanki:

“बाराबंकी के सुबेहा थाना क्षेत्र में विवाहिता की संदिग्ध मौत से सनसनी। पति ने बताया आत्महत्या, मायके वालों ने लगाया हत्या का आरोप। पुलिस जांच में जुटी।”

Barabanki

बाराबंकी (उत्तर प्रदेश)।

ज़िले के सुबेहा थाना क्षेत्र के महतेली टोला वार्ड में शुक्रवार देर शाम एक 35 वर्षीय महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। मृतका के पति का कहना है कि पत्नी ने मामूली विवाद के बाद फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली, जबकि मायके पक्ष ने पति पर घटना से पहले मारपीट करने का गंभीर आरोप लगाया है। फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

 

पति बोला—फोन कॉल न उठाने से नाराज़ हुई पत्नी, लगाई फांसी

मिली जानकारी के मुताबिक, मृतका रेनू (35) की शादी सुबेहा थाना क्षेत्र के महतेली टोला वार्ड निवासी दुर्गेश के साथ 2016 में हुई थी। दुर्गेश ने पुलिस को बताया कि शुक्रवार को वह असंद्रा थाना क्षेत्र के गैरिया घाट पर मूर्ति विसर्जन कार्यक्रम में शामिल होने गया था। इसी दौरान पत्नी रेनू ने उसे कई बार फोन किया, लेकिन डीजे की तेज़ आवाज के कारण वह कॉल रिसीव नहीं कर सका।

घर लौटने पर रेनू ने इसी बात को लेकर पति से नाराज़गी जताई और विवाद शुरू हो गया। दुर्गेश के मुताबिक, उसने उसे समझाया और डांटा, जिसके बाद रेनू कमरे में चली गई और दरवाज़ा अंदर से बंद कर लिया। कुछ देर बाद जब उसने आवाज़ दी तो कोई जवाब नहीं मिला।

यह भी पढ़ें  Barabanki: दबंगों ने लोहे की रॉड से हमला कर फोड़ा दूल्हे का सिर, भांजी से छेड़छाड़ का किया था विरोध, बहन और जीजा को भी पीटा, केस दर्ज

 

दरवाज़ा तोड़कर देखा तो फंदे से लटकी मिली पत्नी

दुर्गेश ने जब किसी तरह दरवाज़ा खोला तो उसकी पत्नी फांसी के फंदे से लटकी मिली। आनन-फानन में उसने उसे नीचे उतारा और इलाज के लिए पास के एक निजी चिकित्सक के पास ले गया, जहाँ डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना की खबर फैलते ही मोहल्ले में लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना पाकर सुबेहा पुलिस मौके पर पहुँची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया।

 

मायके पक्ष ने लगाया हत्या का आरोप

घटना की सूचना मिलते ही रेनू के मायके पक्ष के लोग मौके पर पहुँच गए। मृतका के भाई और भाभी ने बताया कि घटना से करीब एक घंटे पहले रेनू ने उन्हें फोन कर बताया था कि उसका पति उसे मारता-पीटता है और वह थाने में शिकायत करने जा रही है।

Barabanki: संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी के फंदे पर लटका मिला विवाहिता का शव, मायके वालों ने पति पर लगाए गंभीर आरोप

लेकिन कुछ देर बाद उसका फोन स्विच ऑफ बताने लगा। थोड़ी देर बाद पति दुर्गेश ने फोन कर बताया कि रेनू ने फांसी लगा ली है।

परिजनों के अनुसार, रेनू और दुर्गेश के बीच अक्सर झगड़े होते रहते थे। मायके पक्ष ने इस मामले में पति और ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है।

 

पुलिस ने शुरू की जांच, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतज़ार

सुबेहा थाना प्रभारी ने बताया कि विवाहिता के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल पुलिस ने दोनों पक्षों के बयान दर्ज कर लिए हैं और मामले की हर पहलू से जांच जारी है।

यह भी पढ़ें  Barabanki: घर से दोस्तों के साथ निकले युवक की संदिग्ध मौत, इंदिरा डैम के पास मिला शव, गुप्तांग कटा - शरीर पर भी गहरे घाव मौजूद, आक्रोशित परिजनों ने जमकर किया हंगामा

 

 

रिपोर्ट – मंसूफ़ अहमद 

यह भी पढ़ें..

Barabanki Express
Author: Barabanki Express

शहर की हर गली से लेकर राजनीतिक गलियारों तक, शिक्षा से लेकर स्वास्थ्य तक, और अपराध से लेकर समाज सेवा तक – बाराबंकी एक्सप्रेस लेकर आता है पल-पल की सच्ची और विश्वसनीय ख़बरें। हमारा मिशन है, आपकी आवाज़ बनना, आपकी समस्याओं को उठाना और आपको अपने शहर के हर पहलू से अवगत कराना। ज़मीनी रिपोर्टिंग और निष्पक्ष पत्रकारिता के साथ, बाराबंकी एक्सप्रेस है आपकी जानकारी का सच्चा साथी।

और पढ़ें

error: Content is protected !!