
हरदोई-यूपी।
हरदोई जिले के बिलग्राम थाना क्षेत्र में एक चौंकाने वाला वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक युवती खुलेआम गुंडई करते हुए पेट्रोल पंप कर्मचारी पर रिवाल्वर तानती दिख रही है। यह घटना बिलग्राम कस्बे से दो किलोमीटर दूर सांडी रोड पर स्थित एचपी पेट्रोल पंप पर सीएनजी भरवाने के दौरान हुए विवाद में सामने आई है।
मिली जानकारी के अनुसार, शाहाबाद निवासी एहसान खान अपनी पत्नी और बेटी के साथ सीएनजी भरवाने के लिए पेट्रोल पंप पहुंचे थे। पंप कर्मचारी रजनीश कुमार ने सुरक्षा कारणों से उन्हें गाड़ी से उतरने को कहा, जिस पर एहसान खान और उनका परिवार नाराज हो गया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि एहसान खान की बेटी ने कार से रिवाल्वर निकालकर सीधे सेल्समैन रजनीश कुमार के सीने पर तान दी। वायरल वीडियो में युवती स्पष्ट रूप से धमकी देती सुनाई दे रही है, “इतनी गोलियां मारूंगी कि पहचान नहीं होगी।”
कर्मचारी को धक्का देने के बाद रिवाल्वर तानी, पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
वायरल वीडियो में साफ दिख रहा है कि पेट्रोल पंप कर्मचारी रजनीश कुमार ने एहसान खान को कार से बाहर निकलने को कहा तो दोनों के बीच बहस शुरू हो गई। इस दौरान रजनीश ने एहसान को धक्का दे दिया, जिसके बाद उनकी बेटी गुस्से में रिवाल्वर के साथ बाहर निकली और रजनीश के सीने से सटाकर जान से मारने की धमकी दी। हालांकि, मौके पर मौजूद अन्य लोगों ने तुरंत हस्तक्षेप कर मामले को शांत करवाया।
पुलिस जांच में जुटी, सुरक्षा मानकों को लेकर हुआ था विवाद
स्थानीय लोगों ने तत्काल इस घटना की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों को थाने बुलाया। सेल्समैन रजनीश कुमार की ओर से एहसान खान, उनकी पत्नी और बेटी के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई गई है।
बिलग्राम थाना प्रभारी राकेश कुमार ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि पेट्रोल पंप पर कर्मचारी ने सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए सही निर्देश दिए थे, जिसके चलते यह पूरा विवाद शुरू हुआ। उन्होंने बताया कि संबंधित रिवाल्वर को ज़ब्त कर लिया गया है। रिवॉल्वर के वैध-अवैध होने और घटना के अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।
रिपोर्ट – नौमान माजिद
Author: Barabanki Express
शहर की हर गली से लेकर राजनीतिक गलियारों तक, शिक्षा से लेकर स्वास्थ्य तक, और अपराध से लेकर समाज सेवा तक – बाराबंकी एक्सप्रेस लेकर आता है पल-पल की सच्ची और विश्वसनीय ख़बरें। हमारा मिशन है, आपकी आवाज़ बनना, आपकी समस्याओं को उठाना और आपको अपने शहर के हर पहलू से अवगत कराना। ज़मीनी रिपोर्टिंग और निष्पक्ष पत्रकारिता के साथ, बाराबंकी एक्सप्रेस है आपकी जानकारी का सच्चा साथी।
1,474
















