
बाराबंकी, उत्तर प्रदेश।
शहर कोतवाली क्षेत्र के फतहाबाद में OYO होटल के पीछे एक मानसिक बीमार युवती की मौत का मामला और भी पेचीदा हो गया है। समय पर एंबुलेंस न पहुंचने से तड़प-तड़प कर जान गंवाने वाली इस युवती की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में उसके सिर और निजी अंगों पर चोट की पुष्टि हुई हैं, जिससे अब दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका को बल मिल रहा है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस की पांच टीमें इस गुत्थी को सुलझाने में जुटी हुई हैं।
क्या है पूरा मामला?
शहर के एक मोहल्ले में रहने वाले परिजनों के मुताबिक, 22 वर्षीय युवती मानसिक रूप से बीमार थी। बीते रविवार को मुहर्रम के दिन अपनी मां के साथ शहर के बेगमगंज कर्बला में लगे मेले में गई थी। जहां भीड़ के दौरान वह अपनी मां से बिछड़ गई थी। अगले दिन, सोमवार की सुबह करीब 9:30 बजे, वह बेगमगंज से करीब 3 से 4 किमी दूर फतहाबाद क्षेत्र में OYO होटल विकास इन के पीछे अर्धनग्न और ज़ख्मी हालत में औंधे मुंह पड़ी मिली।
युवती पर नज़र पड़ने के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत 108 एंबुलेंस सेवा पर फोन किया। लेकिन, युवती के मानसिक बीमार प्रतीत होने की बात सुनते ही दूसरी तरफ से लाइन काट दी गई। दोबारा कॉल करने पर, उन्हें टका सा जवाब मिला कि एंबुलेंस तभी भेजी जा सकती है जब अस्पताल से रेफर का पर्चा बन जाए।
इस संवेदनहीनता से नाराज स्थानीय लोगों ने तत्काल जिला प्रशासन को सूचना दी। प्रशासन के हस्तक्षेप के बाद, करीब 12 बजे एंबुलेंस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी और समय पर इलाज न मिलने से युवती की मौत हो चुकी थी। स्थानीय लोगों का मानना है कि यदि 108 एंबुलेंस समय से पहुंच जाती, तो उसकी जान बचाई जा सकती थी।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने उलझाई गुत्थी, पुलिस की टीमें जांच में जुटीं
पहले जहां मानसिक बीमार युवती के किसी वाहन से टकरा कर ज़ख्मी होने की आशंका जताई जा रही थी वही अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट में युवती के सिर और निजी अंगों पर चोट के निशान मिलने से यह मामला और भी गंभीर हो गया है। पीएम रिपोर्ट दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका को बल दे रही है।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर, शहर कोतवाली की तीन टीमों के अलावा क्राइम ब्रांच, स्वाट और सर्विलांस टीमें भी इस मामले की जांच में लगाई गई हैं। ये टीमें कर्बला से लेकर घटनास्थल फतहाबाद तक लगे 200 से ज़्यादा सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाल रही हैं। हालांकि, अब तक की फुटेज में युवती अकेले ही भटकती हुई दिख रही है, जिससे उस रात उसके साथ क्या हुआ, इसका पता नहीं चल सका है। पुलिस ने जांच के लिए कई मोबाइल नंबरों को भी आधार बनाया है और 11 संदिग्ध लोगों से पूछताछ भी कर रही है।
मेले में मां से बिछड़ने के बाद युवती फतहाबाद तक कैसे पहुंची और वहां उसके साथ ये बर्बरता किसने किया, ये ऐसे सवाल हैं जिनके जवाब आज नहीं तो कल पुलिस तलाश कर वहशी दरिंदें को उसके अंजाम तक पहुंचा ही देगी। लेकिन इस घटना ने एक बार फिर आपातकालीन सेवाओं की तत्परता और महिलाओं, विशेषकर मानसिक रूप से कमजोर महिलाओं व युवतियों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
रिपोर्ट – कामरान अल्वी
यह भी पढ़ें : लखनऊ के लूलू मॉल में सनसनीखेज मामला: कैश सुपरवाइजर पर दुष्कर्म, ब्लैकमेलिंग और धर्मांतरण का आरोप; गिरफ्तार
यह भी पढ़ें : राजस्थान के रतनगढ़ में भारतीय वायुसेना का जगुआर विमान क्रैश, दोनों पायलट शहीद
Author: Barabanki Express
शहर की हर गली से लेकर राजनीतिक गलियारों तक, शिक्षा से लेकर स्वास्थ्य तक, और अपराध से लेकर समाज सेवा तक – बाराबंकी एक्सप्रेस लेकर आता है पल-पल की सच्ची और विश्वसनीय ख़बरें। हमारा मिशन है, आपकी आवाज़ बनना, आपकी समस्याओं को उठाना और आपको अपने शहर के हर पहलू से अवगत कराना। ज़मीनी रिपोर्टिंग और निष्पक्ष पत्रकारिता के साथ, बाराबंकी एक्सप्रेस है आपकी जानकारी का सच्चा साथी।
1,519
















