Barabanki: नहीं मिली 108 एंबुलेंस, OYO होटल के पीछे तड़प-तड़प कर हुई मानसिक विक्षिप्त महिला की मौत

 


बाराबंकी, यूपी।
जिले की शहर कोतवाली इलाके के फतहाबाद में आज सुबह संवेदनहीनता और लचर व्यवस्था की एक दर्दनाक तस्वीर सामने आई। ओयो होटल विकास इन के पीछे एक खेत में करीब 40 साल की एक मानसिक विक्षिप्त महिला घायल अवस्था में पड़ी मिली, लेकिन 108 एंबुलेंस सेवा की संवेदनहीनता के चलते समय पर मदद न मिल पाने के कारण उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय पर उपचार मिल जाता तो शायद महिला की जान बचाई जा सकती थी।
सोमवार सुबह करीब 9:30 बजे स्थानीय लोगों ने इस असहाय महिला को खेत में पड़ा देखा। उन्होंने तुरंत मोहल्ले में रहने वाले अधिवक्ता अजय सिंह वर्मा को इसकी जानकारी दी। इंसानियत के नाते, अधिवक्ता ने महिला के इलाज के लिए फौरन 108 एंबुलेंस सेवा पर फोन किया। मगर, जैसे ही उन्होंने बताया कि महिला मानसिक विक्षिप्त है, एंबुलेंस ऑपरेटर ने कॉल काट दी। दोबारा कॉल करने पर उन्हें चौंकाने वाला जवाब मिला: एंबुलेंस तभी भेजी जाएगी जब अस्पताल से ‘रेफर का पर्चा’ बनवा लिया जाएगा।
108 एंबुलेंस सेवा की इस असंवेदनशील प्रतिक्रिया से निराश होकर, स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन को महिला के बारे में सूचित किया। इस पूरी जद्दोजहद में दोपहर के करीब 12 बज गए, और आखिरकार जब एंबुलेंस मौके पर पहुंची, तब तक बहुत देर हो चुकी थी – महिला की मौत हो चुकी थी।
महिला की मौत की खबर मिलते ही, बड़ेल चौकी के उपनिरीक्षक अपनी टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने पंचनामे की कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
शिनाख्त और जांच में जुटी पुलिस:
स्थानीय लोगों के मुताबिक, इस महिला को पहले कभी उस इलाके में नहीं देखा गया था। ऐसे में, वह वहां कैसे और किन परिस्थितियों में पहुंची, इसे लेकर भी पुलिस गहनता से जांच-पड़ताल कर रही है। महिला की पहचान के लिए उसकी तस्वीरें आसपास के सभी थानों में भेजी गई हैं। पुलिस का कहना है कि महिला की शिनाख्त के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।
यह घटना स्वास्थ्य सेवाओं की कार्यप्रणाली और असहाय लोगों के प्रति सामाजिक व प्रशासनिक जवाबदेही पर गंभीर सवाल खड़े करती है।
रिपोर्ट – मंसूफ अहमद

यह भी पढ़ें : Lucknow: फर्जी NSG कमांडो गिरफ्तार, इटली मेड ऑटोमेटिक पिस्टल, वायरलेस हैंडसेट समेत जाली दस्तावेज बरामद; पुलिस पर भी रौब गालिब करने का किया प्रयास

यह भी पढ़ें : UP News: अपर उपजिलाधिकारी के अर्दली का आपत्तिजनक वीडियो वायरल होने से मचा भूचाल, DM ने निलंबित कर जांच के दिए आदेश… Video

Barabanki Express
Author: Barabanki Express

शहर की हर गली से लेकर राजनीतिक गलियारों तक, शिक्षा से लेकर स्वास्थ्य तक, और अपराध से लेकर समाज सेवा तक – बाराबंकी एक्सप्रेस लेकर आता है पल-पल की सच्ची और विश्वसनीय ख़बरें। हमारा मिशन है, आपकी आवाज़ बनना, आपकी समस्याओं को उठाना और आपको अपने शहर के हर पहलू से अवगत कराना। ज़मीनी रिपोर्टिंग और निष्पक्ष पत्रकारिता के साथ, बाराबंकी एक्सप्रेस है आपकी जानकारी का सच्चा साथी।

यह भी पढ़ें  Barabanki: अधीक्षण अभियंता ने बिजली बिल राहत योजना का किया शुभारंभ, ₹5.85 लाख राजस्व वसूली; 2 बकायेदारों के काटे कनेक्शन

और पढ़ें

error: Content is protected !!