बाराबंकी।
विधानसभा क्षेत्र जैदपुर की न्याय पंचायत शरीफाबाद के ग्राम सहेलिया में पूर्व प्रधान शिव बरन यादव द्वारा आयोजित होली मिलन समारोह में इण्डिया गठबन्धन के प्रत्याशी तनुज पुनिया के साथ पहुंचे सदर विधानसभा के सपा विधायक सुरेश यादव ने भाजपा पर कड़े प्रहार किये। इसके बाद उन्होंने जनसंपर्क करते हुए समर्थको से इंडिया गठबंधन प्रत्याशी के तनुज पुनिया को जिताने की अपील भी करी।
भाजपा को आड़े हाथों लेते हुए सदर विधायक सुरेश यादव ने कहा कि “लोकसभा 2024 का आम चुनाव जनता की वोट की ताकत से देश से निरंकुश भाजपा सरकार को हटाने का है। जब यह सरकार सत्ता से हटेगी तभी देश में संविधान और लोकतन्त्र सुरक्षित रहेगा। आप सभी के सहयोग से इण्डिया गठबन्धन का प्रत्याशी भाजपा को हराकर ऐतिहासिक जीत दर्ज कर रहा है मैं आपको रंगों के पर्व होली की बधाई देने तथा आप से अनुरोध करने आया हूँ कि अपने परिवार एवं देश के भविष्य के लिये चुनाव के इस महापर्व में इण्डिया गठबन्धन के प्रत्याशी तनुज पुनिया को जिताने में सहभागी बनें।

स्थानीय आवाम को होली के महापर्व की बधाई देते हुए इण्डिया गठबन्धन के प्रत्याशी तनुज पुनिया ने कहा कि संसदीय क्षेत्र बाराबंकी हमारे परिवार की राजनैतिक कर्मभूमि है। आपने हमें और हमारे परिवार को जितना प्यार दिया है वह कभी भुलाया नहीं जा सकता है। आपके आशीर्वाद से सांसद बनने के बाद हमारे पिता पीएल पुनिया जी ने जो विकास का रथ चलाया था वह भाजपा की पिछली 10 साल की सरकार में रूक गया है। भाजपा सरकार का 2 करोड़ नौकरी, 15 लाख रूपये देने, बेटी बचाओं बेटी पढ़ाओ और ना खाऊँगा न खाने दूँगा का नारा झूठा निकला है। नौजवान नौकरी की लालसा में सड़क पर डिग्री लेकर घूम रहा है। विदेश में जमा कालेधन का एक भी पैसा किसी के खाते में नहीं आया। यहां बेटियाँ सुरक्षित नहीं है।
तनुज पुनिया ने आगे कहा कि आजाद भारत का सबसे बड़ा चुनावी चंदा बांड घोटाला आपके सामने है। अब आपको इनके झूठे वादे, हसीन सपनों के मायाजाल से निकलना है और उसका सही वक्त 2024 का आम चुनाव है। आप भाजपा सरकार के झूठे वादों का हिसाब अपनी वोट की ताकत से इन्हें सत्ता से बेदखल करके दें। तनुज पुनिया ने स्थानीय आवाम से निवेदन करते हुये कहा कि समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव जी तथा जननायक राहुल गाँधी जी के आर्शीवाद से मैं इण्डिया गठबन्घन का प्रत्याशी बनकर आपसे ई०वी०एम० मशीन पर हाथ के पंजे वाला बटन दबाकर भाजपा को करारी शिकस्त देने का अनुरोध करने आया हूँं।

होली मिलन समारोह एवं जनसम्पर्क समारोह में मुख्य रूप से सदर विधायक धर्मराज यादव उर्फ सुरेश यादव, इण्डिया गठबन्धन प्रत्याशी तनुज पुनिया, राम नरेश वर्मा, सुरेश गौतम प्रीतम सिंह मो० सबाह, वीरेन्द्र प्रताप यादव, जीतेन्द्र यादव, हरिनाथ यादव, आफॉक अली प्रदीप यादव, राम कैलाश यादव, लायकराम यादव ज्ञानेन्द्र यादव, जगमोहन रावत, विजय यादव, के०सी०श्रीवास्तव, विजय पाल गौतम सहित सैंकड़ों की संख्या में स्थानीय आवाम मौजूद थी।
यह भी पढ़े : Barabanki News: नहर में 25 वर्षीय अज्ञात युवती का शव मिलने से मचा हड़कंप, ग्रामीण हत्या की जता रहे आशंका
रिपोर्ट – मन्सूफ अहमद


Author: Barabanki Express
शहर की हर गली से लेकर राजनीतिक गलियारों तक, शिक्षा से लेकर स्वास्थ्य तक, और अपराध से लेकर समाज सेवा तक – बाराबंकी एक्सप्रेस लेकर आता है पल-पल की सच्ची और विश्वसनीय ख़बरें। हमारा मिशन है, आपकी आवाज़ बनना, आपकी समस्याओं को उठाना और आपको अपने शहर के हर पहलू से अवगत कराना। ज़मीनी रिपोर्टिंग और निष्पक्ष पत्रकारिता के साथ, बाराबंकी एक्सप्रेस है आपकी जानकारी का सच्चा साथी।
753















