Barabanki:
बाराबंकी के लोनी कटरा क्षेत्र में जानलेवा हमलें की शिकायत लेकर थाने जा रहे युवक की बोलेरो से टक्कर लगने से मौत। हादसे से गांव में कोहराम, पुलिस ने बोलेरो जब्त कर CCTV फुटेज से जांच शुरू की।

बाराबंकी, उत्तर प्रदेश।
ज़िले के लोनी कटरा थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। जानलेवा हमले की शिकायत लेकर थाने जा रहे युवक की आर15 बाइक को तेज़ रफ्तार बोलेरो गाड़ी ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे आनन-फानन में अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद से मृतक के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।
मारपीट के बाद जा रहा था थाने, रास्ते में हुआ हादसा
मिली जानकारी के अनुसार, लोनी कटरा थाना क्षेत्र के इलियासपुर गांव निवासी सुरेश वर्मा ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 21 अक्टूबर 2025 को दोपहर करीब 12 बजे उनके पुत्र आदित्य वर्मा उर्फ सालू (25 वर्ष) पर साकेत वर्मा उर्फ बबलू, शिवम (निवासी लदई का पुरवा) व दो अज्ञात युवकों ने दहिला शराब ठेके के सामने लाठी-डंडों से जानलेवा हमला किया।

हमले के बाद आदित्य किसी तरह वहां से बचकर कही छिप गया और कुछ समय बाद घटना की शिकायत दर्ज कराने लोनी कटरा थाने के लिए रवाना हुआ।
लेकिन रास्ते में ही दहिला डेयरी के सामने रोड क्रॉस करते समय बोलेरो गाड़ी (नंबर UP 35 AL 2435) ने उसकी आर15 बाइक में ज़ोरदार टक्कर मार दी। हादसे में आदित्य गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल युवक को त्रिवेदीगंज सीएचसी पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने बोलेरो जब्त की, CCTV फुटेज खंगाल रही
मृतक के पिता सुरेश वर्मा ने पुलिस से हमलावरों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। लोनी कटरा थाना पुलिस ने दुर्घटना में शामिल बोलेरो गाड़ी को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस अब देसी शराब ठेके की CCTV फुटेज खंगाल रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि यह हादसा महज संयोग था या किसी साजिश के तहत किया गया।
गांव में मातम, लोगों में आक्रोश
इस दर्दनाक हादसे की खबर फैलते ही इलियासपुर गांव में शोक की लहर दौड़ गई। गांव के लोग इस घटना को सुनियोजित हमला बताते हुए दोषियों की कड़ी से कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
रिपोर्ट – मंसूफ अहमद
यह भी पढ़ें..
-
Barabanki: गुंडागर्दी से नाराज़ स्थानीय लोगों ने सपा नेता और गुर्गों की जमकर की धुनाई, घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल
-
UP News: 35 लाख का लोन पास कराने बैंक पहुंची ‘जज’ साहिबा — कागज़ देख ठनका बैंक मैनेजर का माथा, फिर एक फोन कॉल और….
-
Barabanki: 5 साल से नाबालिग को डरा धमकाकर अप्राकृतिक दुष्कर्म करने वाला जिला अस्पताल का कर्मचारी गिरफ्तार, POCSO समेत कई गंभीर धाराओं में केस दर्ज
-
Barabanki: आरएसएस के कैंपों में बच्चों के यौन शोषण के आरोपों से हड़कंप, युवा कांग्रेस ने की RSS पर प्रतिबंध की मांग — प्रदर्शन कर फूंका पुतला
Author: Barabanki Express
शहर की हर गली से लेकर राजनीतिक गलियारों तक, शिक्षा से लेकर स्वास्थ्य तक, और अपराध से लेकर समाज सेवा तक – बाराबंकी एक्सप्रेस लेकर आता है पल-पल की सच्ची और विश्वसनीय ख़बरें। हमारा मिशन है, आपकी आवाज़ बनना, आपकी समस्याओं को उठाना और आपको अपने शहर के हर पहलू से अवगत कराना। ज़मीनी रिपोर्टिंग और निष्पक्ष पत्रकारिता के साथ, बाराबंकी एक्सप्रेस है आपकी जानकारी का सच्चा साथी।
















