Barabanki: पुलिस और वन विभाग की संयुक्त टीम ने मारा छापा, भारी तादाद में शीशम की अवैध लकड़ी बरामद, ग्राम प्रधान के ख़िलाफ़ मुकदमा दर्ज

Barabanki:

बाराबंकी के बदोसराय इलाके में पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर छापा मारकर शीशम की लकड़ी के 145 बोटे बरामद किए है। इस सम्बन्ध में पुलिस ने ग्राम प्रधान के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही है। पढ़ें पूरी खबर विस्तार से

Barabanki

बाराबंकी, उत्तर प्रदेश।

ज़िले की बदोसराय कोतवाली इलाके में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां पुलिस ने शीशम की लकड़ी के 145 अवैध बोटे बरामद किए हैं। मुखबिर की सूचना पर की गई इस कार्रवाई के बाद ग्राम प्रधान विनोद कुमार वर्मा उर्फ गुड्डू के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

जानकारी के मुताबिक बदोसराय कोतवाली के उपनिरीक्षक सुरेश कुमार अपनी टीम में शामिल एसआई सालिक राय, हेड कांस्टेबल रमेश मौर्या और हेड कांस्टेबल बलिकरण के साथ गश्त कर रहे थे। पंजरौली चौराहे पर उन्हें मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम पंचरौली के किनारे, धान की भूसी के गोदाम और खलिहान के पास बड़ी मात्रा में शीशम के अवैध बोटे रखे हुए हैं।

 

वन विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने मारा छापा 

सूचना पर उप क्षेत्रीय वन अधिकारी मनोज कुमार यादव और बीट प्रभारी मुन्ना यादव के साथ पुलिस मौके पर पहुंची, जहां खलिहान की जमीन पर शीशम के 145 बोटे पाए गए। प्रारंभिक जांच पड़ताल में पता चला कि यह लकड़ी हातापुरवा मजरे पंजरौली निवासी ग्राम प्रधान विनोद कुमार वर्मा उर्फ गुड्डू पुत्र रामानन्द की है।

 

वैध दस्तावेज नहीं दिखा सका ग्राम प्रधान 

पुलिस ने ग्राम प्रधान को उनके मोबाइल नंबर पर सूचित कर मौके पर बुलाया। मौके पर पहुंचे ग्राम प्रधान ने स्वीकार किया कि लकड़ी उन्होंने ही कटवाई है, लेकिन जब उनसे लकड़ी से संबंधित वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा तो विनोद कुमार वर्मा कोई वैध प्रपत्र प्रस्तुत नहीं कर सके।

यह भी पढ़ें  Barabanki: एसडीओ के नेतृत्व में कैंप का आयोजन, 25 उपभोक्ताओं ने कराया पंजीकरण; ₹1.5 लाख राजस्व की हुई वसूली

 

चकमा देकर फरार हुआ ग्राम प्रधान 

दस्तावेज घर से लाने की बात कह कर ग्राम प्रधान विनोद वर्मा मौके से चले गए, लेकिन काफी समय बीत जाने के बाद भी वह वापस नहीं आए और उन्होंने अपना मोबाइल फोन भी बंद कर लिया। जिसके बाद पुलिस व वन विभाग की टीम ने वैध प्रपत्रों के अभाव में नियमानुसार सभी 145 बोटे कब्जे में ले लिए।

मौके पर बरामद लकड़ी को थाने ले जाने के लिए कोई संसाधन उपलब्ध न होने के कारण, गवाहों रामू पुत्र झगडू निवासी तूलीपुर मजरे पंजरौली और शेष कुमार वर्मा पुत्र सालिकराम निवासी पंजरौली की उपस्थिति में मो. कलाम पुत्र स्व. अब्दुल सलाम निवासी शहरी, थाना बदोसराय की सुपुर्दगी में दे दिया गया।

 

ग्राम प्रधान के खिलाफ दर्ज हुआ मुकदमा 

पुलिस ने ग्राम प्रधान विनोद कुमार वर्मा के खिलाफ अवैध वृक्ष संरक्षण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। इस संबंध में रामनगर क्षेत्राधिकारी गरिमा पंत ने बताया कि बदोसराय कोतवाली में मुकदमा दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है।

रिपोर्ट – आफताब अहमद 

यह भी पढ़ें..

Barabanki Express
Author: Barabanki Express

शहर की हर गली से लेकर राजनीतिक गलियारों तक, शिक्षा से लेकर स्वास्थ्य तक, और अपराध से लेकर समाज सेवा तक – बाराबंकी एक्सप्रेस लेकर आता है पल-पल की सच्ची और विश्वसनीय ख़बरें। हमारा मिशन है, आपकी आवाज़ बनना, आपकी समस्याओं को उठाना और आपको अपने शहर के हर पहलू से अवगत कराना। ज़मीनी रिपोर्टिंग और निष्पक्ष पत्रकारिता के साथ, बाराबंकी एक्सप्रेस है आपकी जानकारी का सच्चा साथी।

यह भी पढ़ें  Barabanki: दबंगों ने लोहे की रॉड से हमला कर फोड़ा दूल्हे का सिर, भांजी से छेड़छाड़ का किया था विरोध, बहन और जीजा को भी पीटा, केस दर्ज

और पढ़ें

error: Content is protected !!